Happy New Year 2024: दिल्ली- एनसीआर से लेकर मुंबई तक नए साल का ग्रैंड वेलकम

नई दिल्ली, BNM News: Happy New Year 2024: देश ने नए साल 2024 का दिल खोलकर जोरदार स्वागत किया है। देश के अलग-अलग राज्यों में नए साल का जोरदार स्वागत किया गया। लोगों ने घरों से बाहर निकलकर अपने दोस्तों और परिवारवालों के साथ न्यू ईयर सेलिब्रेट किया।
मुंबई और दिल्ली- एनसीआर में नए साल के स्वागत के लिए जगह-जगह पर डीजे पार्टी का आयोजन किया गया। लोग देर रात डांस करते नजर आए।
नए साल के स्वागत को लेकर जोरदार जश्न
नोएडा की अधिकांश सोसायटियों में 2024 के स्वागत को लेकर डांस पार्टी का आयोजन हुआ। लोग फिल्मी गानों पर थिरकते नजर आए। बच्चों ने भी खूब इन्जॉय किया।
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई, राजस्थान, मध्य प्रदेश समेत देश के सभी राज्यों में नए साल के स्वागत को लेकर जोरदार जश्न चल रहा है। मॉल, पब और क्लबों में भी जमकर पार्टी हो रही है। इस बार 30 और 31 दिसंबर को वीकेंड के अलावा 1 जनवरी को नया साल होने की वजह से 3 दिन की छुटि्टयां हैं। लोग बीच पार्टी के लिए गोवा का रुख कर चुके हैं। मुंबई, बेंगलुरु, दिल्ली, गुरुग्राम और कोलकाता जैसे शहरों में नाइट पार्टी की तैयारी है।
दो दिन में हिमाचल पहुंचे 3.75 लाख पर्यटक
पिछले 2 दिन में नववर्ष मनाने के लिए हिमाचल में पर्यटनस्थलों में 3.75 लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे हैं। कसौली, चायल, शिमला, कुफरी, नारकंडा में सभी जगह होटलों में कोई भी कमरा खाली नहीं था। होम स्टे में भी लोगों को ठहरने के लिए कमरे नहीं मिल रहे थे। अटल रोहतांग सुरंग के दूसरे छोर पर स्नो प्वाइंट में आज 30 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे।
वर्ष के अंत में हिमाचल के देवी मंदिरों चिंतपूर्णी, नयनादेवी, ज्वालामुखी, बज्रेश्वरी देवी, बगलामुखी व चामुंडाजी में भी हजारों श्रद्धालुओं ने माथा टेका और नए साल में खुशहाली की कामना की। शिमला व मैक्लोडगंज के होटल पैक हैं जबकि कसौली और डलहौजी में 90 प्रतिशत आक्यूपेंसी। मनाली में क्रिसमस की तुलना में कम पर्यटक पहुंचे। यहां 75 प्रतिशत आक्यूपेंसी रही। मनाली में यातायात संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि मैक्लोडगंज में जाम से बचने के लिए वनवे ट्रैफिक प्लान लागू किया गया था। शिमला शहर में प्रवेश से पहले शोघी और तारादेवी में 10 मिनट से लेकर 30 मिनट तक पर्यटक वाहन रोके जाते रहे।

 
                                             
                                             
                                             
                                         
                                         
                                         
                                        