Haryana Politics: फ्लोर टेस्ट के लिए विशेष सत्र बुलाने की तैयारी में भाजपा सरकार, राज्यपाल ने 30 कांग्रेस विधायकों से मांगे हस्ताक्षर

नायब सिंह सैनी और मनोहर लाल।

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। Haryana Politics: हरियाणा की अल्पमत में आई भाजपा सरकार को बर्खास्त करने तथा राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग कर कांग्रेस और जजपा दोनों दल बुरी तरह से फंस गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रविवार को संकेत दिए कि भाजपा सरकार लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा का विशेष सत्र बुला सकती है और फ्लोर पर बहुमत साबित करने को तैयार है। इसके साथ ही राज्यपाल ने कांग्रेस से अपने सभी 30 विधायकों के हस्ताक्षरों वाला पत्र देने को कहा है, ताकि फैसला लिया जा सके कि उन्हें क्या करना है। हालांकि कांग्रेस ने राजभवन से अभी इस तरह के निर्देश जारी होने की पुष्टि नहीं की है। 88 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के पास फिलहाल 45 विधायकों का समर्थन हासिल है, जबकि जजपा व कांग्रेस अपनी पार्टी के सभी विधायकों व एक इनेलो व एक निर्दलीय विधायक को जोड़ते हुए भाजपा सरकार के अल्पमत में होने का दावा कर रहे हैं।

छह विधायक भाजपा के संपर्क में

मनोहर लाल ने सभी राजनीतिक अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि जजपा को वैसे तो भाजपा द्वारा बहुमत साबित करने की मांग नहीं करनी चाहिए थी, लेकिन जब कर ही दी तो हम तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जजपा पूरी तरह से फूट का शिकार है। उसके छह विधायक हमारे संपर्क में हैं, जो फ्लोर पर भाजपा का साथ देंगे। इसी तरह, कांग्रेस ने भी अपने साथ 30 विधायक होने का दावा किया है, जो कि ठीक नहीं है। कांग्रेस के भी पांच से छह विधायक हमारे संपर्क में हैं, जो सरकार को अस्थिर करने के पक्ष में बिल्कुल भी नहीं हैं। मनोहर लाल ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर से राज्यपाल को दिया गया पत्र कोई अधिकृत पत्र नहीं है। उस पर हुड्डा के कार्यालय सचिव के हस्ताक्षर हैं, जिनकी कोई महत्ता नहीं है।

कांग्रेस ने की राष्ट्रपति शासन लगाकर सरकार को बर्खास्त करने की मांग

हरियाणा भाजपा की चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक एवं राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने दावा किया कि प्रदेश की भाजपा सरकार को किसी तरह का संकट नहीं है। भाजपा के पास बहुमत से भी ज्यादा विधायकों का समर्थन प्राप्त है। भाजपा की रणनीति से घिरी कांग्रेस ने बैकफुट पर आते हुए कह दिया है कि वह जजपा के साथ मिलकर सरकार नहीं बनाएगी। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी दीपक बाबरिया का कहना है कि हम जजपा के साथ सरकार बनाने के पक्ष में बिल्कुल भी नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारी ओर से राज्यपाल को भेजे पत्र में भी सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया गया है। भाजपा सरकार अल्पमत में है और विश्वास खो चुकी है, इसलिए राष्ट्रपति शासन लगाकर सरकार को बर्खास्त करते हुए विधानसभा चुनाव कराए जाने चाहिए।

Tag- Haryana Politics, BJP government, Manohar Lal, Nayab Singh Saini, Haryan Vidhansabha special session, Vidhansabha floor test

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0