सोनीपत की चार सीटों पर भाजपा-कांग्रेस में घमासान, दो पर त्रिकोणीय मुकाबला, जानें राजनीतिक परिदृश्य

Nayab Singh Saini Bhupendra Singh Hooda

नरेन्द्र सहारण, सोनीपत : Haryana Election 2024: सोनीपत जिले की चार सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों में कांटे का मुकाबला है जबकि दो सीटों पर निर्दलीय मुकाबले को रोचक और त्रिकोणीय बना रहे हैं। सोनीपत, गोहाना, खरखौदा और राई में भाजपा-कांग्रेस में सीधा मुकाबला है। वहीं गन्नौर और बरोदा में दोनों प्रमुख दलों के सामने निर्दलीय बड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं, इस कारण भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी दिन-रात एक करते हुए पसीना बहा रहे हैं। सभी छह सीटों पर स्टार प्रचारकों ने रोडशो, रैलियां और जनसभाएं करते हुए अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाया है लेकिन अब देखना होगा कि स्टार प्रचारकों की मेहनत उन्हें जीत दिला पाती है या नहीं।

सोनीपत : स्टार प्रचारकों की बैक टू बैक रैलियां

इस सीट पर भाजपा से निखिल मदान और कांग्रेस के सुरेंद्र पंवार मैदान में हैं। सुरेंद्र पंवार के जेल जाने के बाद भाजपा की आसान जीत मानी जा रही थी लेकिन पंवार की रिहाई होते ही मुकाबला कांटे का हो गया। प्रचार में दोनों आमने-सामने आ गए। असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के निखिल के पक्ष में रैली करने के बाद माहौल गरमा गया। इसके बाद राहुल गांधी ने पंवार के पक्ष में माहौल बनाया। इसके अगले दिन ही मुख्यमंत्री नायब सैनी ने निखिल के पक्ष में रोडशो निकाला। भाजपा और कांग्रेस का मुख्य फोकस पंजाबी वोटरों पर है। यह वोटर ही हार-जीत का फैसला करेंगे।

खरखौदा : पुराने प्रतिद्वंद्वी आमने-सामने

खरखौदा में कांग्रेस के जयवीर सिंह और भाजपा के पवन खरखौदा में मुकाबला है। जयवीर सिंह लगातार चौथी बार विधायक बनने के लिए मैदान में हैं। पवन खरखौदा पिछले दो चुनावों में जयवीर को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। मामूली अंतर से जीतकर जयवीर विधानसभा पहुंचे थे, लेकिन इस बार पवन हलके में दिनरात एक किए हुए हैं।पवन खरखौदा विकास, आइएमटी और सरकार की योजनाओं की गिनाकर वोट मांग रहे हैं जबकि जयवीर सरकार की ओर से हलके की अनदेखी को उठा रहे हैं।

राई : स्टार प्रचारकों ने किया भाजपा का प्रचार

राई में भाजपा की कृष्णा गहलावत के सामने कांग्रेस के जयभगवान आंतिल हैं। भाजपा की ओर से योगी आदित्यनाथ, भजनलाल शर्मा, निरहुआ, मासूम शर्मा ने प्रचार किया जबकि कांग्रेस की ओर से बड़े प्रचारक दूर रहे। सिर्फ दीपेंद्र हुड्डा व ओलिंपियन बजरंग पूनिया ने ही जयभगवान का प्रचार किया।यहां पर निर्दलीय प्रतीक शर्मा के वोट भाजपा-कांग्रेस की हार-जीत तय करेंगे।

गोहाना : दो धुरंधरों में कांटे की टक्कर

कांग्रेस के जगबीर मलिक के सामने भाजपा के डा. अरविंद शर्मा हैं। दोनों ही धुरंधर हैं और मुख्य मुकाबला भी इनमें ही है, लेकिन निर्दलीय राजबीर दहिया व हर्ष छिक्कारा भी चुनावी समीकरणों को प्रभावित करेंगे।ये दोनों जाट समुदाय के वोट लेते दिख रहे हैं, जिसका असर भाजपा व कांग्रेस पर पड़ेगा।

गन्नौर : यहां पर कांग्रेस के कुलदीप के सामने भाजपा के देवेंद्र कौशिक हैं। निर्दलीय देवेंद्र कादियान दाेनों को कड़ी चुनौती दे रहे हैं क्योंकि इनके कार्यक्रमों में भारी भीड़ उमड़ रही है। यहां पर जाट व ब्राह्मण वोटों का बंटवारा हो रहा है, इसलिए इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है।

बरोदा : यहां पर कांग्रेस के इंदुराज के सामने भाजपा के प्रदीप सांगवान हैं। कांग्रेस के बागी डा. कपूर नरवाल निर्दलीय मैदान में हैं। ये भाजपा और कांग्रेस के चुनावी समीकरणों को बिगाड़ रहे हैं। यहां पर जाट वोटर अधिक हैं और इनका तीनों प्रत्याशियों में बंटवारा होता दिख रहा है। यहां भी त्रिकोणीय मुकाबला है।

राहुल गांधी ने कांग्रेस को दी नई ऊर्जा

कांग्रेस प्रत्याशी कुलदीप शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा अपना रूट बदलवा कर गन्नौर क्षेत्र में पहुंचना सौभाग्य की बात है। राहुल गांधी के गन्नौर में पहुंचने के बाद कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उनके आने के बाद गन्नौर के लोगों में भी जोश भर गया है जो गन्नौर विधानसभा में कांग्रेस की होने वाली जीत की बड़ी निशानी है। शर्मा बुधवार को गन्नौर के विभिन्न गांवों में बैठकें कर ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोग जानते हैं कि निर्दलीय प्रत्याशी की कहीं पूछ नहीं होने वाली। शर्मा ने कहा कि गन्नौर अब विकास चाहता है और विकास कांग्रेस की सरकार व गन्नौर का विधायक बनने पर ही सम्भव है।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed