Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा में भाजपा की पहली सूची जारी, 67 नामों में 40 सीटों पर उम्मीदवार बदले

भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में शामिल पीएम मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा व हरियाणा भाजपा के के नेता।

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़ : Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा भाजपा ने बुधवार को पहली सूची में 67 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी ने दो बार चुनाव हार चुके उम्मीदवारों पर दाव नहीं खेला। इस बार 40 सीटों पर उम्मीदवार बदल दिए हैं। सीएम नायब सिंह सैनी करनाल की जगह कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा सीट से चुनाव लड़ेंगे। वहीं सूची में आठ मंत्रियों, नौ विधायकों, पांच पूर्व मंत्रियों के नाम रखा गया है। वहीं तीन मंत्रियों, पांच विधायकों और चार पूर्व मंत्रियों के टिकट काट दिए गए हैं। भाजपा की सूची में तीन पूर्व मुख्यमंत्रियों के वंशजों पर विश्वास जताया गया है। पूर्व सीएम राव बीरेंद्र सिंह की पोती और केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती राव अटेली से चुनाव लड़ेंगी। चौधरी भजनलाल के पोते भव्य बिश्नोई को आदमपुर तथा चौधरी बंसीलाल की पोती श्रुति चौधरी को तोशाम से टिकट दिया गया है।

नौ विधायकों पर जताया दोबारा भरोसा

भाजपा ने नौ विधायकों को दोबारा टिकट दिए हैं। जिन पूर्व मंत्रियों को दोबारा चुनाव लड़वाने का निर्णय लिया है, उनमें विपुल गोयल, राव नरबीर के अलावा कलायत से कमलेश ढांडा शामिल हैं। जिन पूर्व मंत्रियों के टिकट काटे हैं, उनमें पूर्व मंत्री कर्ण देव कांबोज, सोनीपत से पूर्व मंत्री कविता जैन, पूर्व मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शामिल हैं। कलायत से फिर पूर्व राज्य मंत्री कमलेश ढांडा भाजपा की उम्मीदवार होंगी। कैथल से लीला राम गुर्जर और गुहला (सुरक्षित) से कुलवंत बाजीगर को उम्मीदवार बनाया गया है। थानेसर से से सुभाष सुधा, पेहोवा से सरदार कमलजीत सिंह अजराना को उम्मीदवार बनाया गया है।

तीन मंत्रियों के टिकट काटे

भाजपा ने जिन तीन मंत्रियों के टिकट काटे हैं, उनमें खेल एवं वन राज्य मंत्री संजय सिंह, बिजली एवं जेल मंत्री रणजीत सिंह चौटाला और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री विशंभर वाल्मीकि शामिल हैं। पिछली बार रणजीत चौटाला रानियां से निर्दलीय चुनाव जीते थे, लेकिन वह बाद में भाजपा में शामिल हो गए थे। इस बार हिसार से भाजपा के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़े थे। विवादित चल रहे पूर्व खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह को इस बार टिकट नहीं मिला है। दो मंत्रियों सीमा त्रिखा और डा. बनवारी लाल की सीट होल्ड पर रखा गया है।

भाजपा में इस्तीफों की होड़

पहली सूची जारी होते ही भाजपा में इस्तीफे की होड़ मच गई है। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष और बाढ़डा से टिकट मांग रहे पूर्व विधायक सुखविंद्र श्योराण ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। चरखी दादरी में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विकास उर्फ भल्ले चेयरमैन ने भी प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। थानेसर से टिकट मांग रहे पंडित जय भगवान शर्मा (डीडी) ने गुरुवार सुबह समर्थकों की बैठक बुलाई है। उकलाना से टिकट मांग रहीं सीमा गैबीपुर ने पार्टी छोड़ दी है।

फूटे बगावत सुर

पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन का टिकट कटने से नाराज पदाधिकारियों ने इस्तीफे देने शुरू कर दिए। साढ़े 10 बजे तक पार्षद इंदु वलेचा समेत 26 से अधिक पदाधिकारी अपने पदों से इस्तीफे दे चुके थे। सभी पदाधिकारियों ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो जारी करते हुए पद छोड़ने की घोषणा कर दी। गुरुवार सुबह नौ बजे कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि पुरखास रोड स्थित राजीव जैन के आफिस पर अधिक से अधिक संख्या में एकत्रित होकर प्रदर्शन में शामिल हों।

 26 पदाधिकारियों ने दिए इस्तीफे

 

पूर्व मंत्री कविता जैन का टिकट कटते ही उनके सेक्टर-15 में आवास पर मायूसी छा गई। कार्यकर्ता व समर्थक उनके आवास पर पहुंचने शुरू हो गए। पार्षद इंदु वलेचा व उनके पति संजीव वलेचा के साथ पार्टी के 26 से अधिक पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वालों ने वाट्सएप ग्रुप पर वीडियो जारी कर भाजपा हाईकमान के प्रति नाराजगी जताते हुए अपने पदों को छोड़ने की घोषणा की। पार्टी के पदों से इस्तीफा देने वालों में पार्षद इंदु वलेचा व उनके पति संजीव वलेचा, महाराजा अग्रसेन मंडल के किसान मोर्चे के अध्यक्ष अशोक, मंडल महामंत्री रजत जैन, आनंद कुमार, मनजीत दहिया, मुकेश एंडी, नरेंद्र जोगी, मंडल अध्यक्ष मुकेश बतरा, सोनीपत विधानसभा के चुनाव प्रभारी अमित कुमार, संजय ठेकेदार, सोमवीर, दीपक पांचाल, जोगेंद्र प्रजापति, मनोज धानिया, जगदीश छिक्कारा, रमापति उपाध्याय, धनीराम व पूर्व पार्षद मनोज शर्मा समेत कई अन्य ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। देर रात तक इस्तीफों का दौरा जारी था।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

 

You may have missed