Haryana Politics: ‘आप’ को हरियाणा में तगड़ा झटका, निर्मल सिंह और बेटी चित्रा सरवारा कांग्रेस में करेंगे वापसी
चंडीगढ़, नरेंद्र सहारण। Haryana Politics: हरियाणा में आम आदमी पार्टी (Aap ) को तगड़ा झटका लगा है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले आप के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव एवं पूर्व मंत्री चौधरी निर्मल सिंह तथा उनकी बेटी चित्रा सरवारा ने मौजूदा पार्टी को छोड़ दिया है। चित्रा सरवारा आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले दोनों पिता-पुत्री कांग्रेस में थे, लेकिन 2019 के विधानसभा चुनाव में अंबाला छावनी और अंबाला शहर से टिकट नहीं मिलने से नाराज थे। तब चित्रा सरवारा ने अंबाला छावनी से मौजूदा गृह मंत्री अनिल विज के विरुद्ध पिता द्वारा गठित हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था और मात्र कुछ ही मतों से हारी थीं। निर्मल और चित्रा सरवारा दोनों के 5 जनवरी को नई दिल्ली में कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा व दीपेंद्र के प्रयासों से होगी दोनों की घर वापसी
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के करीबी निर्मल सिंह की कांग्रेस में वापसी राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करा सकते हैं। निर्मल सिंह और चित्रा सरवारा ने ऐसे समय में पार्टी छोड़ी है, जब आप के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री एवं राज्यसभा सदस्य डा. संदीप पाठक शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक लेने आ रहे हैं। निर्मल सिंह और चित्रा दोनों की गिनती आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रमुख पांच लोगों में होती थी। उनके पार्टी छोड़ने से अब प्रदेश अध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता, प्रांतीय प्रचार कमेटी के अध्यक्ष डा. अशोक तंवर और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा पार्टी में पहली पंक्ति के नेता बचे हैं। निर्मल सिंह की मित्रता जहां पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ है, वहीं चित्रा सरवारा की राजनीतिक मित्रता सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के साथ है। निर्मल सिंह को कुमारी सैलजा ने टिकट नहीं लेने दिया था, जिस कारण उन्हें कांग्रेस छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा था। अब भी सैलजा द्वारा निर्मल सिंह व चित्रा का कांग्रेस में वापसी पर विरोध किया जा सकता है।
डा. अशोक तंवर भी छोड़ सकते हैं आप
राजनीतिक गलियारों में चर्चा इस बात है कि डा. अशोक तंवर भी देर सबेर आप को छोड़ सकते हैं, लेकिन निर्मल व चित्रा सरवारा के पार्टी छोड़ने के कारण अब माना जा रहा है कि अशोक तंवर ऐसा कोई भी निर्णय तुरंत नहीं लेने वाले हैं। निर्मल व चित्रा के आप छोड़ने के बाद अब तंवर को आप में अपनी राजनीतिक काबिलियत दिखाने का मौका मिल सकेगा। हालांकि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही उन पर डोरे डाले हुए हैं।
आप अध्यक्ष को भेजे इस्तीफे में बताया पार्टी छोड़ने का निजी कारण
पूर्व मंत्री निर्मल सिंह और उनकी पुत्री चित्रा सरवारा ने वीरवार को पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डा. सुशील गुप्ता को अपना इस्तीफा भेजा है। निर्मल सिंह ने कांग्रेस छोड़ने के बाद हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट का गठन किया था और इसके तहत ही उन्होंने अंबाला सिटी से स्वयं विधानसभा चुनाव लड़ा। उनकी बेटी ने अंबाला कैंट में भाजपा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज को चुनौती दी। निर्मल सिंह को 55 हजार 944 वोट हासिल हुए थे और चित्रा ने 44 हजार 406 वोट हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी की जमानत जब्त करवा दी थी। इससे पहले 2019 में निर्मल सिंह ने कुरुक्षेत्र संसदीय सीट से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ा था। सात अप्रैल 2022 को निर्मल सिंह ने अपने फ्रंट का आम आदमी पार्टी में विलय कर दिया था। आप प्रदेशाध्यक्ष को भेजे इस्तीफे में पार्टी छोड़ने के पीछे दोनों ने निजी कारण बताया है।
भूपेंद्र हुड्डा निर्मल सिंह की घर वापसी के प्रयास में
भूपेंद्र सिंह हुड्डा लंबे समय से निर्मल सिंह की कांग्रेस में वापसी करवाने की कोशिश कर रहे थे। सूत्रों का कहना है कि यह मामला पार्टी हाईकमान तक पहुंचा। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने निर्मल सिंह के साथ सीधे बात की। इसके बाद पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी चर्चा हुई। बताते हैं कि इस दौरान यह मामला भी सामने आया कि पूर्व की तरह इस बार भी कुमारी सैलजा टिकट आवंटन के दौरान उनका विरोध कर सकती हैं। हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री रहे निर्मल सिंह नग्गल विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे। उनकी बेटी चित्रा सरवारा अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव रहीं। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सोशल मीडिया इंचार्ज भी चित्रा रह चुकी हैं।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन