Haryana Politics: घोषणाओं का पिटारा खोल मुख्यमंत्री सैनी ने ओबीसी वर्ग को साधा, क्रीमीलेयर की वार्षिक आय सीमा का बढ़ाया

नरेन्द्र सहारण, गुरुग्राम। Haryana Politics: हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले ओबीसी (OBC) वर्ग को साधने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार शाम घोषणाओं का पिटारा खोल दिया। इसके तहत क्रीमीलेयर की वार्षिक आय सीमा छह लाख रुपये से बढ़ाकर आठ लाख रुपये करने की घोषणा कर दी गई। केंद्र की तर्ज पर आय में वेतन और कृषि से आय को शामिल नहीं किया जाएगा। इससे ओबीसी वर्ग को काफी लाभ होगा। यही नहीं, नौकरियों में पिछड़ा वर्ग-ए और बी के बैगलाग को जल्द प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा। इसके अलावा, विधानसभा चुनाव में भी ओबीसी वर्ग से आने वाले उन नेताओं को प्राथमिकता दी जाएगी जो जीत सकते हैं। माना जा रहा है कि यह घोषणा भाजपा के लिए तुरुप का इक्का हो सकता है।

कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग का भला नहीं किया

रविवार शाम भाजपा ओबीसी मोर्चा की ओर से गुरुग्राम के तिकोना पार्क में आयोजित समरसता सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग का केवल वोट लिया। ओबीसी वर्ग का भला नहीं किया। ओबीसी वर्ग का लाभ केवल और केवल प्रधानमंत्री मोदी ने किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ओबीसी वर्ग के हितों की रक्षा कर रही है और आगे भी करेगी। ग्रुप-ए और ग्रुप-बी के पदों में पिछड़े वर्गों के 15 प्रतिशत आरक्षण को बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया जाएगा।

27 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था

उन्होंने कहा कि नौकरियों में बैगलाग को प्राथमिकता के आधार पर भरने के लिए भर्ती अभियान चलाया जाएगा। ओबीसी वर्ग के युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम में भी नियुक्ति के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था होगी। हरियाणा में ओबीसी वर्ग के बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए 12 हजार रुपये से 20 हजार रुपये तक छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। केंद्र ने भगवान विश्वकर्मा योजना के तहत ओबीसी वर्ग के लोगों के लिए 18 ट्रेड में प्रशिक्षण देने के लिए 13 हजार करोड़ रुपये के बजट का प्रविधान किया है।

ओबीसी को मोदी सरकार जितना लाभ किसी ने नहीं दिया

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार ने पिछले दस साल के कार्यकाल में जितना लाभ ओबीसी वर्ग को दिया है, उतना पूर्व की किसी सरकार द्वारा कभी भी नहीं दिया गया। इनसे पहले भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कर्णदेव कंबोज ने मोर्चा की तरफ से मुख्यमंत्री के सामने मांगें रखीं। जिनमें से अधिकतर मांगें मौके पर ही मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया। सम्मेलन को हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य व पूर्व सांसद डा. सुधा यादव, गुरुग्राम भाजपा जिलाध्यक्ष कमल यादव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व ओबीसी मोर्चा के प्रदेश प्रभारी जीएल शर्मा आदि ने संबोधित किया। आयोजन में भाजपा पर्यावरण प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक व पूर्व पार्षद कपिल दुआ ने विशेष भूमिका निभाई।

2047 तक हर स्तर पर मजबूत राष्ट्र होगा भारत

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2047 तक देश हर स्तर पर मजबूत राष्ट्र होगा। उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान विपक्ष खासकर कांग्रेस द्वारा झूठा प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता सब समझ चुकी है। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता को सच्चाई से अवगत कराएं। केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों से अवगत कराएं। प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।

 

CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed