Haryana Assembly Election 2024 : आप ने नौ उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की, कल शामिल हुए प्रो. छत्रपाल को भी यहां से टिकट

Sushil Gupta

आप के हरियाणा प्रमुख सुशील गुप्ता

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Assembly Election 2024 : नामांकन की अंतिम तिथि करीब आते ही हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने अपनी दूसरी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। सोमवार को भाजपा छोड़कर पार्टी में शामिल हुए प्रोफेसर छत्रपाल को बरवाला विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। अब तक आप 29 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है।

नई सूची में शामिल उम्मीदवारों के नाम और क्षेत्र

फरीदाबाद: प्रवेश मेहता
तिगांव: अबाश चंदेला
साढौरा: रीता बमनैया
थानेसर: कृष्ण बजाज
इंद्री: हवा सिंह
रतिया: मुख्त्यार सिंह बाजीगर
आदमपुर: एडवोकेट भूपेंद्र बेनीवाल
बावल: जवाहर लाल


आप और कांग्रेस का गठबंधन टूटा

 

कांग्रेस और आप के बीच पिछले पांच दिनों से गठबंधन को लेकर बातचीत चल रही थी। कांग्रेस की ओर से दीपक बाबरिया और आप के राघव चड्ढा के बीच वार्ता हो रही थी। सूत्रों के मुताबिक, आप 10 से ज्यादा सीटों की मांग कर रही थी, लेकिन कांग्रेस तीन से ज्यादा सीटें देने के लिए तैयार नहीं थी।

आप प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने सोमवार को कांग्रेस को अल्टीमेटम दिया कि यदि गठबंधन पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया, तो पार्टी शाम तक अपनी उम्मीदवारों की सूची जारी कर देगी। आप के नेताओं का कहना है कि वे कई महीनों से राज्य में चुनाव की तैयारी कर रहे हैं और कई नेताओं को चुनाव लड़ने के लिए तैयार कर चुके हैं। लेकिन कांग्रेस गठबंधन को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है।

गठबंधन की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण आप के उम्मीदवारों में बेचैनी थी, क्योंकि नामांकन की आखिरी तारीख नजदीक आ रही है। इसके बाद, आप ने 20 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि गठबंधन की संभावना नहीं दिख रही है और पार्टी हरियाणा में पूरी तरह से तैयार है।

मुख्त्यार सिंह बाजीगर की उम्मीदवारी

 

हाल ही में भाजपा छोड़ने वाले मुख्त्यार सिंह बाजीगर को रतिया से आम आदमी पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है। 55 वर्षीय बाजीगर, जो पिछले 30 वर्षों से राजनीति में सक्रिय हैं, पहले इनेलो में रहे और 2014 में भाजपा में शामिल हुए। भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं ने रतिया से टिकट के लिए तीन दावेदारों में से एक के रूप में उनका नाम प्रस्तावित किया था। हालांकि, भाजपा ने सुनीता दुग्गल को रतिया से उम्मीदवार घोषित किया, जिसके बाद बाजीगर ने भाजपा छोड़ दी और आप में शामिल हो गए।

रतिया विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है और यहां बाजीगर समाज के करीब 20,000 वोट हैं। 2019 के चुनाव में, जननायक जनता पार्टी ने इस क्षेत्र से मंजू बाजीगर को उम्मीदवार बनाया था, जिन्होंने 22,000 वोट प्राप्त किए थे। आप ने बाजीगर समाज से संबंध रखने वाले मुख्त्यार सिंह को उम्मीदवार बनाकर, इस क्षेत्र में मजबूत मुकाबले का संकेत दिया है।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed