Haryana Exit Polls 2024: हरियाणा के 12 एक्जिट पोल में कांग्रेस को बहुमत, भाजपा पर भरोसा नहीं, आप को एक भी सीट नहीं

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़ : Haryana Exit Polls 2024: हरियाणा के विधानसभा चुनाव में मतदान के बाद जितने भी एक्जिट पोल और सर्वे सामने आए हैं, वह राज्य में डबल इंजन की सरकार बनने की तरफ इशारा नहीं कर रहे हैं। इन एक्जिट पोल और सर्वे के आधार पर प्रदेश में करीब 10 साल के इंतजार के बाद कांग्रेस बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करती दिखाई दे रही है। साल 2005 से 2014 के बीच राज्य में कांग्रेस की सरकार थी और पिछले 10 साल से भाजपा सत्तारूढ़ है। एक्जिट पोल के मुताबिक हरियाणा में कांग्रेस पूर्ण बहुमत की सरकार बना रही है और उसकी सीटों की संख्या बहुमत के आंकड़े से कहीं अधिक बताई जा रही है। एक्जिट पोल में दिल्ली व पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी को कोई सीट नहीं मिल रही है। भाजपा इस पर भरोसा नहीं कर रही है। उसका मानना है कि राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में एक्जिट पोल के नतीजे फेल हो चुके हैं।
2019 में ध्वस्त हो गए थे एक्जिट पोल के नतीजे
साल 2019 के विधानसभा चुनाव में एक्जिट पोल के नतीजे ध्वस्त हो गये थे। सिर्फ इंडिया टुडे एक्सिस का सर्वे ही कुछ हद तक सही रहा था, जिसमें एनडीए को 90 विधानसभा सीटों में 32 से 44, संप्रग को 30 से 42 और अन्य को छह से 10 विधानसभा सीटें बताते हुए त्रिशंकु विधानसभा की संभावना जताई थी। तब भाजपा ने 40, कांग्रेस ने 31, जजपा ने 10, निर्दलीयों ने सात और हलोपा व इनेलो ने एक-एक सीट हासिल की थी। भाजपा ने जजपा व निर्दलीय विधायकों के समर्थन से प्रदेश में दूसरी बार सरकार बनाई थी। उस समय के एक्जिट पोल में एबीपी न्यूज सी वोटर ने एनडीए को 78, न्यूज एक्स पोलस्टेट ने 76, एबीपी सी वोटर ने 83, आइएएनएस सी वोटर ने 79 से 87 सीटें दिखाई थी।
टीवी चैनल्स कांग्रेस भाजपा इनेलो-बसपा जजपा-आसपा आप अन्य
1. एबीपी न्यूज 50- 62 18- 24 2-3 4-6
2. रिपब्लिक भारत 59 21 4 2 — 4
3. एनडीटीवी/पोल आफ पोल्स 50-64 22-32
4. ध्रुव रिसर्च 50-64 27
5. पीपल्स पल्स 49-61 20-32 2-3 – 0 3-5
6. टाइम्स आफ इंडिया 55-62 18-24 3-6 3 — 2-5
7. टीआइएफ रिसर्च एंड जिस्ट 45-53 29-37 2 — — 4-6
8. रिपब्लिक-मैट्रिज 55-62 18-24 — — — 3-6
9. डेटाअंश और द रेड माइक 50-55 20-25 3-5 — — 3-5
10. सीएनएन 24 59 21 — — — 10
11. इंडिया टुडे-माय एक्सिस 59 21 — — — 2-8
12. न्यूज 18 59 21 4 2 — —
चुनाव नतीजों को लेकर किसने क्या कहा
कांग्रेस के पक्ष में लहर है
हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जब से हमने चुनाव प्रचार शुरू किया है, तब से मैं कह रहा हूं कि कांग्रेस के पक्ष में लहर है। कांग्रेस प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। एक्जिट पोल में कांग्रेस को बढ़त ही नहीं बल्कि पूर्ण बहुमत से बहुत अधिक सीटें मिल रही हैं। इसमें मेन फैक्टर 2005 से 2014 की कांग्रेस सरकार की हमारी उपलब्धियां और 2014 से 2024 तक भाजपा सरकार की विफलताएं प्रमुख कारण हैं। हम बेरोजगारी, शिक्षा और सुरक्षा पर काम करेंगे।
भाजपा की सरकार आएगी
हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की सरकार आएगी। आठ अक्टूबर को आप देख लेना। भाजपा सरकार को पूर्ण बहुमत मिलने वाला है। हमें पूर्ण विश्वास है। हमने हरियाणा को गति देने का काम किया है। प्रदेश की जनता चाहती है कि राज्य में डबल इंजन की सरकार बने। हमने काम करके दिखाया है।
हरियाणा में फिर कमल खिलेगा
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय ऊर्जा व शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि हमारे देवतुल्य कार्यकर्ताओं की मेहनत अवश्य रंग लाएगी और हरियाणा में फिर कमल खिलेगा। हमने अपने 10 साल के कार्यकाल में इतने काम किये हैं, जिनके सामने कांग्रेस पासंग भी नहीं हैं। राज्य में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनेगी।
एक्जिट पोल गलत होगा
हरियाणा के पूर्व गृहमंत्री अनिल विज ने कहा कि एक्जिट पोल की पोल पहले भी खुल चुकी है। लोगों ने देर तक वोट डाले। एक्जिट पोल गलत होगा। भाजपा फिर से सरकार बनाएगी।
एक्जिट बपोल है
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा कि यह एक्जिट बपोल है। हमेशा ठीक नहीं होते। नतीजे इससे बेहतर होंगे। भाजपा हरियाणा में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। लोगों का आशीर्वाद भाजपा के साथ है। डबल इंजन की सरकार बनेगी।
भाजपा के खिलाफ लहर
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि मुझे एक्जिट पोल पर बहुत भरोसा नहीं है, लेकिन हरियाणा में भाजपा के खिलाफ लहर थी। कांग्रेस पार्टी वहां 60 से 70 सीटें जीत सकती है। 10 साल में भाजपा ने कोई विकास नहीं किया और समाज को बांट दिया।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन