Haryana Assembly Election 2024: शाम छह बजते ही चुनाव प्रचार थम जाएगा, कल-परसों स्कूलों की छुट्टी

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Assembly Election 2024: विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार वीरवार को शाम छह बजे थम जाएगा। इसके बाद राजनीतिक दल या प्रत्याशी रैली, जनसभा, रोड शो और बैठकें नहीं कर सकेंगे। लाउड स्पीकर का इस्तेमाल भी नहीं किया जा सकेगा। सिर्फ व्यक्तिगत रूप से डोर-टू-डोर जाकर मतदाताओं से मिलने की छूट होगी। राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों और दूसरे राज्यों के कार्यकर्ताओं को भी हरियाणा से बाहर जाना होगा।
चार और पांच अक्टूबर को अवकाश
शनिवार सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान होगा। सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में चार और पांच अक्टूबर को अवकाश घोषित कर दिया गया है। मतदान प्रक्रिया से जुड़े सभी कर्मचारी शुक्रवार को दोपहर बाद अपने-अपने बूथों पर पहुंच जाएंगे। चुनाव आयोग के स्पष्ट निर्देश हैं कि चुनाव एजेंट को छोड़कर निर्वाचन क्षेत्र में कोई बाहरी व्यक्ति नहीं रहना चाहिए।
चुनाव प्रचार थमने के बाद आमजन को आकर्षित करने के लिए म्यूजिक कंसर्ट या थियेटर प्रोग्राम या अन्य मनोरंजक कार्यक्रम नहीं किए जा सकते। अधिकतर विधानसभा क्षेत्रों में कांटे के मुकाबले हैं, जहां अंतिम क्षणों में बाजी पलट सकती है। चुनावी माहौल को अपने पक्ष में बनाने के लिए बुधवार को सभी दलों के स्टार प्रचारकों ने धुआंधार जनसभाएं और रैलियां करते हुए पूरी ताकत लगा दी।
केंद्रीय नेताओं ने किया प्रचार
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने यमुनानगर के सढौरा और कुरुक्षेत्र के लाडवा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फरीदाबाद के एनआइटी व तिगांव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं की। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने लाडवा में रोड शो किया, जहां से वे चुनाव लड़ रहे हैं। इसी तरह कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी ने भिवानी के बवानीखेड़ा, जींद के जुलाना और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बाढ़डा व हांसी में जनसभाएं की।
इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने ऐलनाबाद में बेटे अभय सिंह चौटाला के लिए जनसभाएं की। जजपा संरक्षक डा. अजय चौटाला और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने गुहला, उचाना कलां, नलवा और डबवाली में रैलियां की। दुष्यंत चौटाला ने जजपा की सहयोगी पार्टी आजाद समाज पार्टी के सुप्रीमो और सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण के साथ सिरसा में रोड शो कर ताकत दिखाई।
आज इनकी होगी रैली
वीरवार को प्रचार के अंतिम दिन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी कैथल के कलायत और चरखी दादरी के बाढड़ा, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा पलवल, अंबाला व गन्नौर तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह महेंद्रगढ़ व बाढ़ड़ा में जनसभाएं करेंगे। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिले में रैलियां करेंगे। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी नूंह, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जिले में रैलियां करेंगे।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन