Haryana Election 2024: केजरीवाल की रिहाई से हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस में किसे होगा फायदा, किसे नुकसान

तिहाड़ जेल से रिहाई के बाद दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल।
नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Assembly Election 2024: दिल्ली के शराब नीति घोटाले में जमानत पर आए आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल को हरियाणा के चुनाव में राजनीति का सजा-सजाया मंच मिल गया है। कुछ दिन आराम के बाद अरविंद केजरीवाल हरियाणा के चुनाव में अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे। उनके जेल से बाहर आने के बाद जहां आम आदमी पार्टी को चुनावी रण में थोड़ी ताकत मिल सकती है, वहीं उनका प्रचार राजनीतिक रूप से कांग्रेस के लिए नुकसानदायक और सत्तारूढ़ भाजपा के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। आम आदमी पार्टी ने उसके फैसले का इंतजार किए बिना ही अपनी तरफ से गठजोड़ तोड़ दिया था, जिसका फायदा भी भाजपा को ही मिलने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता है। कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन की स्थिति में जिस वोट बैंक का नुकसान भाजपा को होता, वह अब इन दोनों दलों में बंटने की स्थिति बन चुकी है।
आप के पक्ष में नहीं पा रही थी फिजा
दिल्ली के मुख्यमंत्री का नाम आम आदमी पार्टी के स्टार प्रचारकों की सूची में सबसे ऊपर है। केजरीवाल जब जेल में थे, तब उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने हरियाणा में मोर्चा संभाले रखा। राज्यसभा सदस्य डा. संदीप पाठक और संजय सिंह ने उनका साथ दिया। विधानसभा चुनाव से पहले ही आम आदमी पार्टी प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर रैलियां कर चुकी है। लेकिन यह रैलियां अरविंद केजरीवाल की अनुपस्थिति में हुई हैं। इन रैलियों में सुनीता केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, भगवंत मान, संदीप पाठक और संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को जोड़ने की पूरी कोशिश की है। केजरीवाल के चुनावी रण में नहीं होने की वजह से यह नेता अपने कार्यकर्ताओं के बीच वह करंट नहीं बना पाए, जिसे बनाने की महारत केजरीवाल में है।
भाजपा-कांग्रेस के नौ बागियों को आप के टिकट
2019 के विधानसभा चुनाव में नोटा से पिछड़ने वाली आम आदमी पार्टी ने 2024 के इस चुनाव में सभी 90 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। भाजपा-कांग्रेस में टिकट नहीं मिलने वाले दावेदारों को आप ने हाथों हाथ टिकट देकर उनके वोट बैंक में सेंधमारी की सोची है। आप ने भाजपा छोड़कर आए पांच और कांग्रेस के तीन बागियों के साथ इनेलो के भी एक बागी को टिकट दिया है।
एसवाईएल नहर पर आप पार्टी का स्टैंड स्पष्ट नहीं
केजरीवाल हरियाणा और पंजाब के बीच बरसों पुराने एसवाईएल नहर निर्माण के मुद्दे पर पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हैं। पंजाब में वह पंजाब के हितों की बात करते हैं और हरियाणा में स्वयं को हरियाणा का बेटा बताते हुए यहां के लोगों की पानी की जरूरत को स्वीकार करते हैं, लेकिन यह कभी स्पष्ट नहीं करते कि पंजाब सरकार हरियाणा के लोगों को उनके हिस्से का पानी देगी या नहीं देगी। पार्टी का यही दोहरा स्टैंड हरियाणा के लोगों के गले नहीं उतर रहा है। केजरीवाल की धर्मपत्नी सुनीता केजरीवाल और भगवंत मान ने हालांकि राज्य में रैलियों के दौरान एसवाईएल का पानी नहीं मिलने के लिए केंद्र व राज्य की भाजपा सरकारों को दोषी ठहराया है, लेकिन वह पार्टी का स्टैंड स्पष्ट नहीं कर पाए हैं।
चुनाव में भाजपा को बुरी तरह पराजित करेंगे
हरियाणा आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष डा.सुशील गुप्ता ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मिली जमानत भाजपा के मुंह पर तमाचा है। कोर्ट ने साफ कहा है कि केंद्र सरकार ने जांच एजेंसियों को ‘पिंजरे का तोता’ बनाकर रखा हुआ है। सीबीआइ पिंजरे के तोते की तरह काम कर रही है। कोर्ट के इस फैसले ने देश को संदेश दिया है कि अगर कोई तानाशाही चलाएगा और एजेंसियों का दुरुपयोग करेगा तो संविधान उसकी रक्षा करेगा। केजरीवाल की जमानत ने यह साबित कर दिया है कि भाजपा के झूठ का पहाड़ ध्वस्त हो चुका है। अब आम आदमी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता के लिए बहुत खुशी का क्षण है। अब हम हरियाणा के चुनावी रण में भाजपा को बुरी तरह पराजित करेंगे।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन