Haryana Election 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव में सात पूर्व मुख्यमंत्रियों के वारिसों की प्रतिष्ठा दांव पर, जानें कहां किससे है मुकाबला

Bhajan Lal Banshi Lal Devi Lal

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़ : Haryana Election 2024:हरियाणा विधानसभा के चुनावी रण में लालों के 13 ‘लाल’ विरोधियों के बुने चक्रव्यूह में फंसे हैं। पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के परिवार के आठ और पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के तीन वारिस चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं तो भिवानी के तोशाम में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी बंसीलाल के पौत्र अनिरुद्ध चौधरी (कांग्रेस) और पौत्री श्रुति चौधरी (भाजपा) आमने-सामने हैं। रेवाड़ी में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के दामाद और हरियाणा के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अजय यादव के बेटे राव चिरंजीव (कांग्रेस) की प्रतिष्ठा दांव पर है।

कांटे के मुकाबले में फंसी

 

प्रदेश में सात पूर्व मुख्यमंत्रियों के वारिस चुनाव लड़ रहे हैं। प्रथम मुख्यमंत्री पंडित भगवत दयाल शर्मा की पौत्रवधू इंदु शर्मा (आम आदमी पार्टी) भिवानी और द्वितीय मुख्यमंत्री राव बिरेंद्र सिंह की पौत्री तथा केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत की बेटी आरती राव (भाजपा) अटेली में कांटे के मुकाबले में फंसी हुई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा (कांग्रेस) खुद रोहतक के गढ़ी सांपला किलोई से चुनाव लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री रह चुके देवीलाल के बड़े बेटे रणजीत सिंह चौटाला सिरसा के रानियां से निर्दलीय चुनाव मैदान में हैं, जिन्हें अपने ही छोटे भाई पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला के पौत्र और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) प्रत्याशी अर्जुन चौटाला से चुनौती मिल रही है।

त्रिकोणीय मुकाबले में उलझे

 

इनेलो को तोड़कर जननायक जनता पार्टी (जजपा) बनाने वाले पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला जींद के उचाना में पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे और पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह (कांग्रेस) के साथ सीधे मुकाबले में फंसे हैं। डबवाली में दिग्विजय सिंह चौटाला (जजपा) का अपने ही चाचा आदित्य चौटाला (इनेलो) और भाई अमित सिहाग (कांग्रेस) से त्रिकोणीय मुकाबला है। इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला के बेटे अभय सिंह चौटाला ऐलनाबाद और बहू सुनैना चौटाला (इनेलो) फतेहाबाद में त्रिकोणीय मुकाबले में उलझे हैं। हिसार के आदमपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के पौत्र भव्य बिश्नोई (भाजपा) पर 56 साल से चली आ रही परिवार की जीत का सिलसिला जारी रखने का दबाव है। रिटायर्ड आइएएस चंद्र प्रकाश (कांग्रेस) से उन्हें कड़ी चुनौती मिल रही। इसी तरह भजनलाल के बड़े बेटे और पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन पंचकूला में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता (भाजपा) और भतीजे दूड़ाराम (भाजपा) फतेहाबाद में कांग्रेस के बलवान दौलतपुरिया के साथ टक्कर में उलझे हैं।

खिलाड़ियों पर निगाहें

जींद के जुलाना में ओलिंपियन पहलवान विनेश फौगाट (कांग्रेस) और डब्ल्यूडब्ल्यूई रेसलर कविता दलाल (आप) का भाजपा के कैप्टन योगेश से मुकाबला है। इसी तरह कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक राम निवास हुड्डा (भाजपा) की रोहतक के महम में निर्दलीय बलराज कुंडू से टक्कर है।

सांसद के पुत्रों और पूर्व मंत्रियों के वारिसों की राह आसान नहीं

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला के बेटे और पूर्व मंत्री शमशेर सिंह सुरजेवाला के पौत्र आदित्य सुरजेवाला की कैथल में भाजपा के लीलाराम और हिसार के सांसद जयप्रकाश जेपी के बेटे विकास सहारण (कांग्रेस) की कलायत में पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा (भाजपा) और इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा से टक्कर है। पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह की बेटी चित्रा सरवारा (निर्दलीय) अंबाला कैंट में पूर्व हैवीवेट मंत्री अनिल विज (भाजपा) को चुनौती दे रही हैं।

पूर्व मंत्री आनंद सिंह दांगी के बेटे बलराम दांगी (कांग्रेस) की महम और पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान के बेटे सुनील सांगवान (भाजपा) की दादरी में राह आसान नहीं दिख रही। अंबाला के सांसद वरुण मुलाना की पत्नी पूजा चौधरी मुलाना में चुनाव लड़ रही हैं, जिन्हें भाजपा की संतोष सारवान से चुनौती मिल रही है, जबकि राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा की माता शक्ति रानी शर्मा को कालका में कांग्रेस के निवर्तमान विधायक प्रदीप चौधरी से टक्कर मिल रही है। कुरुक्षेत्र के सांसद नवीन जिंदल की माता सावित्री जिंदल हिसार में भाजपा की बागी उम्मीदवार हैं।

 

VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed