Sonakshi Zaheer Wedding: पति-पत्नी के रिश्ते में बंधे सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल, जानें क्या-क्या हुआ
मुंबई, बीएनएम न्यूज : Sonakshi Sinha Zaheer Iqbal Wedding: बीते कई दिनों से सुर्खियों में छाई अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और अभिनेता जहीर इकबाल की शादी आखिरकार रविवार को संपन्न हुई। दोनों ने रविवार की दोपहर मुंबई के बांद्रा क्षेत्र में स्थित सोनाक्षी के घर में अपने माता-पिता और कुछ करीबियों की उपस्थिति में सिविल मैरिज रजिस्टर की। सोनाक्षी ने जहीर के साथ शादी रजिस्टर करते वक्त की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर साझा कर अपने वैवाहिक जीवन में प्रवेश करने की जानकारी सार्वजनिक की।
अब पति और पत्नी हैं
इन तस्वीरों में सोनाक्षी के पिता शत्रुघ्न सिन्हा भी बेटी सोनाक्षी के हाथों में हाथ डाले प्रसन्न नजर आ रहे हैं। तस्वीरों के साथ सोनाक्षी ने लिखा, ‘सात साल पहले आज ही के दिन (23 जून, 2017) एक दूसरे की आंखों में हमने प्यार को महसूस किया और उसे थामे रखने का फैसला किया। उस प्यार ने सभी चुनौतियों और जीत के दौरान हमारा मार्गदर्शन किया और आज हमें इस पल तक ले आया। हम दोनों ईश्वर के आशीर्वाद से… अब पति और पत्नी हैं।
रिसेप्शन पार्टी का आयोजन
मुंबई में हो रही वर्षा के बीच रात में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के मुंबई स्थित रेस्त्रां बैस्टियन में रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया। इस रिसेप्शन पार्टी में खबर लिखे जाने तक सोनाक्षी और जहीर के करीबी दोस्तों में शामिल गायक और रैपर हनी सिंह, अभिनेता गुलशन देवैया, आयुष शर्मा, अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, अदिति राव हैदरी समेत सिनेमा जगत से जुड़ी कई हस्तियां पहुंचीं।
सिविल मैरिज करने का निर्णय
गौरतलब है कि सोनाक्षी और जहीर दोनों अलग-अलग धर्म से हैं। ऐसे में जहीर के पिता इकबाल रतनसी ने शनिवार को ही स्पष्ट कर दिया था कि शादी के बाद सोनाक्षी धर्म परिवर्तन नहीं करेंगी। हिंदू या मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी न कर दोनों ने सिविल मैरिज करने का निर्णय लिया। सोनाक्षी और जहीर की मुलाकात अभिनेता सलमान खान की पार्टी के दौरान हुई थी।
सोनाक्षी ने सलमान की फिल्म दबंग से डेब्यू किया था। वहीं, जहीर के पिता इकबाल रतनसी सलमान के करीबी मित्र हैं। सलमान ने जहीर की पहली फिल्म नोटबुक को प्रोड्यूस भी किया था। सोनाक्षी और जहीर दोनों ने सात वर्षों तक एक दूसरे को डेट करने के बाद एक दूसरे से शादी की। हालांकि, शादी से पहले दोनों में किसी ने भी अपने रिश्ते पर सार्वजनिक रूप से बात नहीं की थी। दोनों 2022 में प्रदर्शित फिल्म डबल एक्सएल में साथ काम भी कर चुके हैं।
CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन