Haryana Assembly Election 2024:अनिल विज की CM पद पर दावेदारी: कहा- मैं सबसे सीनियर नेता, हरियाणा की तस्वीर बदल दूंगा
नरेन्द सहारण, अंबाला। Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में वरिष्ठ नेता और अंबाला कैंट से भाजपा उम्मीदवार अनिल विज ने खुद को प्रमुख दावेदार के रूप में पेश किया है। रविवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, विज ने अपने विधायक और मंत्री रहते हुए किए गए कामों का बखान किया और मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी की घोषणा की।
विज ने दावा किया कि उनकी वरिष्ठता के कारण वह मुख्यमंत्री बनने का अधिकार रखते हैं। उन्होंने कहा, “मैं पार्टी के भीतर सबसे वरिष्ठ नेता हूं। पार्टी मुझे मौका देती है या नहीं, यह उनका निर्णय होगा।” इससे पहले, गुरुग्राम से सांसद और केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने भी मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की थी।
इस साल की शुरुआत में, गृहमंत्री अमित शाह ने पंचकूला में नायब सैनी को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का चेहरा घोषित किया था। हालांकि, इसके बावजूद कई वरिष्ठ नेता नायब सैनी के नाम से असंतुष्ट दिखे। अनिल विज ने इस संदर्भ में कहा, “मैंने पार्टी से अब तक कोई पद नहीं मांगा, लेकिन आज मैं मुख्यमंत्री बनने का दावा पेश कर रहा हूं। अगर पार्टी ने मुझे मुख्यमंत्री बनाया, तो मैं हरियाणा की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल दूंगा।”
विज की नाराजगी पहले भी जाहिर हो चुकी है। पिछले लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा ने मनोहर लाल को हटाकर नायब सैनी को मुख्यमंत्री बनाया था, जिस पर विज ने नाराजगी व्यक्त की थी। उनकी नाराजगी कई बैठकों में स्पष्ट रूप से देखी गई थी।
अनिल विज हरियाणा भाजपा के सबसे वरिष्ठ नेताओं में से एक हैं। वे अंबाला कैंट से 8 बार चुनाव लड़ चुके हैं और 6 बार विधायक बने हैं। इस बार वे नौवीं बार अंबाला कैंट से चुनावी मैदान में हैं।
साल 2014 में, जब मोदी लहर के साथ भाजपा ने हरियाणा की 90 में से 47 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत प्राप्त किया था, तब रामबिलास शर्मा, अनिल विज और ओमप्रकाश धनखड़ मुख्यमंत्री पद की दौड़ में थे। उस समय चर्चा थी कि भाजपा जाट के बजाय पंजाबी चेहरे को मुख्यमंत्री बनाएगी, जिससे विज की दावेदारी मजबूत हुई। हालांकि, भाजपा ने अचानक पंजाबी बिरादरी से आने वाले पहली बार के विधायक मनोहर लाल का नाम आगे बढ़ा दिया।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन