Haryana Cabinet: जानें कब तक मिल जाएंगे मंत्रियों के विभाग, भाजपा हाईकमान की मुहर के बाद बंधी आस

nayab singh saini

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़/ नई दिल्ली : Haryana Cabinet: हरियाणा के नये मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुवार को नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने जहां अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को आवंटित किए जाने वाले सरकारी विभागों पर भाजपा अध्यक्ष के साथ चर्चा की, वहीं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नये नाम पर भी उनकी सहमति ली गई। इसके अलावा, भाजपा की चार लोकसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम को लेकर भी नायब सिंह सैनी की जेपी नड्डा के साथ बातचीत हुई है।

तीन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) गुरुवार दोपहर को पहले करनाल में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Manohar Lal) से उनके निजी आवास पर मिले। वहां काफी देर तक मंत्रणा के बाद नायब सैनी सीधे दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में उनकी पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda)से तीन प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई। नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल का विस्तार हो चुका है, लेकिन विभागों का बंटवारा अभी बाकी है। नायब सैनी पूर्व सीएम मनोहर लाल से चर्चा के बाद मंत्रियों के विभागों की संभावित लिस्ट अपने साथ लेकर गए थे। बताया जाता है कि इस लिस्ट को पार्टी हाईकमान की मंजूरी मिल चुकी है, जिससे माना जा रहा है कि अगले एक-दो दिन में मंत्रियों के उनके विभागों का बंटवारा कर दिया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर होगी नियुक्ति

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नायब सिंह सैनी ही कार्यरत हैं। अब चूंकि वे मुख्यमंत्री बन चुके हैं तो ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष के पद पर किसी दूसरे कार्यकर्ता की नियुक्ति होनी है। इस पद के लिए नाम पर भी नायब सिंह सैनी और मनोहर लाल में सहमति बन चुकी है। बताया जाता है कि भाजपा हाईकमान की ओर से मनोहर लाल और नायब सिंह सैनी की पसंद के कार्यकर्ता के प्रदेश अध्यक्ष पद पर नियुक्ति संबंधी आदेश जारी हो जाएंगे।

प्रत्याशियों के नाम जल्द घोषित कर दिए जाएंगे

 

भाजपा ने अभी तक कुरुक्षेत्र, हिसार, सोनीपत और रोहतक लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा नहीं की है। हालांकि इन चारों सीट पर प्रत्याशियों का फाइनल पैनल केंद्रीय चुनाव समिति के पास गया हुआ है, लेकिन मुख्यमंत्री ने जेपी नड्डा से पूछा कि इन चारों सीटों पर कब तक उम्मीदवार घोषित हो सकते हैं। बताया जाता है कि केंद्रीय चुनाव समिति की अगली बैठक में हरियाणा के बाकी बचे चारों नामों पर चर्चा होगी, जिसके बाद प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे।

इसे भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव से पहले हरियाणा में भाजपा ने खेला जाट कार्ड, नए चुनाव प्रभारी की नियुक्ति; बदलाव का ये भी है अहम कारण

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed