Haryana LS Results 2024: हरियाणा की 10 सीटों पर कहां भाजपा और कहां कांग्रेस मजबूत? सिरसा में क्या सैलजा रचेंगी इतिहास; नवीन जिंदल- राजबब्बर टक्कर में फंसे

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana LS Results 2024: हरियाणा में चुनावी शोर थम चुका है। बीते कल यानी 25 मई को 10 लोकसभा सीटों पर वोटिंग हुई। अब सभी को 4 जून का इंतजार, क्योंकि इस दिन रिजल्ट आने हैं। इस बार के चुनाव में 5.5% कम वोटिंग के साथ ही 65% ही वोटिंग हुई है। पिछले 2 चुनाव में जिस तरह एकतरफा हवा बह रही थी, वैसा इस बार नहीं दिखा। वोटिंग के बाद 10 सीटों में से 7 सीटों पर कड़ा मुकाबला कड़ा दिख रहा है। 2019 में भाजपा ने सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 1 सीट रोहतक को छोड़ दें तो अन्य सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों ने बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। रोहतक पर बीजेपी की जीत का अंतर सिर्फ 7500 वोटों का था। हालांकि इस बार ऐसी स्थिति नहीं लग रही है।

8 सीटों पर कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला

हरियाणा का यह पहला ऐसा चुनाव होगा, जिसमें 2 सीटों को छोड़कर अन्य 8 सीटों पर कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला दिख रहा। कुरुक्षेत्र सीट पर भाजपा और कांग्रेस के अलावा इनेलो के बीच मुकाबला माना जा रहा है। वहीं हिसार सीट पर भाजपा, कांग्रेस के अलावा इनेलो और जजपा के उम्मीदवारों ने मुकाबले को रोचक किया है। इस सीट पर एक ही परिवार के तीन सदस्य आमने-सामने हैं। भाजपा उम्मीदवार रणजीत सिंह चौटाला ने रिश्ते में लगने वालीं बहू जजपा की नैना चौटाला और इनेलो की सुनैना चौटाला के खिलाफ वोट मांगे।

किसान आंदोलन ने बिगाड़ा समीकरण

कुछ सीटें ऐसी रही, जहां के वोट प्रतिशत पर किसान आंदोलन का असर दिखा। इनमें भिवानी-महेंद्रगढ़ 65.3% और हिसार में 64.07% मतदान को माना जा रहा है। यहां पर शहरों में मतदान कम हुआ है और गांवों में अधिक लोगों ने मत का प्रयोग किया है। वहीं, रोहतक में 64.6% और सोनीपत में 62.3% तक ही पहुंच पाया, जबकि यहां अधिक मतदान की संभावनाएं थी। सबसे अहम बात यह है कि लोकसभा चुनावों से पहले खुफिया विभाग ने भी रिपोर्ट दी थी कि प्रदेश की 7 सीटों पर किसान आंदोलन का असर दिखेगा। मतदान प्रतिशत भी कुछ इसी तरह का संकेत दे रहा है।

किस सीट पर भाजपा-कांग्रेस के लिए क्या हैं समीकरण

करनाल: क्या इतिहास रचेंगे मनोहर लाल

इस बार सबकी नजर करनाल पर है। इसकी वजह यह भी है क्योंकि यहां से 10 साल मुख्यमंत्री रहे मनोहर लाल खट्‌टर को भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा है। मनोहर लाल ने 2014 में करनाल से विधानसभा चुनाव लड़ा और पहली बार में ही जीत दर्ज की। इसके बाद फिर 2019 में वह जीतकर दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने इस बार उन्हें मुख्यमंत्री पद से हटाकर लोकसभा का टिकट दिया। यदि वह यहां से जीतते हैं तो निश्चित तौर पर इतिहास रचेंगे। हालांकि, यहां पर 2019 के मुकाबले मतदान प्रतिशत में 5.14% की गिरावट आई। इस चुनाव में यहां 63.20% हुआ है।

 

रोहतक: कोसली में इस बार कम मतदान

 

तीसरी सबसे हॉट सीट रोहतक है। इसकी वजह यहां से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के बेटे और राज्यसभा सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्‌डा हैं। 2019 में वह भाजपा के डॉ अरविंद शर्मा से कड़े मुकाबले के दौरान मात्र 7500 वोटों से हार गए थे। इस बार दीपेंद्र के साथ ही भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के लिए यहां की हार जीत मायने रखती है। दीपेंद्र को पिछले चुनाव में कोसली से बड़ा झटका लगा था। इस बार 62.50% मतदान हुआ। 2019 के चुनाव के मुकाबले यहां करीब साढ़े 9% गिरावट आई है। 2019 में यहां 71.93% वोटिंग हुई थी। महम में इस बार अच्छा मतदान हुआ है, यहां पर सबसे ज्यादा 69% मतदान हुआ है। इसको लेकर भाजपा चिंतित हैं। रोहतक शहर में भी कम मतदान ने डॉ अरविंद शर्मा की चिंता बढ़ाई है।

सिरसा से भाजपा ने डा. अशोक तंवर और कांग्रेस ने कुमारी सैलजा को टिकट दिया है।

सिरसा: किसान आंदोलन बिगाड़ेगा समीकरण

 

हॉट सीटों में सिरसा का भी नाम है। पिछली बार की तरह इस बार भी सिरसा में सबसे ज्यादा मतदान हुआ। यहां 69% मतदान हुआ। हालांकि 2019 के मुकाबले 6.98% की गिरावट देखी गई। सियासी जानकारों का कहना है कि सिरसा ही एक ऐसी सीट रही, जहां सबसे ज्यादा असर किसान आंदोलन का दिखाई दिया। यही वजह रही यहां के शहरी क्षेत्रों के मुकाबले ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक वोटिंग हुई। वोटिंग के इस ट्रेंड को लेकर भाजपा की मुश्किलें बढ़ेंगी। भाजपा के आंतरिक सर्वे में भी सिरसा की रिपोर्ट अच्छी नहीं थी।

अंबाला लोकसभा से भाजपा की बंतो कटारिया और कांग्रेस के वरुण चौधरी।

अंबाला: ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़े मतदान ने भाजपा की बढ़ाई चिंता

 

यहां के ज्यादातर ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़े मतदान ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी हैं। साढ़ौरा, मुलाना, जगाधरी व नारायणगढ़ में मतदान का प्रतिशत 70 के पार हुआ है। इनमें जगाधरी में सिर्फ भाजपा विधायक हैं, अन्य दो विधानसभाओं में कांग्रेस के विधायक हैं। इसके साथ ही भाजपा के लिए चिंता की बात यह भी है कि पंजाब से सटे ग्रामीण हलकों में भी वोटिंग प्रतिशत शहरों के मुकाबले ज्यादा रहा है। किसानों के लिहाज से अंबाला सीट पहले ही सेंसिटिव रही है। इस बार चुनाव प्रचार के दौरान कई बार भाजपा कैंडिडेट के साथ ही उनकी पार्टी के बड़े चेहरों को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। अंबाला में 67% वोटिंग हुई है। 2019 के मुकाबले यहां 4.19% की गिरावट आई है।

कुरुक्षेत्र: कड़े मुकाबले में फंसे नवीन जिंदल

 

कुरुक्षेत्र सीट पर कड़े मुकाबले में भाजपा उम्मीवार नवीन जिंदल फंस गए हैं। कुरुक्षेत्र सीट पर 66.20% वोटिंग हुई है। यह 2019 के मुकाबले 8.08% कम है। नवीन जिंदल के खिलाफ I.N.D.I.A गठबंधन ने आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ सुशील गुप्ता का मैदान में उतारा। गुप्ता को आम आदमी पार्टी के साथ ही कांग्रेस के बड़े नेताओं पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा, रणदीप सुरजेवाला और किरण चौधरी का साथ मिला। इसके अलावा इनेलो के अभय सिंह चौटाला और उनके समर्थन में किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने मुकाबले को और रोचक बनाया। लाडवा, शाहाबाद और रादौर में वोटिंग का प्रतिशत भी अन्य के मुकाबले ज्यादा रहा। यहां सभी कांग्रेस के विधायक हैं।

सोनीपत: यहां जींद की 3 विधानसभाएं होंगी निर्णायक

 

सोनीपत में मुकाबला रोचक माना जा रहा है। इसकी दो बड़ी वजह हैं। यह पहली बार है कि किसी बड़े राजनीतिक दल ने जींद जिले से उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने यहां से पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के करीबी सतपाल ब्रह्मचारी को टिकट दिया है। यह जींद से ही आते हैं। वहीं भाजपा ने विधायक मोहन लाल बड़ौली को उम्मीदवार बनाया। इस बार यहां 62.20% वोटिंग हुई है। 2019 के मुकाबले यह 8.82% कम है। भाजपा के लिए यहां चिंता की बात यह है कि यहां के अधिकांश शहरी क्षेत्रों में गांवों के मुकाबले कम मतदान हुआ है। यहां जींद, जुलाना और सफीदो विधानसभा निर्णायक भूमिका निभाएंगी।

धर्मबीर सिंह और राव दान सिंह।

भिवानी-महेंद्रगढ़ः भाजपा-कांग्रेस का तनाव बढ़ाया

 

भिवानी-महेंद्रगढ़ में गिरे मतदान प्रतिशत को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों टेंशन में हैं। 2019 के मुकाबले यहां 5.27% कम वोटिंग हुई। कुल 65.20% वोटिंग हुई है। इस सीट पर भाजपा-कांग्रेस दोनों पार्टियों के बड़े चेहरे चुनाव प्रचार के लिए आए थे। भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी ने यहां प्रचार किया। इसके बावजूद यहां मतदान के प्रतिशत में गिरावट आई है। यहां के अहीर और जाट बहुल हलकों में भी मतदान मिलाजुला दिखा। इसको लेकर कांग्रेस तनाव में हैं। भाजपा इसलिए भी संतुष्ट है क्योंकि बीजेपी पहले भी जाट के वोट को लेकर बहुत ज्यादा आशान्वित नहीं थी।

हिसार: इस बार 8% कम मतदान हुआ

 

हिसार सीट पर इस बार शुरू से मुकाबला आमने-सामने का था, लेकिन जैसे जैसे मतदान की तिथि करीब आती गई, कांग्रेस के जेपी अलग थलग पड़ गए। उनके प्रचार में किसी बड़े नेता का साथ नहीं मिल पाया। इसके साथ ही इंडियन नेशनल लोकदल (INLD), जननायक जनता पार्टी (JJP) जितनी वोट हासिल करेंगी, इससे कांग्रेस को नुकसान पहुंचेगा। हालांकि, चुनाव प्रचार के आखिरी दिन इनेलो उम्मीदवार सुनैना चौटाला की भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के आवास पर मुलाकात ने समीकरण में बदलाव कर दिए। इस बार कम मतदान हुआ है। सियासी जानकारों का कहना है कि इस सीट का परिणाम सीधे तौर पर नारनौंद, उचाना, उकलाना के मतदाताओं पर निर्भर है। यहां इस बार करीब 64 प्रतिशत मतदान हुआ है। 2019 में 72.43% मतदान हुआ था।

 

फरीदाबाद : भाजपा को जाटों ने मुश्किल में डाला

फरीदाबाद सीट 2019 में जीत के अंतर के मामले में देश में तीसरे नंबर पर थी। इस बार यहां मतदान कम हुआ है। कुल 59.70% वोटिंग हुई है, यह 2019 के मुकाबले 4.40% कम है। यहां के जाट बहुल इलाकों में मतदान ज्यादा हुआ है, जिनसे कांग्रेस ज्यादा उम्मीद लगा रही थी। हालांकि भाजपा इसको लेकर चिंतित है। इस बार जाट नेताओं ने भी एकजुट होकर भाजपा के विरोध में मतदान करने की अपील की थी।

राव इंद्रजीत सिंह और राजबब्बर।

गुरुग्राम: टक्कर में फंसे राजबब्बर को मेवों का सहारा

गुरुग्राम सीट से कांग्रेस ने राज बब्बर को उम्मीदवार बनाया। इनके सामने भाजपा उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत हैं। यहां भी 2019 के मुकाबले कम मतदान हुआ है। इस बार यहां पर 60.60% वोट पड़े, जो 6.73% की गिरावट है।  सबसे ज्यादा वोटिंग रेवाड़ी में 64.1% हुई है, इसको लेकर भाजपा खुश है। हालांकि, मेव बाहुल्य इलाकों में वोटिंग प्रतिशत बढ़ने के कारण कांग्रेस काफी खुश है। पिछले चुनाव में भी मेव कांग्रेस के पक्ष में थे, इस बार भी राज बब्बर ने मेवों के सहारे ही इस सीट पर कड़ा मुकाबला बनाने की कोशिश की है।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

यह भी पढ़ें: Kaithal News: कैथल में ईवीएम के स्ट्रॉन्ग रूम के बाहर हंगामा: आप का आरोप- पुलिस ने पहरेदारी करने से रोका

यह भी पढ़ें: Haryana News: हरियाणा में भाजपा उम्मीदवार की पत्नी और कांग्रेस नेता के खिलाफ केस दर्ज, मतदान के दिन समर्थकों में हुई थी झड़प, पैसे बांटने का था आरोप

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शनldk

 

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed