Haryana Assembly Election 2024: सुरेंद्र पंवार को जेल में रहते बनाया प्रत्याशी, सोनीपत के चारों विधायकों पर जताया भरोसा

सुरेंद्र पंवार

नरेन्द्र सहारण, सोनीपत : Haryana Assembly Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार रात करीब 10 बजे कांग्रेस ने सोनीपत जिले के चारों मौजूदा विधायकों के टिकट बरकरार रखे हैं। जिले की राजनीति के इतिहास में यह पहला मौका जब किसी मामले में जेल में रहते हुए किसी वर्तमान विधायक को टिकट दिया हो। सुरेंद्र पंवार की जमानत याचिका पर अभी सुनवाई होनी है। ऐसे में अगर उन्हें जमानत मिलती है तो वे बाहर आकर मजबूती से चुनाव प्रचार कर सकेंगे। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध खनन और मनी लान्ड्रिंग के मामले में 20 जुलाई को कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार को गिरफ्तार किया था। करीब डेढ़ महीने से वे अंबाला सेंट्रल जेल में बंद हैं। इसके अलावा खरखौदा से विधायक जयवीर सिंह को लगातार चौथी बार, गोहाना से विधायक जगबीर मलिक छठी बार, बरोदा से इंदुराज और सोनीपत से विधायक सुरेंद्र पंवार दूसरी बार विधायक बनने के लिए मैदान में उतारे गए हैं।

दरअसल चार जनवरी, 2024 को ईडी ने खनन के मामले में यमुनानगर के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और सोनीपत से कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार के खिलाफ जांच की थी। साथ ही उनके ठिकानों पर जाकर रिकार्ड भी खंगाले थे। इसके बाद 20 जुलाई को को विधायक को मामले से जुड़े सुबूत देने के लिए बुलाया गया था। तभी उन्हें हिरासत में ले लिया गया था। बाद में ईडी ने उनकी कई करोड़ रुपये की संपत्ति भी अटैच की थी।

पंवार ने 2004 में लड़ा था पहला चुनाव

 

सुरेंद्र पंवार ने 2014 में इनेलो की टिकट पर सोनीपत सीट से पहला चुनाव लड़ा था और 29826 वोट लेकर वो तीसरे स्थान पर रहे थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस का हाथ थामा और 2019 में 79,438 वोट प्राप्त कर भाजपा की कैबिनेट मंत्री कविता जैन को 32,878 वोटों से हराया। यह सोनीपत सीट पर दूसरी सबसे बड़ी जीत थी, जिसमें कविता जैन को छोड़कर अन्य सभी पांच प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई थी। वे दो दशक से भी ज्यादा समय से माइनिंग के बिजनेस से जुड़े हुए हैं। परिवार के सदस्यों को उम्मीद है कि जल्द ही उनको जमानत मिलेगी।

जगबीर मलिक छक्का मारने के प्रयास में

जगबीर सिंह मलिक जीत का छक्का मारने के लिए चुनाव मैदान में आए। वे 1996 में गोहाना विधानसभा क्षेत्र से पहली बार हरियाणा विकास पार्टी (हविपा) से विधायक बने थे। वे उस समय बागवानी व अन्य विभागों के मंत्री भी रहे। 1999 में हविपा समर्थित प्रत्याशी के रूप में सोनीपत लोकसभा का चुनाव लड़ा लेकिन हार गए थे। 2000 के विधानसभा चुनाव में हविपा की टिकट पर चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। हविपा के कांग्रेस में विलय होने के बाद लगातार इसी पार्टी में हैं। 2008 में गोहाना से उप चुनाव में कांग्रेस पार्टी से विधायक बने। 2009, 2014 और 2019 में भी विधायक बने। वे 2014 में सोनीपत से कांग्रेस से लोकसभा चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे। उनका पैतृक गांव भैंसवाल कलां है लेकिन बहुत लंबे समय से गोहाना में रहते हैं। उनका जन्म एक सितंबर 1950 को हुआ था। वे बीएससी व एलएलबी हैं।

जयवीर सिंह वाल्मीकि पर चौथी बार जताया भरोसा

कांग्रेस की तरफ से अपनी पहली लिस्ट में 31 प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। खरखौदा से लगातार चौथी बार जयवीर सिंह वाल्मीकि पर कांग्रेस ने भरोसा जताया है। 12वींं पास 61 वर्षीय जयवीर सिंह वाल्मीकि को 2009 में हलके के रिजर्व होने पर कांग्रेस ने टिकट थमाया था जिसमें वह रिकॉर्ड मतों से जीतकर आए थे और हुड्डा सरकार में सीपीएस भी बनाए गए थे। इसके बाद 2014 और 2019 में भी टिकट मिली और जीतकर विधानसभा पहुंचे। तीन बार के विधायक जयवीर सिंह वाल्मीकि को हुड्डा का भी बेहद करीबी होने का भी फायदा मिला है और खरखौदा से चौथी बार उन्हें कांग्रेस ने टिकट देकर मैदान में उतारा है।

हुड्डा के करीबी हैं इंदुराज नरवाल

इंदुराज नरवाल गांव रिंढाना के रहने वाले हैं। वे पहले जिला पार्षद रह चुके हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के विश्वासपात्रों में हैं। 2020 में बरोदा विधानसभा क्षेत्र के उप चुनाव में उनको कांग्रेस से टिकट मिला था और विधायक बने। उन्होंने उप चुनाव में 60,636 वोट लिए थे। भाजपा से योगेश्वर दत्त को 50,070 वोट मिले थे। नरवाल ने 10,566 वोट के अंतर से चुनाव जीता। हुड्डा के विश्वासपात्र होने के चलते अब दोबारा उनको टिकट मिला। वे 10 वीं पास हैं और 12 वीं की पढ़ाई कर रहे हैं।

चारों सीटों पर भितरघात का खतरा भी कम

सोनीपत, गोहाना, खरखौदा और बरोदा सीटों पर कांग्रेस के सामने भितरघात का खतरा भी सबसे कम हैं क्योंकि चारों सीटों पर पहले से पार्टी के विधायक हैं। चारों विधायकों का टिकट पक्का माना जा रहा था, इसलिए पार्टी के सेकेंड लाइन के नेता पहले नंबर इन्हीं का टिकट मानकर चल रहे थे।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed