झारखंड के सीएम के पद से इस्तीफे के बाद हेमंत गिरफ्तार, चंपई सोरेन होंगे नए मुख्यमंत्री

रांची, एजेंसी।  झारखंड की राजधानी रांची से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं चंपई सोरेन झारखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। चंपई सोरेन के नेतृत्व में सरकार बनाने का दावा पेश किया गया है। जेएमएम-कांग्रेस और आरजेडी गठबंधन की ओर से चंपई सोरेन को नया नेता चुन लिया गया है। सत्तापक्ष की ओर से इससे संबंधित समर्थन भी राज्यपाल को सौंपा। बताया जा रहा है कि कल्पना सोरेन के नाम पर मतभेद होने के कारण चंपई सोरेन का नाम आगे बढ़ाया गया। अब राज्यपाल को अगले कदम पर फैसला लेना है। राज्यपाल ने समर्थन पत्र को देखने की बात कही है। विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि राज्यपाल के सामने 43 विधायकों ने परेड की बात कही गई। लेकिन राज्यपाल ने कहा कि वे पत्र देख रहे हैं, उसके बाद फैसला लेंगे।

विपक्ष की सरकारों को अस्थिर करने का भाजपाई काम जारी

हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने एक्स पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि जो मोदी जी के साथ नहीं गया, वो जेल जाएगा। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर ED लगाकर उनका त्यागपत्र देने को मजबूर करना संघवाद की धज्जियां उड़ाना है। PMLA के प्रावधानों को draconian बनाकर विपक्ष के नेताओं को डराना-धमकाना, भाजपा की टूल किट का हिस्सा है। षड्यंत्र के तहत एक-एक करके विपक्ष की सरकारों को अस्थिर करने का भाजपाई काम जारी है। भाजपा की वाशिंग मशीन में जो चला गया वो सफेदी की चमकार से साफ है, जो नहीं गया वो दाग़दार है ? तानाशाही से लोकतंत्र को अगर बचाना है तो भाजपा को हराना होगा। हम डरेंगे नहीं, संसद से सड़क तक लड़ते रहेंगे।

लोकतंत्र को तबाह करने का अभियान

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि ED, CBI, IT आदि अब सरकारी एजेंसियां नहीं रहीं, अब यह भाजपा की ‘विपक्ष मिटाओ सेल’ बन चुकी हैं। खुद भ्रष्टाचार में डूबी भाजपा सत्ता की सनक में लोकतंत्र को तबाह करने का अभियान चला रही है।

प्रजातंत्र की हत्या करने की कोशिश

हेमंत सोरेन के इस्तीफे पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने कहा, “जिस प्रकार से चुनी हुई सरकार को फर्जी केस में फंसाकर कार्रवाई की जा रही है। ये प्रजातंत्र की हत्या करने की कोशिश है बिना विपक्ष के ये लोग देश चलाना चाहते हैं।”

ज्ञात हो कि चंपई सोरेन हेमंत सोरेन के वफादार और राज्य के परिवहन मंत्री रहे हैं। भूमि सौदे से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा आठ घंटे से अधिक समय तक पूछताछ किए जाने के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। हेमंत सोरेन राजभवन पहुंच कर अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया।

जवाब से संतुष्ट नहीं थी ED की टीम

वहीं इसी बीच झारखंड में सत्ताधारी दल के विधायक राजभवन पहुंच चुके हैं। सूत्र बता रहे हैं कि राजभवन में विधायकों के परेड की भी तैयारी है। बता दें, ईडी की टीम ने सीएम हाउस में हेमंत सोरेन से करीब 8 घंटे की पूछताछ की। जेएमएम की सांसद महुआ माजी ने कहा कि अभी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी की हिरासत में है। सीएम अपना इस्तीफा सौंपने के लिए ईडी टीम के साथ राज्यपाल के पास गए हैं। चंपई सोरेन नए मुख्यमंत्री होंगे। हमारे पास पर्याप्त संख्या है।’ झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस्तीफा देने का फैसला किया है। चंपई सोरेन को विधायक दल का नया नेता चुना गया है। सभी विधायक हमारे साथ हैं।

 

कल्पना या चंपई सोरेन के सीएम बनने की चर्चा

हेमंत की गिरफ्तारी के बाद उनकी पत्नी यानि कल्पना सोरेन की सीएम बनाने की चर्चा तेज है। वहीं कल्पना सोरेन के अलावा चंपई सोरेन के सीएम बनाने की भी चर्चा है। हालांकि जेएमएम प्लान बी पर भी काम कर रहा है। दरअसल हेमंत सोरेन के प्लान बी में डिप्टी सीएम बनाने का भी प्रस्ताव है। सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक प्लान बी में झारखंड में दो उप मुख्यमंत्री होंगे।

 

रत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed