Haryana LS Results 2024 : हरियाणा में भाजपा की आंतरिक रिपोर्ट सामने आई :​ ​​​​​​2 सीटों पर हालत खराब, 4 पर कड़ी लड़ाई

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana LS Results 2024 : हरियाणा में लोकसभा चुनाव के मतदान के बाद अब राजनीतिक दलों ने समीक्षा शुरू कर दी है। 27 मई को पंचकूला में भाजपा की समीक्षा बैठक हुई, जिसमें आंतरिक रिपोर्ट पेश की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, 2 सीटें सिरसा और रोहतक की रिपोर्ट खराब मिली है। वहीं, 4 सीटें सोनीपत, अंबाला, कुरुक्षेत्र और भिवानी-महेंद्रगढ़ पर कड़ी लड़ाई की बात निकलकर सामने आई है। हालांकि, समीक्षकों ने यह भी कहा है कि जीत पार्टी उम्मीदवार की ही होगी, लेकिन जीत का अंतर कम हो सकता है। करनाल, गुरुग्राम, हिसार और फरीदाबाद की समीक्षा में रिपोर्ट सही मिली है। इसमें करनाल के समीक्षकों ने दावा किया है कि इस सीट को बड़े अंतर से भाजपा जीतेगी। इस लोकसभा सीट पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने उनके खिलाफ दिव्यांशु बुद्धिराजा जैसे नए चेहरे को टिकट दिया है।

सिरसा और रोहतक की खराब रिपोर्ट की ये वजहें

सिरसा से भाजपा ने डा. अशोक तंवर और कांग्रेस ने कुमारी सैलजा को टिकट दिया है।

सिरसा : सिरसा में कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा को मैदान में उतारा है। कुमारी सैलजा सिरसा लोकसभा सीट से पहले भी 2 बार सांसद रह चुकी हैं। इस सीट से उनके मजबूत होने की प्रमुख वजह यह भी रही कि उनके पिता चौधरी दलबीर सिंह सिरसा में कांग्रेस के बड़े नेता थे। वहीं, भाजपा के अशोक तंवर यहां से मैदान में हैं। अशोक तंवर कांग्रेस पृष्ठभूमि के ही हैं। 2019 में सिरसा लोकसभा सीट से अशोक तंवर ने कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ा था। पार्टी बदलने को लेकर यहां के लोग अशोक तंवर से नाराज हैं। इसके अलावा किसानों का विरोध भी उन्हें झेलना पड़ा। अन्य सीटों की तरह इस सीट पर 2019 के मुकाबले 6.21% कम मतदान हुआ।

 


रोहतक : रोहतक से कांग्रेस ने दीपेंद्र हुड्डा को फिर से उम्मीदवार बनाया है। वहीं, भाजपा ने डॉ. अरविंद शर्मा को टिकट दिया। इस लोकसभा चुनाव में यहां 65.68 प्रतिशत मतदान हुआ, जो 2019 के मुकाबले 4.83% कम है। चूंकि 2019 में ही भाजपा का इस सीट पर अंतर मात्र 7500 वोटों का था, अब इस अंतर को कवर करना बड़ी चुनौती है। इसके अलावा इस सीट पर जाटों और किसानों के विरोध ने भाजपा का चुनावी गणित बिगाड़ दिया। रोहतक से दीपेंद्र हुड्‌डा 3 बार सांसद रह चुके हैं। 2014 में मोदी लहर के बाद भी दीपेंद्र यहां से चुनाव जीत गए थे। इस बार अन्य सीटों की अपेक्षा कांग्रेस इस सीट को लेकर ज्यादा सक्रिय रही।

जानिए, 4 सीटों पर क्यों है कड़ी लड़ाई

कुरुक्षेत्र : भाजपा की समीक्षा बैठक में कुरुक्षेत्र में कड़ा मुकाबला दिखाया गया है। इसकी वजह कांग्रेस और आप गठबंधन के उम्मीदवार डॉ. सुशील गुप्ता रहे। इसके साथ ही यहां से इनेलो उम्मीदवार अभय सिंह चौटाला और उन्हें किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी के समर्थन रहा है।

हालांकि, शहरी क्षेत्रों में भाजपा को अच्छे वोट पड़े हैं, लेकिन गांवों में वोटिंग प्रतिशत अधिक होने से भाजपा चिंतित है। भाजपा ने उद्योगपति नवीन जिंदल पर दांव खेला है। कुरुक्षेत्र में मुकाबला त्रिकोणीय है।

अंबाला लोकसभा से भाजपा की बंतो कटारिया और कांग्रेस के वरुण चौधरी।

अंबाला : अंबाला लोकसभा से भाजपा के सांसद रहे रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी बंतो कटारिया इस बार मैदान में उतारा है। उनके खिलाफ कांग्रेस ने मुलाना से विधायक वरुण चौधरी को टिकट दिया है। बंतो कटारिया को टिकट देने की वजह रतनलाल कटारिया के देहांत के बाद भावनात्मक लहर से जीतने की उम्मीद थी। इसके अलावा भाजपा ने यहां मोदी मैजिक को लेकर चुनाव लड़ा।

उनके मुकाबले में वरुण मुलाना युवा चेहरे के तौर पर जाने जाते हैं। वह विधानसभा में बेस्ट विधायक का खिताब जीत चुके हैं। वरुण मुलाना के पिता फूलचंद मुलाना कांग्रेस के बड़े नेता रहे हैं और प्रदेश कांग्रेस के लंबे समय तक अध्यक्ष भी रहे हैं। यह उनके पक्ष के लिए बड़ा फैक्टर है।

सोनीपत : सोनीपत में कांग्रेस ने सतपाल ब्रह्मचारी को टिकट दिया, जबकि भाजपा ने वर्तमान सांसद रमेश चंद्र कौशिक का टिकट काटकर विधायक मोहन लाल बड़ौली को उम्मीदवार बनाया। सतपाल ब्रह्मचारी संन्यासी हैं और हरिद्वार में उनके आश्रम हैं। मूलतः वह जींद के गांगोली गांव के रहने वाले हैं।

कांग्रेस ने जींद जिले की जो 3 विधानसभाएं आती हैं, उनमें से लोकसभा का उम्मीदवार बनाकर कड़ी चुनौती दी है। भाजपा की रिपोर्ट में इसका जिक्र किया गया है। यह सीट जाट बहुल है और जाट पहले से ही भाजपा का विरोध कर रहे थे। चूंकि इस सीट पर ब्राह्मण निर्णायक फैक्टर है, इसलिए दोनों ब्राह्मणों में कड़ी टक्कर भी है।

धर्मबीर सिंह और राव दान सिंह।

भिवानी-महेंद्रगढ़ : इस सीट पर भाजपा ने 2 बार सांसद रहे धर्मबीर सिंह को मैदान उतारा है। वहीं, कांग्रेस ने महेंद्रगढ़ से विधायक राव दान सिंह पर भरोसा जताया है। राव दान सिंह जहां अहीरवाल बेल्ट से आते हैं तो वहीं धर्मबीर जाट जाति से संबंध रखते हैं। ऐसे में चुनाव जाट बनाम यादव में बंटा रहा। यही वजह है कि भाजपा इस सीट को लेकर कांटे का मुकाबला मान रही है।

करनाल, गुरुग्राम, हिसार और फरीदाबाद में जीत तय मान रहे

हरियाणा लोकसभा चुनाव में भाजपा की समीक्षा बैठक में करनाल, गुरुग्राम, हिसार और फरीदाबाद पर जीत तय मानी जा रही है। करनाल चुनाव की सबसे हॉट सीट रही। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल चुनाव मैदान में हैं। उनके जीतने की सबसे बड़ी वजह यह भी बताई जा रही है कि वह सूबे के करीब 10 साल मुख्यमंत्री रह चुके हैं।

इसके अलावा कांग्रेस ने उनके मुकाबले कोई बड़ा चेहरा मैदान में नहीं उतारा। वहीं, गुरुग्राम लोकसभा सीट में राव इंद्रजीत सिंह का अच्छा प्रभाव है। साथ ही भाजपा का भी शहरी क्षेत्रों में कैडर अच्छा है। हिसार में भाजपा की समीक्षा में रणजीत सिंह चौटाला और फरीदाबाद से पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर की रिपोर्ट अच्छी बताई है।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

यह भी पढ़ें: Haryana News: हरियाणा में भाजपा को नुकसान पहुंचाने के लिए कुछ अधिकारियों ने किया खेल, सरकार ने ऐसे अधिकारियों को किया चिन्हित

यह भी पढ़ें: Hisar Loksabha Seat: नेताओं की नाराजगी से घटा मतदान, टिकट न मिलने पर हलकों से दूर रहे ये बड़े नेता; उनके गढ़ में दिखा असर

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
1
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed