Global Business Summit 2024: वैश्विक निवेशकों के लिए शीर्ष पसंद बना हरियाणा: मनोहर लाल

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Global Business Summit 2024: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश की लाभप्रद भौगोलिक स्थिति, प्रगतिशील नीतियों और मजबूत बुनियादी ढांचे के कारण आज हरियाणा वैश्विक निवेशकों के लिए शीर्ष पसंद बन गया है। इज ऑफ डूइंग बिजनेस में प्रदेश की लगातार बेहतरीन रैंकिंग और लोकेशन एडवांटेज के चलते जापानी सहित अन्य मल्टीनेशनल कंपनियां हरियाणा में निवेश करने के लिए लगातार रूचि दिखा रही हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित ग्लोबल बिजनेस समिट में बोल रहे थे।
उद्योगों के लिए हमारे यहां स्किल्ड लेबर फोर्स उपलब्ध
उन्होंने कहा कि 500 फॉर्चून कंपनी में से 400 कंपनी के ऑफिस गुरुग्राम में पहले से ही स्थापित है। 50 बड़ी जापानी कंपनियों के साथ हाल ही में हमने अपने रिलेशंस बढ़ाने के लिए एक सफल सेमिनार भी आयोजित किया है। मेगा प्रोजेक्ट की स्थापना के लिए कई प्रकार की रियायत देने के साथ साथ उद्योगों के लिए स्किल्ड लेबर फोर्स भी यहां उपलब्ध है। गुरुग्राम के पास का फरीदाबाद, पलवल, झज्जर, रेवाड़ी, सोनीपत सहित अन्य एनसीआर एरिया आज इन्वेस्टमेंट के लिए प्रीफर्ड डेस्टिनेशन अर्थात् पहली पसंद बन चुका है।
करप्शन, क्राइम, और कास्ट बेस्ड पॉलिटिक्स को जड़ से उखाड़ फेंका
मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीति, नियत और उनके नेतृत्व का अनुसरण करते हुए 2014 में हरियाणा प्रदेश में सत्ता की बागडोर संभालने के बाद शासन को सेवा मानते हुए थ्री ‘सी’ – करप्शन, क्राइम, और कास्ट बेस्ड पॉलिटिक्स को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए लगातार सफल कार्य किया जा रहा है। सरकारी नौकरियों में पारदर्शिता के साथ मिशन मेरिट की अवधारणा को लागू किया। डिजिटाइजेशन का उपयोग कर हमने सरकारी सर्विसेज को डोर टू डोर डिलीवर करने की दिशा में सफल कार्य किया है।
हरियाणा को राम राज्य की तरफ लेकर जाएंगे
उन्होंने कहा कि अभी भी बहुत कुछ करना शेष है। हम विरासत में मिली सभी गलत व्यवस्थों को समाप्त करते हुए हरियाणा प्रदेश को राम राज्य की तरफ लेकर जाएंगे। हरियाणा को विकासोन्मुख प्रदेश बताते हुए मनोहर लाल ने कहा कि हरियाणा प्रदेश की आबादी देश की आबादी का मात्र 2 प्रतिशत और एरिया 1.3 प्रतिशत है, फिर भी आज जीएसडीपी में प्रदेश का योगदान 3.69 प्रतिशत है। आने वाले 4-5 वर्षों में यह आंकड़ा 4 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि हमारा एक्सपोर्ट बढ़ रहा है, हमारी इंडस्ट्री बढ़ रही है, हमारा अपॉइंटमेंट बढ़ रहा है और हमारे टैक्स कलेक्शन भी बढ़ रहा है। जीएसटी कलेक्शन में बड़े राज्यों में आज हरियाणा राज्य नंबर एक पायदान पर आया है। उन्होंने कहा कि किसानों की चिंताओं को खत्म करने के लिए ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ सहित अन्य कल्याणकारी योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है। किसान की फसल का पैसा सीधे उसके खाते में प्रदान किया जा रहा है, जिससे किसान लखपति बन गया है।
घर बैठे ही सभी सरकारी योजनाओं का लाभ
हरियाणा प्रदेश की अनूठी परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) योजना का उल्लेख करते हुए मनोहर लाल ने बताया कि पीपीपी के कारण आज पात्र लोगों को घर बैठे ही सभी सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। पीपीपी को ‘गवर्नमेंट टू डोर स्टेप’ बताते हुए उन्होंने कहा कि आज वर्तमान सरकार नीड बेस्ट एक्शन लेकर लोगों की आवश्यकताओं को पूरा कर रही है। इससे प्रदेश के गरीब परिवारों की चिंता खत्म हो गई और वंचितों को बहुत लाभ मिल रहे हैं।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन