Haryana Weather Update: 6 फरवरी से घटेगा पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव, शीत हवा चलने से अलसुबह रहेगी धुंध

नरेन्द्र सहारण, हिसार: Haryana Weather Update: हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 6 फरवरी से घटेगा। जिससे मौसम खुश्क रहेगा और शीत लहर चलेगी, इस दौरान अलसुबह हल्की धुंध छाई रहेगी। इससे पहले पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से शनिवार रात को हिसार में वर्षा हुई। वर्षा के बाद रविवार सुबह धूप निकली, हालांकि बादल छाए रहने से दिन भर धूप आती-जाती रही। प्रदेश में अधिकतर जिलों में बादल छाए रहे, जिससे न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। हिसार में रविवार का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि शनिवार को न्यूनतम तापमान छह डिग्री था।
कुछेक स्थानों पर तेज बारिश की संभावना
5 फरवरी को भी मौसम विज्ञानियों ने राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई है। साथ ही हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की वर्षा होगी। हालांकि कुछेक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना है। इस दौरान रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी होगी और दिन के तापमान में गिरावट आएगी। हिसार के चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डा. मदन खीचड़ ने बताया कि 6 फरवरी को दोपहर बाद पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने से मौसम खुश्क होने की संभावना बन रही है। 9 फरवरी तक मौसम खुश्क तथा इस दौरान हल्की गति से शीत हवाएं चलने की संभावना है। जिससे तापमान में हल्की गिरावट व अलसुबह धुंध छाई रहेगी।
नारनौल का तापमान 23 डिग्री तक पहुंचा
प्रदेश के प्रमुख जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिली। नारनौल का तापमान 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, गुरुग्राम और भिवानी का अधिकतम तापमान 20 डिग्री तक पहुंच गया।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर – न्यूनतम – अधिकतम
अंबाला 12.0 15.0
भिवानी 11.0 20.0
गुरुग्राम 12.0 20.0
हिसार 11.0 19.0
करनाल 12.0 17.0
कुरुक्षेत्र 12.0 17.0
नारनौल 11.0 23.0
सिरसा 12.0 19.0
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन