Haryana Politics: धर्मबीर चौधरी के नामांकन में नहीं आए टिकट दिलाने वाले राव इंद्रजीत; अभय यादव से छत्तीस का आंकड़ा, लोगों के बीच चर्चाएं

धर्मवीर चौधरी का नामांकन।
नरेन्द्र सहारण, नारनौल। Haryana Politics: हरियाणा में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार चौधरी धर्मबीर चौधरी ने शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ सिंचाई मंत्री अभय सिंह यादव और पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा भी निर्वाचन कार्यालय पहुंचे। इस दौरान धर्मबीर चौधरी के साथी और गुरुग्राम सीट के भाजपा उम्मीदवार राव इंद्रजीत सिंह गायब रहे। इसकी लोगों के बीच चर्चाएं हैं।
राव इंद्रजीत सिंह व अभय सिंह यादव में 36 का आंकड़ा
वर्ष 2014 और 2019 में हुए चुनाव की बात करें तो राव इंद्रजीत सिंह व चौधरी धर्मबीर सिंह हमेशा साथ-साथ ही नजर आए हैं। इस बार राव इंद्रजीत सिंह ने धर्मबीर के नामांकन से दूरी बना ली। जबकि राव इंद्रजीत सिंह ने ही इस चुनाव में चौधरी धर्मबीर सिंह की टिकट की पैरवी की थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, राव इंद्रजीत सिंह व अभय सिंह यादव में 36 का आंकड़ा है और दोनों एक साथ मंच साझा करने से बचते हैं। यही कारण ही कि अभय सिंह यादव के आने की सूचना के बाद राव इंद्रजीत सिंह नामांकन में नहीं आए। वहीं राव इंद्रजीत के निजी सचिव नरेश शर्मा ने बताया की राव साहब गुरुग्राम में अपने निजी दौरों में व्यस्त हैं।
जानें अभय सिंह यादव और राव इंद्रजीत सिंह का क्या है विवाद
अहीरवाल बेल्ट में राव इंद्रजीत सिंह को कद्दावर नेता माने जाते हैं। राव इंद्रजीत सिंह लंबे समय गुड़गांव लोकसभा सीट से सांसद हैं, जबकि अभय सिंह यादव नांगल चौधरी से भाजपा विधायक हैं। 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में राव इंद्रजीत सिंह ने ही अभय सिंह यादव के लिए टिकट की पैरवी की थी। इसके बाद अभय सिंह यादव चुनाव जीत पाए थे।
राव इंद्रजीत सिंह ने अभय यादव को मंत्री नहीं बनने दिया
इसके बाद राव इंद्रजीत और अभय यादव के बीच मतभेद सामने आने लगे। इसका मुख्य कारण अभय सिंह यादव का दक्षिण हरियाणा में राजनीतिक तौर पर सक्रिय होना माना गया। 2014 में जब मंत्रिमंडल विस्तार की बारी आई तो राव इंद्रजीत सिंह ने अभय यादव को मंत्री नहीं बनने दिया। इसके बाद दोनों नेता एक मंच में साथ नहीं आए। 2019 में चुनाव में भी नांगल चौधरी से अभय यादव जीत गए, तब भी अभय यादव मंत्री नहीं बन पाए। 2024 में नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद मनोहर लाल खट्टर ने अभय यादव को मंत्री बनाने की पैरवी की। इसके बाद उन्हें सिंचाई मंत्री बनाया गया।
राजबब्बर ने 20 साल में कोई काम नहीं होने का आरोप लगाया
राव इंद्रजीत सिंह खुद गुड़गांव से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस ने गुड़गांव सीट पर बड़ा दांव लगाते हुए बॉलीवुड एक्टर और सासद राज बब्बर को चुनावी रण में उतारा है। कांग्रेस मेव, जाट और पंजाबी वोट के सहारे जीत का रास्ता बनाने में जुटी है। वहीं इंद्रजीत के लिए पिछले 20 साल की एंटी इंकम्बेंसी उनके लिए सबसे बड़ा खतरा है। कांग्रेस प्रत्याशी राज बब्बर बुनियादी समस्याओं का जिक्र करते हुए 20 साल में कोई काम नहीं होने का आरोप लगा रहे हैं। साथ ही सांसद को अपने काम के दम पर चुनाव लड़ने की नसीहत भी दे रहे हैं। वे तंज कस रहे हैं कि 20 साल बाद भी राव इंद्रजीत मोदी के नाम के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश कर रहे हैं। राजबब्बर ने कहा कि वह भी दो बार बारिश के मौसम में गुरुग्राम आए लेकिन यहां एक बार नाव तक चलती देखी। गुरुग्राम से प्रदेश को 70 प्रतिशत से ज्यादा राजस्व जाता है, क्या गुरुग्राम में यही विकास की गंगा है। उन्होंने पूछा कि भाजपा सरकार ने कहा था कि वह मानेसर तक मेट्रो ले जाएगी, लेकिन एक भी नया पिलर नहीं बनाया गया।
जनता तय करे कि देश के निर्माण के लिए वोट देना है या कुछ दिन का मनोरंजन करना है
वहीं, शुक्रवार को पटौदी में आयोजित नुक्कड़ सभाओं के दौरान मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने किसी प्रतिद्वंदी का नाम न लेते हुए कहा कि जनता को तय करना है कि उसे देश के विकास के नाम पर वोट देना है या चंद दिनों का मनोरंजन करना है। मैं तो जनता का परखा गया उम्मीदवार हूं। दूसरे उम्मीदवार को तो परखने में ही पांच साल लग जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए तथा 2047 तक भारत को विकसित करने के लिए कमल के निशान पर अपना वोट दें। यह चुनाव पंचायत चुनाव स्थानीय निकाय चुनाव अथवा विधानसभा चुनाव न होकर देश के नवनिर्माण का चुनाव है।
Tag- Haryana Politics, Rao Inderjit Singh, Dharmbir Choudhary, Abhay Yadav, Loksabha Election 2024, Bhiwani Mahendragarh Lok Sabha seat, Loksabha Election 2024
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन