Haryana Assembly Election 2024: भाजपा में दो कैबिनेट और दो राज्य मंत्रियों समेत कई विधायकों के टिकटों पर संकट

Manohar Lal Nayab Saini

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति और छोटी टोली की बैठकों के बाद टिकट के दावेदारों के पैनल केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेज दिए गए हैं। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की 27 और 28 अगस्त को होने वाली बैठक में हरियाणा के पैनल में शामिल दावेदारों के नामों पर चर्चा हो सकती है। प्रदेश चुनाव समिति ने वैसे तो राज्य की भाजपा सरकार के सभी मंत्रियों, केंद्रीय नेताओं, राज्य मंत्रियों, सांसदों और पूर्व सांसदों को चुनाव लड़ने को तैयार रहने के संकेत दिए हैं, लेकिन जातीय समीकरण और ग्राउंड पर हुए सर्वे के आधार पर कुछ मंत्रियों के टिकट काटे जा सकते हैं।

पार्टी कड़े फैसले लेने के लिए तैयार

हरियाणा भाजपा के दिग्गजों के चुनाव लड़ने पर फैसला पार्टी हाईकमान पर छोड़ा गया है। मध्यप्रदेश और राजस्थान में पार्टी ने भाजपा दिग्गजों को चुनाव लड़वाने का प्रयोग किया था, जो कि सफल रहा था। इसी तर्ज पर भाजपा चाहती है कि हरियाणा में भी सभी प्रमुख नेताओं को चुनाव लड़वाया जाए, ताकि कांग्रेस को सत्ता में आने से रोका जा सके और भाजपा राज्य में तीसरी बार सरकार बनाने में सफल रह सके। इसके लिए पार्टी कड़े फैसले लेने के लिए तैयार है। राज्य में भाजपा के 41 विधायक हैं। प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में हालांकि इन सभी 41 विधायकों के नाम पैनल में शामिल करने का दावा किया गया है, लेकिन सभी को हर हाल में टिकट मिलेगी, यह बिल्कुल भी तय नहीं है। इनमें करीब डेढ़ दर्जन विधायकों व मंत्रियों के टिकटों पर संकट छाया हुआ है।

पांच कैबिनेेट मंत्रियों के टिकट लगभग तय

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और आरएसएस के नेताओं ने राज्य में अपने स्तर पर ग्राउंड सर्वे करवाया है। पैनल में शामिल नामों का मिलान इन सर्वे रिपोर्ट में शामिल नामों से होगा तथा जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए तब टिकटों का आवंटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में कैबिनेट मंत्री और सात राज्य मंत्री हैं। 7 कैबिनेट मंत्रियों में से 2 का टिकट कटने की संभावना है, जबकि पांच मंत्रियों के टिकट लगभग तय माने जा रहे हैं। सात राज्य मंत्रियों में से भी पांच के टिकट तय हैं, जबकि दो राज्य मंत्रियों को 50-50 टिकट मिलने की संभावना है। जिन 2 कैबिनेट मंत्रियों के टिकट खतरे में हैं, उनमें बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता शामिल है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लिए प्रदेश चुनाव समिति ने तीन विधानसभा सीटें करनाल, लाडवा और नारायणगढ़ छोड़ी है, जिनमें से करनाल और लाडवा से उनके चुनाव लड़ने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी की कैबिनेट में शामिल मंत्रियों कंवरपाल गुर्जर का जगाधरी से, डा. बनवारी लाल बावल से, रणजीत सिंह चौटाला रानियां से, पंडित मूलचंद शर्मा जेपी बल्लभगढ़ से और जेपी दलाल का लोहारू से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। डा. कमल गुप्ता की हिसार विधानसभा सीट पर सांसद नवीन जिंदल की माता पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल और भाजपा नेता तरुण जैन की निगाह है।

इन राज्य मंत्रियों का टिकट तय

भाजपा सरकार के राज्य मंत्रियों में असीम गोयल का अंबाला शहर, सुभाष सुधा का थानेसर, संजय सिंह का सोहना, महिपाल ढांडा का पानीपत ग्रामीण और डा. अभय सिंह यादव का नांगल चौधरी से चुनाव लड़ना तय माना जा रहा है। बड़खल में सीत्रा त्रिखा और बवानीखेड़ा के विधायक विशंभर वाल्मीकि को टिकट मिलने के 50-50 चांस हैं। सीमा त्रिखा की टिकट पर भाजपा नेता धनेश अदलखा की नजर है। पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव, कमलेश ढांडा और संदीप सिंह के टिकट कटने भी तय माने जा रहे हैं। भाजपा में कुछ सीटें ऐसी हैं, जिन पर मौजूदा विधायकों की टिकट लगभग तय मानी जा रही है।

ये टिकट हैं तय

भाजपा की ओर से तोशाम में राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी की बेटी श्रुति चौधरी, आदमपुर में भव्य बिश्नोई, घरौंडा में हरविंद्र कल्याण, पटौदी में सत्यप्रकाश जरावता, महेंद्रगढ़ में प्रो. रामबिलास शर्मा, अंबाला छावनी में पूर्व मंत्री अनिल विज, नारनौंद में पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, बादली में पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, रेवाड़ी में रणधीर कापड़ीवास अथवा उनके भतीजे मुकेश कापड़ीवास और ऐलनाबाद में कप्तान मीनू बैनीवाल के टिकट लगभग तय माने जा रहे हैं। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली के अनुसार टिकटों पर अंतिम फैसला केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में होगा। इस बैठक से पहले टिकटों के तय होने को लेकर कोई दावा नहीं किया जा सकता।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed