Haryana Politics: जानें क्यों फरीदबाद में पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा था, हंस मोती चुगेगा, दाना नहीं …..

नरेन्द्र सहारण, फरीदाबाद: Haryana Politics: कभी-कभी व्यक्ति जो सोचता है वो पूरा नहीं होता। ऐसा राजनीति में अक्सर होता है। इसी तरह की घटना पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के साथ जुड़ी हुई है। उन्होंने 2005 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री बनने के लिए बड़ी बात कही थी कि हंस मोती चुगता है दाना नहीं। पार्टी ने चुनाव के बाद इस बात के विपरीत फैसला लिया था। उनके धुर विरोधी रोहतक के तत्कालीन लोकसभा सांसद भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री बना दिया।
एसी चौधरी के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा में कहा
2005 के विधानसभा चुनाव में हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल थे। उनके नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव लड़ा। कांग्रेस नेतृत्व ने उनके अनुसार ही प्रत्याशियों को टिकट बांटी। मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में चौधरी बीरेंद्र सिंह और रोहतक के तत्कालीन लोकसभा सांसद भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी शामिल थे। हुड्डा और बीरेंद्र सिंह गुट में अंबाला की तत्कालीन लोकसभा सांसद सैलजा भी शामिल थी। चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल सोचते थे कि उनके ज्यादा से ज्यादा समर्थक चुनाव जीत कर विधायक बनेंगे। इन विधायकों की वजह से वह ही प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। इसलिए उन्होंने एनआइटी में पार्टी प्रत्याशी एसी चौधरी के पक्ष में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कुछ लोग कहते हैं कि इस बार भजनलाल मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे। उन्हें किसी प्रदेश का राज्यपाल बनाकर भेज दिया जाएगा।
कांग्रेस ने भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री बना दिया
इन चर्चाओं को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा था कि हंस मोती चुगता है, दाना नहीं चुगता। वह बनेंगे तो प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे और कुछ नहीं बनेंगे। यहां से एसी चौधरी को विधायक बनाकर भेज दो। मंत्री वह बना देंगे। एसी चौधरी उनके साथ 1982, 1991 में भी मंत्री रह चुके थे। एसी चौधरी भजनलाल के खास समर्थकों में गिने जाते थे। तब कांग्रेस ने रोहतक के सांसद भूपेंद्र सिंह हुड्डा को मुख्यमंत्री बना दिया। हंस के रूप में भजनलाल मोती नहीं चुग पाए। उन्हें बाद में कांग्रेस नेतृत्व ने किसी प्रदेश का राज्यपाल भी नहीं बनाया। दो वर्ष बाद उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी और हरियाणा जनहित कांग्रेस बनाई। एसी चौधरी एनआइटी से कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीते और वह प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ बिजली मंत्री बने। पूरे पांच वर्ष तक हुड्डा के साथ मंत्री रहे।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन