Haryana LS Result 2024: कार्यकर्ताओं के बीच जीत का अंदाज लगाने में जुटे रहे भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी

धर्मबीर सिंह और राव दान सिंह।
नरेन्द्र सहारण, नारनौल : Haryana LS Result 2024: लगातार चुनावी प्रचार की थकान के बावजूद प्रत्याशियों ने आराम करने की बजाए कार्यकर्ताओं के बीच रहकर ही रविवार का दिन व्यतीत किया। चुनाव परिणाम को लेकर गुणाभाग का कार्य दिनभर चला। भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के 17 लाख 93 हजार 29 मतदाताओं में से 65.39 प्रतिशत मतदाताओं ने 17 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद कर दिया है। इस चुनाव के बाद यह तो स्पष्ट हो गया कि मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही रहा है। शेष प्रत्याशियों ने तो वोट काटने का कार्य किया है। प्रत्याशियों ने अपनी जीत को लेकर आंकड़े भी अपने अनुसार ही अंदाजे लगाकर प्रस्तुत करने शुरू कर दिए हैं। मुख्य प्रत्याशी अपनी अपनी जीत को सुनिश्चित मानकर चल रहे हैं। इसके साथ ही सट्टा बाजार पर भी पैनी नजर बनाए हुए हैं। यह अलग बात है कि असली परिणाम तो चार जून को ही आएंगे और तब तक तो केवल कयास ही लगाए जा रहे हैं। इन कयासों में भितरघात को लेकर भी अनुमान में घटा जोड़ किया जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह सुबह पांच बजे ही बिस्तर से उठ गए थे और कार्यकर्ताओं ने उनके घर में पहुंचना शुरू कर दिया था। दिनभर कार्यकर्ता उनके पास अपने-अपने हिसाब से जीत को लेकर गुणाभाग करते दिखाई दिए। भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनकी करीब एक लाख से अधिक वोट से जीत तय है। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह को बंसीलाल एंटी कैंप से बड़ी उम्मीद है। राव दान सिंह सुबह पांच बजे ही उठ गए थे और वे भी कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी गणित को जानेने में जुट गए थे। महेंद्रगढ़ में दोपहर तक कार्यकर्ताओं के बीच रहने के बाद दादरी के लिए रवाना हो गए और इसके बाद भिवानी में पहुंच गए।
भाजपा समर्थकों के अनुसार जीत का अंतर एक लाख से अधिक
नारनौल – 15 से 20 हजार
नांगल चौधरी – 15- 20 हजार
अटेली – 10-15 हजार
महेंद्रगढ़ – 10-15 हजार
दादरी – 10 हजार
बाढ़ड़ा – 5 हजार
लोहारू – 15 हजार
भिवानी- 30-40 हजार
धर्मबीर और किरण चौधरी जुगलबंदी के बाद भी 80 से एक लाख वोटों से जीत तय
कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह ने कहा कि किरण चौधरी और धर्मबीर सिंह की जुगलबंदी के बाद भी मेरी कम से कम 80 से एक लाख वोटों से जीत तय है। इसका कारण यह रहेगा कि एंटी बंसीलाल कैंप में धर्मबीर और किरण दोनों के प्रति गुस्सा मैने चुनाव प्रचार के दौरान महसूस किया है। यह कैंप एक तीर से दो का शिकार करने के लिए तत्पर दिखाई दिया।
राव दान सिंह के अनुसार नौ हलकों में जीत का यह रहेगा अंतर
नारनौल – 10 से 15 हजार
नांगल चौधरी – 15-20 हजार
अटेली – 15-20 हजार
महेंद्रगढ़ – 30-40 हजार
दादरी – 20-25 हजार
बाढ़ड़ा – 30-35 हजार
लोहारू – 15- 20 हजार
भिवानी- 5-8 हजार
दोस्ती की परीक्षा वाला रहा यह चुनाव
इस चुनाव की खासियत यह रही कि इतिहास में पहला चुनाव था, जिसमें प्रत्याशियों ने एक दूसरे के विरुद्ध कोई बयानबाजी नहीं की। दो दोस्तों के इस चुनाव में दोस्ती की परीक्षा भी दोनों ने बयानबाजी न करके दी। दोनों ने अपनी-अपनी पार्टियों की उपलब्धियों के नाम पर वोट मांगे तो विरोधी पार्टियों और उनके नेताओं की कमियां गिनाई। यहां स्पष्ट कर दें कि भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह कालेज के जमाने के दोस्त रहे हैं। इस चुनाव में भी उन्होंने चुनाव लड़ा पर दोस्ती को आड़े नहीं आने दिया। हां] दान सिंह तो यह तो स्पष्ट कहते हैं कि दोस्त हारेगा। धर्मबीर सिंह इस तरह की बयानबाजी से भी बचते नजर आए। हालांकि वे अपनी जीत की बात जरूर करते हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी ने खुलकर लगाए भितरघात के आरोप
इस चुनाव में कांग्रेस के बीच गुटबाजी भी खूब दिखाई दी। 22 मई को दादरी रैली में किरण चौधरी ने राहुल गांधी के सामने ही राव दान सिंह पर अनदेखी के आरोप लगाए थे तो राव दान सिंह ने उन पर भाजपा की मदद करने के आरोप लगाए। रविवार को भी उन्होंने किरण पर धर्मबीर सिंह के साथ जुगलबंदी होने के बाद भी जीत का दावा किया है।
अटेली विधानसभा क्षेत्र
कुल मतदाता- 202007
मतदान किया- 138197
मतदान प्रतिशत – 68.4
यह विधानसभा क्षेत्र केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का गढ़ माना जाता है। वैसे तो केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और उनके पिता पूर्व मुख्यमंत्री राव बिरेंद्र सिंह पूरे अहीरवाल पर बड़ा प्रभाव रखते हैं, लेकिन शुरू से लेकर आज तक की राजनीति में अटेली हलका हमेशा इस परिवार के साथ खड़ा मिला है। ऐसे में राव इंद्रजीत सिंह ने भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह के पक्ष में स्थिति को न केवल संभाला, बल्कि डैमेज कंट्रोल कर कांग्रेस के बढ़ते प्रभाव को काबू कर दिया। उन्होंने पिछले दिनों अटेली हलके के दौरे के दौरान भाजपा की स्थानीय इकाई को न केवल आइना दिखाया, बल्कि साबित कर दिया कि इस क्षेत्र की भीड़ केवल उनके साथ है। देखने वाली बात यह होगी कि इस बार इस क्षेत्र का मतदाता कांग्रेस को ताकत देगा या अपने नेता राव इंद्रजीत सिंह की बात को तवज्जो देगा।
महेंद्रगढ़ विधानसभा
कुल मतदाता 208069
मतदान किया- 144208
मतदान प्रतिशत- 69.3
क्षेत्र कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह की कर्मभूमि है। चार बार इस क्षेत्र से विधायक बन चुके, राव दान सिंह के लिए यह क्षेत्र मजबूती माना जाता है, वहीं भाजपा के कद्दावर नेता पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा का यह क्षेत्र गढ़ भी और जन्मभूमि भी है। पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा इसी क्षेत्र से लगातार कई बार विधायक बने और शिक्षा मंत्री पद हासिल करने में कामयाब रहे। 2019 के चुनाव में रामबिलास शर्मा बेहतर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन पूर्व एचसीएस अधिकारी संदीप सिंह ने इस चुनाव में 25 हजार से अधिक वोट हासिल कर पूर्व मंत्री की राह में रोड़ा डाल दिया था और राव दान सिंह विधायक बनने में कामयाब रहे थे। इस बार संदीप सिंह ने नए समीकरण बनाने के लिए संघर्ष किया। यदि वे कामयाब हुए तो महेंद्रगढ़ में रिजल्ट चौंकाने वाले आ सकते हैं। वैसे भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 23 मई का दौरा असरकारक हो सकता है।
नारनौल विधानसभा क्षेत्र
कुल मतदाता- 154769
मतदान किया- 102580
मतदान प्रतिशत- 66.3
यह क्षेत्र वर्तमान में भाजपा का गढ़ माना जा रहा है। इसके पीछे बड़ा कारण हाल ही में प्रदेश सरकार में किए गए बड़े बदलाव के बाद नायब सिंह सैनी को मुख्यमंत्री बनाया जाना माना जा रहा है। वैसे तो यह क्षेत्र पिछले 15 साल से भाजपा को जिताता आ रहा है पर इस बार यहां नायब सिंह सैनी के नाम से वोट जुड़ते दिखाई दे रहे हैं तो कुछ अहीर वोट भाजपा से खिसकते नजर आ रहे हैं।
नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र
कुल मतदाता- 164444
मतदान किया- 99406
मतदान प्रतिशत- 60.4
सिंचाई मंत्री डा. अभय सिंह यादव के कर्म और जन्मभूमि नांगल चौधरी में पिछले लगातार दो चुनाव से वह जीतते आ रहे हैं। टेल तक पानी पहुंचाने और पूरे जिले भर में विकास कार्य करवाने को लेकर अभय सिंह की छवि लगातार रंग ला रही है। केंद्रीय मंत्री के विरोध के बावजूद भाजपा ने उन्हें हाल ही में सिंचाई मंत्री बनाया है। अब उन्होंने भी इस क्षेत्र से भाजपा को जिताने में ताकत झोंकी हुई है। हालांकि गुर्जर बहुल इस विस में कांग्रेस प्रत्याशी ने हाल ही में राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट को बुलाकर सेंध लगाने का प्रयास किया था। देखने वाली बात यह होगी कि सिंचाई मंत्री अपना जलवा बनाए रखने में कामयाब होते हैं या फिर सेंध लगेगी।
भिवानी विधानसभा
कुल मतदाता
मतदान किया-139695
मतदान प्रतिशत- 59.8
यहां से वर्तमान में भाजपा के लगातार जीत रहे घनश्याम सर्राफ हैं। इस क्षेत्र को भाजपा का गढ़ माना जाता है। इस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी को बड़ी उम्मीदें हैं। कांग्रेस प्रत्याशी भी यहां से बहुत बड़ी उम्मीद नहीं कर रहे हैं और उनके आंकलन में भी यहां जीत का अंतर काफी कम है। भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह यहां से 30 से 40 हजार वोटों से जीत मानकर चल रहे हैं।
बाढड़ा विधान सभा
कुल मतदाता-
मतदान किया- 131641
मतदान प्रतिशत- 66.7
यह क्षेत्र जजपा का गढ़ माना जाता है। जाट बहुल इस क्षेत्र में कांग्रेस को काफी उम्मीदें हैं। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी को बड़ी जीत की उम्मीद है। भाजपा प्रत्याशी यहां से मुकाबला तो मानते हैं पर बड़ी जीत को लेकर संदेह है।
दादरी विधानसभा क्षेत्र
कुल मतदाता
मतदान किया- 128600
मतदान प्रतिशत-61.9
दादरी में निर्दलीय विधायक है। हालांकि यह विधायक भाजपा से जुड़े रहे हैं और बाद में किसान आंदोलन में बगावत कर चुके हैं। यहां से कांग्रेस प्रत्याशी को काफी अच्छी उम्मीद है। भाजपा भी इस क्षेत्र से जीत का अनुमान लगा रही है।
इसे भी पढ़ें: Haryana Politics: राव दान सिंह पर बिफरीं किरण चौधरी, कहा- मेरी और श्रुति की बेइज्जती कर रहे कांग्रेस प्रत्याशी
तोशाम विधानसभा क्षेत्र
कुल मतदाता-
मतदान किया- 146074
मतदान प्रतिशत-66.1
तोशाम से वर्तमान में कांग्रेस प्रत्याशी किरण चौधरी विधायक हैं। उन पर कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह भाजपा की मदद करने के आरोप लगा रहे हैं। हालांकि उनको एंटी बंसीलाल कैंप से उम्मीदें पर भाजपा की यहां से बड़ी जीत के कयास भी लग रहे हैं। यदि कांग्रेस प्रत्याशी के आरोप सही हैं तो भितरघात का फायदा भाजपा को मिलेगा।
लोहारू विधानसभा क्षेत्र –
कुल मतदाता-
मतदान किया-141242
मतदान प्रतिशत-69.2
इस क्षेत्र से वित्तमंत्री जेपी दलाल विधायक हैं। यहां से उन्होंने भाजपा को जिताने के लिए पूरी ताकत झोंकी हुई थी। हालांकि जाट बहुल इस क्षेत्र से कांग्रेस को उम्मीद है तो भाजपा के जेपी दलाल और भाजपा प्रत्याशी धर्मबीर सिंह खुद भी इसी समाज से आते हैं। ऐसे में दोनों प्रत्याशियों को ही बड़ी उम्मीद इस क्षेत्र से है।
CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन