Haryana Election 2024: कुमारी सैलजा ने बताया हरियाणा कांग्रेस के लिए क्या रहा टर्निंग प्वाइंट

कांग्रेस सांसद कुमारी सैलजा
नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़ : Haryana Election 2024: कांग्रेस की सरकार बनने की स्थिति में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी कुमारी सैलजा ने कहा कि राज्य में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस के लिए टर्निंग प्वाइंट (बदलाव का मोड़) था। राहुल गांधी न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे देश के लोगों से जुड़े। उनकी बात सुनी। तब आम आदमी को लगा कि देश में कोई तो है, जो उनकी समस्याएं सुन रहा है, उनके दुख और परेशानी में शामिल हो रहा है। प्रदेश में अगर आज कांग्रेस की सरकार आ रही है तो इसमें राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का योगदान और पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है।
फिर मुख्यमंत्री पद की दावेदारी की
एक्जिट पोल के नतीजों में कांग्रेस की सरकार बनने से उत्साहित कुमारी सैलजा ने रविवार को फिर मुख्यमंत्री पद की दावेदारी की। सैलजा ने कहा कि सीएम का फैसला हाईकमान के स्तर पर होता है। उन्हें ही सब कुछ देखना होता है और वे ही देखेंगे। अपने विवेक से जो भी फैसला लेंगे, हर पहलू को देखकर लेंगे। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद ही प्रदेश में भाजपा सरकार को बदलने का मूड बना लिया था।
भाजपा के विरुद्ध सत्ता विरोधी लहर
कुमारी सैलजा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा पिछले 10 साल में हरियाणा को बहुत पीछे ले गई। लोगों को भरोसा है कि उन्हें अगर कोई पटरी पर ला सकता है तो वह कांग्रेस ही है। उन्होंने स्वीकार किया कि भाजपा के विरुद्ध सत्ता विरोधी लहर थी और कमजोर व दलित वर्ग के लोगों को यह अच्छी तरह से आभास हो गया कि भाजपा उन्हें दबाने का प्रयास कर रही है।
हर वर्ग भाजपा से नाराज
उन्होंने कहा कि किसान व मजदूर के अलावा हर वर्ग भाजपा से नाराज था, जिसका बदला अब उन्होंने ले लिया है। भाजपा का जनता के साथ कभी प्रत्यक्ष रूप से कोई कनेक्ट नहीं रहा है, जबकि कांग्रेस और उसके कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच में धरातल पर काम किया है। राहुल गांधी की पदयात्रा से हरियाणा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को असीम ऊर्जा मिली, जिसका सदुयपोग सरकार बनाने में हो रहा है।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन