Haryana Elections 2024: PM Modi ने कार्यकर्ताओं को दिया हरियाणा चुनाव में विजय का मंत्र, कई बूथों का लिया फीडबैक

पीएम नरेन्द्र मोदी।

नरेन्द्र सहारण, हिसार। Haryana Elections 2024 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को ‘‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’’ कार्यक्रम के अंतर्गत हरियाणा के भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने बूथ पर कमल खिलाने का मंत्र दिया। नमो एप के माध्यम से चार हजार शक्ति केंद्रों पर बूथ स्तर तक के भाजपाई संवाद में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं से बातचीत में चुनावी रण जीतने का मंत्र देने के साथ ही प्रधानमंत्री ने कई बूथों का फीडबैक लिया तथा पार्टियों की नीतियों और 10 साल की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने की उनकी एक ही रणनीति है। चुनाव जीतने का अर्थ है, पोलिंग बूथ जीतना। जो बूथ जीतता है, वही चुनाव जीतता है। हरियाणा का प्रत्येक पोलिंग बूथ भाजपा की मजबूत चौकी है।

विपक्ष के रूप में भी असफल रही कांग्रेस

मोदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पिछले 10 सालों में जनता के मुद्दों से दूर रही है। उसकी सारी राजनीति अपने परिवारों के लिए अथवा अपने गुटों के लिए रही है। इसी कारण कांग्रेस हरियाणा की जनता का विश्वास कभी नहीं जीत सकती। हमारी रणनीति उनके कलह पर केंद्रित नहीं होनी चाहिए, हमें अपने परिश्रम से अपना झंडा लहराना है। कार्यक्रम के दौरान “आडियो ब्रिज” तकनीक से हरियाणा के ऐसे दो कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया जिनमें से एक जींद जिले के मुकेश कुमार की चाय की दुकान है तो दूसरे प्रधानमंत्री के परिचित रहे पूर्व मंत्री जयनारायण खुंडिया के पौत्र व अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री अजय खुंडिया हैं। नरेन्द्र मोदी ने दोनों ही कार्यकर्ताओं से बेहद आत्मीयता एवं भावुकता से कुछ इस तरह बात की :

जींद में मुकेश से 8 मिनट नौ सेकेंड बात के प्रमुख अंश

प्रधानमंत्री : मुकेश जी बताएं वहां पर कैसा है। आपकी चाय की दुकान है। मैं भी चाय वाला हूं। दुकान पर बहुत लोग आते होंगे। नौजवान आते होंगे दुनियाभर की बातें सुनने को मिलती होंगी।
मुकेश सैनी : अपनी चाय की दुकान है रायराये गांव के बस अड्डा पर। वहां कालेज के बच्चे बातें करते हैं कि कांग्रेस ने पढ़ने-लिखने वाले बच्चों पर डाका डाला है। हरियाणा में अब पर्ची और खर्ची वाला राज नहीं चलेगा।
प्रधानमंत्री : कांग्रेस वाले तो अपने परिवार के लिए ही जीते हैं। ऊपर से नीचे तक यही उनका चरित्र है। उन्हें किसी ओर के बच्चों की चिंता नहीं है।
मुकेश सैनी : हरियाणा में आपकी मेहनत, ऊर्जा और आप जिस तरह से लोगों से जुड़ते हो उससे युवाओं में बहुत सम्मान है सर। प्रधानमंत्री : इस बार सोनीपत ने खेलकूद के मैदान में बहुत कुछ दिया है। हमें यह नौजवानों की शक्ति हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य के लिए लगानी है। नौजवाना पढ़ता लिखता है और सोचता है। उन्हें बताइए कि हिमाचल प्रदेश में क्या हाल हुआ?

रोहतक में तीन मिनट 58 सेकेंड बातचीत के प्रमुख अंश :

अजय खुंडिया : जी नमस्कार मोदी जी। मैं अजय खुंडिया बोल रहा हूं रोहतक से…।
प्रधानमंत्री : रोहतक से हमारे चौधरी जयनारायण खुंडिया होते थे
अजय खुंडिया : प्रधानमंत्री जी, जयनारायण खुंडिया जी मेरे दादा हैं
प्रधानमंत्री : अच्छा, आप उनके पोते हैं। वाह, जयनारायण खुंडिया के साथ तो मेरे अच्छे संबंध थे। एक पिता की तरह मेरी चिंता करते थे। कोविड के समय में मैंने उनसे बातचीत की थी।
अजय खुंडिया : जी दादाजी बताते थे, मोटरसाइकिल और गाड़ी में आपके साथ घूमते थे।
प्रधानमंत्री : बताइए, हरियाणा चुनाव में क्या चल रहा है?
अजय खुंडिया : कलानौर विधानसभा क्षेत्र के गांव गरनावठी में 131 नंबर बूथ पर लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत हुई थी, 787 वोटों में से 687 वोट भाजपा के पक्ष में डाली गई थी।
प्रधानमंत्री : देखिए, जयनारायण खुंडिया जी कहते थे कि बाकी काम आप करें, लेकिन अपने बूथ पर मैं काम करूंगा और हारूंगा नहीं। वो अपने बूथ पर डटे रहते थे और भाजपा को जिताने का काम करते थे। प्रदेश के कार्यकर्ताओं में भी इस तरह का जज्बा बनाना चाहिए। किसानों से बातचीत करनी चाहिए। क्योंकि रोहतक और जींद का बेल्ट ऐसा है। देश में 24 फसलों पर एमएसपी भाजपा सरकार ही दे सकती है। इस विषय पर किसानों से बातचीत करनी चाहिए।

You may have missed