लाखों तीर्थयात्री मोक्ष की कामना लिए गंगासागर में लगाएंगे पुण्य डुबकी, जानें क्या है समय

गंगासागर, BNM News : पतित पावनी गंगा और सिंधु नरेश के मिलन स्थल पर सोमवार को मकर संक्रांति के पावन अवसर पर लाखों तीर्थयात्री मोक्ष की कामना लिए पुण्य डुबकी लगाएंगे। भारी तकलीफें उठाकर देश-दुनिया के सुदूर क्षेत्रों से गंगासागर पहुंचे तीर्थयात्री अब सूर्यदेव के मकर राशि में प्रवेश करने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इस बीच गंगासागर मेले के आयोजन का दायित्व प्राप्त बंगाल के खेल मंत्री अरूप विश्वास ने रविवार दोपहर 12 बजे तक लगभग 65 लाख लोगों के पुण्य स्नान कर लेने का दावा किया है। मकर संक्रांति के स्नान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। कपिल मुनि मंदिर से लेकर सागर तट तक सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। नौसेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और तटरक्षी बल के जवानों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है। पुलिस कर्मियों की संख्या बढाकर 14,000 कर दी गई है। इसके अलावा आपदा प्रबंधन व सिविल डिफेंस के 2,400 जवान भी मोर्चा संभाले हुए हैं। पुण्य स्नान के दौरान 1,150 सीसीटीवी कैमरों से गंगासागर के चप्पे-चप्पे पर कड़ी नजर रखी जाएगी। भीड़ को संभालने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग कर दी गई है। कपिल मुनि मंदिर के पुरोहित मकर संक्रांति पर विशेष पूजा-अर्चना की तैयारियों में जुटे हुए हैं। सागर तट पर गोदान करने वाले पंडितों का जमावड़ा लग गया है। नगा संन्यासियों ने भी डेरा डाल रखा है।

पुण्य स्नान का समय

कपिल मुनि मंदिर के महंत ज्ञान दास जी महाराज के उत्तराधिकारी संजय दास के अनुसार पुण्य स्नान की अवधि 15 जनवरी को प्रात: 9.13 बजे से रात 12 बजे तक की है, हालांकि इसका प्रभाव आठ घंटे पहले से शुरू होकर 16 घंटे बाद तक बना रहेगा।

गंगासागर आ रहे दो तीर्थयात्रियों की मौत

पुण्य स्नान करने गंगासागर आ रहे दो यात्रियों की रास्ते में मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त मोहन लाल प्रजापत (59) और चंद्रपाल (51) के रूप में हुई है। मोहन लाल राजस्थान और चंद्रपाल दिल्ली के रहने वाले थे।

तीन और तीर्थयात्रियों को एयर एंबुलेंस से अस्पतालों में भेजा गया

 

गंगासागर में बीमार पड़े तीन और तीर्थयात्रियों को रविवार को एयर एंबुलेंस से कोलकाता के अस्पतालों में भेजा गया है। उनके नाम बृजलाल (48), मन नारायण मेहता (60) औऱ भूपेंदर कुमार (37) हैं। बृजलाल उत्तर प्रदेश के सीतापुर, मन नारायण झारखंड के रामगढ औऱ भूपेंदर बिहार के रहने वाले हैं। अब तक सात तीर्थयात्रियों को एयरलिफ्ट करके कोलकाता के अस्पतालों में भेजा जा चुका है।

पुरी के शंकराचार्य करेंगे शाही स्नान

 

पुरी पीठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज रविवार प्रात: आठ बजे अपने 500 अनुयायियों के साथ शाही स्नान करेंगे। राज्य के अग्निशमन मंत्री सुजीत बोस, कृषि मंत्री शोभनदेव चट्टोपाध्याय समेत कई मंत्री, प्रशासन व पुलिस के शीर्ष अधिकारियों समेत कई वीवीआइपी भी पुण्य डुबकी लगाएंगे।

 

 

You may have missed