Gurugram News : सात साल के बच्चे की 18 बार चाकू घोंपकर हत्या, पुलिस ने इस पर जताया शक

नरेन्द्र सहारण, पटौदी/तावडू (गुरुग्राम): Gurugram News : गुरुग्राम जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के कलवाड़ी गांव में कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे के किनारे सात वर्षीय बच्चे की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपित ने बच्चे के शरीर पर 18 बार चाकू से वार किए। रविवार सुबह ग्रामीणों ने बच्चे का खून से लथपथ शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। झाड़ियों में पड़े शव के पास से एक चाकू भी बरामद किया गया। बच्चे के स्वजन ने हत्या का आरोप पड़ोस में ही रहने वाले 15 वर्षीय किशोर पर लगाया है। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार सात वर्षीय आशीष कुछ महीनों से अपने परिवार के साथ फतेहपुर गांव में किराये पर रह रहा था। उसके परिवार में पिता कमल, मां माया और एक छोटी बहन भी हैं। आशीष
शनिवार रात आठ बजे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। स्वजन ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। बिलासपुर थाना पुलिस और ग्रामीण आसपास गांवों में रातभर बच्चे की तलाश करते रहे। रविवार सुबह करीब नौ बजे कलवाड़ी के ग्रामीण जब घूमने निकले तो उन्हें केएमपी के किनारे झाड़ियों के समीप बच्चे का शव दिखा। मौके पर पहुंचे एसीपी बिलासपुर सुखबीर, बिलासपुर थाना प्रभारी दिलबाग सिंह और नूंह के मोहम्मदपुर अहीर थाना प्रभारी शीशराम ने मामले की जांच शुरू की।
फोन चोरी की बात बताने पर रंजिश रखने का शक
प्रारंभिक जांच में पता चला कि आशीष का परिवार मूलरूप से राजस्थान के अलवर के पलकारी गांव का रहने वाला है। पिता कमल पथरेड़ी की एक डिलीवरी कंपनी में काम करते हैं। कमल की पत्नी माया भी पथरेड़ी में ही दूसरी कंपनी में काम करती हैं। कमल ने बिलासपुर थाने में दर्ज कराई एफआइआर में बताया कि माया सुबह की शिफ्ट में काम करती हैं और वह रात की शिफ्ट में ड्यूटी पर जाते हैं। शाम सात बजे जब वह ड्यूटी के लिए निकले तो आशीष घर के बाहर पड़ोस में रहने वाले 15 वर्षीय किशोर के साथ बैठा था।
इस दौरान आशीष ने कहा कि वह बाहर खेलने जा रहा है। इसके बाद कमल ड्यूटी पर चले गए। रात आठ बजे मां माया आईं तो उन्हें घर में आशीष नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद सुबह उसका शव पाया गया। कमल ने पड़ोसी किशोर पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि करीब दो महीने पहले उनका फोन चोरी हो गया था। आशीष ने फोन चोरी करते हुए किशोर को देख लिया था। कमल ने अपना फोन उससे वापस ले लिया और उसके पिता को जानकारी दी। पिता ने किशोर को पीटा भी था। आशंका है कि शायद इसी रंजिश में उसने आशीष की हत्या की है।
फोन मिलने के बाद पिस्टल दिखाकर धमकी देने का आरोप
पिता कमल ने यह भी आरोप लगाया कि किशोर से फोन वापस लेने के कुछ दिन बाद उसने अकेला पाकर आशीष को पिस्टल दिखाई थी। साथ में धमकी भी दी थी। यह बात खुद आशीष ने उन्हें बताई थी। हालांकि पिस्टल असली थी या नकली, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
परिवार के साथ आशीष को ढूंढता रहा किशोर
ग्रामीणों ने बताया कि जब रात दस बजे बाद भी आशीष नहीं लौटा तो मां माया और गांव के अन्य लोग उसकी खोजबीन करने में जुट गए। किशोर भी ग्रामीणों के साथ बच्चे की खोज कर रहा था। रविवार सुबह आशीष का शव घर से करीब चार किलोमीटर दूर से बरामद किया गया। फिलहाल किशोर और उसके स्वजन से पूछताछ की जा रही है। एसीपी बिलासपुर सुखबीर ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के हवाले कर दिया गया है।