Savitri Jindal: एशिया की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने हिसार में ठोंकी भाजपा के टिकट की दावेदारी

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़ः हरियाणा की बहुचर्चित हिसार विधानसभा सीट ( Hisar Assembly Seat ) पर टिकट को लेकर भाजपा में जबरदस्त घमासान मचा हुआ है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मंत्रिमंडल में स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डा. कमल गुप्ता के टिकट पर जहां संकट छाया हुआ है, वहीं एशिया की सबसे धनाढ्य महिला एवं हरियाणा की पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ( Savitri Jindal)ने हिसार में भाजपा के टिकट पर अपनी मजबूत दावेदारी ठोंक दी है।

सावित्री जिंदल के बेटे नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद हैं। दो दिन पहले उन्होंने नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने सांसद नवीन जिंदल से कुरुक्षेत्र व हिसार जिलों की विधानसभा सीटों पर संभावित दावेदार तथा राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चा की।

लाडवा से चुनाव लड़ सकते हैं सीएम

मुख्यमंत्री कुरुक्षेत्र जिले की लाडवा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं, जबकि करनाल विधानसभा सीट पर भी उनकी दावेदारी है। नवीन जिंदल की माता सावित्री जिंदल इस्पात, बिजली, सीमेंट और इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र से जुड़ी कंपनी जिंदल ग्रुप की एमिरेटस चेयरपर्सन होने के साथ-साथ भारत के टाप-10 अमीर व्यक्तियों की सूची में शामिल हैं।

लोकसभा चुनाव से पहले सावित्री और नवीन भाजपा में आए थे

लोकसभा चुनाव से पहले नवीन जिंदल और सावित्री जिंदल भाजपा में शामिल हुए थे। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कार्यकाल में सावित्री जिंदल हरियाणा की शहरी निकाय मंत्री रह चुकी हैं। हिसार सीट को सांसद नवीन जिंदल के पिता पूर्व मंत्री स्व. ओमप्रकाश जिंदल की सीट मानी जाती रही है।

हिसार मानी जाती है जिंदल परिवार की सीट

ओमप्रकाश जिंदल यहां पहली बार 1991 में विधायक बने थे। साल 2005 में जब ओपी जिंदल का विमान दुर्घटना में देहावसान हुआ, तब भी वे हिसार के विधायक और सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। ओपी जिंदल के निधन के बाद उनकी धर्मपत्नी सावित्री जिंदल हिसार से चुनाव लड़ी और दो बार विधायक बनकर तत्कालीन हुड्डा सरकार में कैबिनेट मंत्री बनीं। साल 2014 में भाजपा की लहर में सावित्री जिंदल पराजित हो गई थी। साल 2019 में हिसार से डा. कमल गुप्ता दूसरी बार विधायक बने और पहले मनोहर लाल व अब नायब सैनी की कैबिनेट में मंत्री हैं। इस बार भी वह प्रमुख दावेदार हैं।

बजरंग दास गर्ग हिसार से कांग्रेस के दावेदार

कांग्रेस प्रवक्ता एवं व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग दास गर्ग हिसार में टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल हैं। बजरंग गर्ग पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में चेयरमैन रह चुके हैं। कुछ दिनों तक उन्होंने सैलजा के साथ भी बिताए और अब वे पूरी तरह से हुड्डा खेमे में हैं।

भाजपा सरकार में भी उनके पास चेयरमैनी रह चुकी है। कांग्रेस में बजरंग गर्ग के अलावा उद्योगपति अशोक मंगालीवाला और रामनिवास राडा भी टिकट के दावेदारों में शामिल हैं। जननायक जनता पार्टी और इनेलो के पास हिसार में मजबूत प्रत्याशियों का अभाव बना हुआ है।

यह भी पढ़ेंः हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख बदली,1 अक्टूबर की जगह 5 अक्टूबर को वोटिंग, 8 अक्टूबर को आएंगे नतीजे

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed