Hemant Soren Arrested: जानें क्या है जमीन घोटाला, जिसमें हुई झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं

रांची, BNM News : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ईडी ने रांची जमीन घोटाला मामले में बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले रांची स्थित सीएम आवास में ईडी ने उनसे दोपहर से रात आठ बजे तक लंबी पूछताछ की। रात लगभग साढ़े आठ बजे हेमंत ने राजभवन जाकर त्याग-पत्र सौंपा, जिसे राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया। इस बीच महागठबंधन (झामुमो-कांग्रेस-राजद) ने झारखंड सरकार के मंत्री चम्पाई सोरेन को विधायक दल का नेता चुनकर सीएम के रूप में उनका नाम आगे किया है। चम्पाई सोरेन ने महागठबंधन के 47 विधायकों के समर्थन का पत्र भी रात में ही राज्यपाल को सौंप दिया। अब नए मुख्यमंत्री के रूप में उनके शपथ ग्रहण को लेकर राजभवन पर सबकी नजरें टिकी हैं। बताया जा रहा है कि राज्यपाल अभी निर्णय लेने में एक-दो दिन का समय ले सकते हैं।

हेमंत की गिरफ्तारी की आशंका पहले से ही थी

 

चम्पाई तीन बसों से सत्ता पक्ष के विधायकों को साथ लेकर राजभवन पहुंचे थे। हेमंत की गिरफ्तारी की आशंका पहले से ही जताई जा रही थी, जिसे देखते हुए सत्ताधारी गठबंधन ने इसकी पुख्ता तैयारी कर नए सीएम के रूप में चम्पाई का चुनाव कर लिया था। हेमंत द्वारा इस्तीफा दिए जाने के बाद ईडी के अधिकारी उन्हें रांची स्थित ईडी के जोनल कार्यालय ले गए। वहां उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने भी उनसे मुलाकात की। हेमंत को अब गुरुवार को ईडी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। ईडी उन्हें आगे की पूछताछ के लिए रिमांड पर भी ले सकती है।

आदिवासी संगठनों ने किया झारखंड बंद का ऐलान

 

बुधवार को ईडी के हाथों गिरफ्तार किए जाने के पूर्व हेमंत सोरेन ने झारखंड हाईकोर्ट में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ याचिका दाखिल कर दी है। इस पर गुरुवार को सुबह साढ़े दस बजे सुनवाई होगी। हेमंत की गिरफ्तारी के विरोध में आदिवासी मूलवासी संगठनों ने गुरुवार को झारखंड बंद का ऐलान किया है। आदिवासी मूलवासी के नेता शशि पन्ना ने बताया कि दो दर्जन से अधिक संगठन के सदस्यों ने बैठक के बाद यह निर्णय लिया है।

कल्पना को मुख्यमंत्री बनाए जाने की थी चर्चा

 

हेमंत की गिरफ्तारी की खबरें बाहर आने के बीच रात आठ बजे तक राजभवन के बाहर विधायकों का जमावड़ा लग चुका था। सरकार में झामुमो की सहयोगी पार्टी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने घोषणा की कि चम्पाई सोरेन को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। राज्यपाल से आज ही चम्पाई सोरेन को मुख्यमंत्री पद पर शपथ ग्रहण करा दें। इससे पहले हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को मुख्यमंत्री बनाए जाने की चर्चा चल रही थी। लेकिन परिवार में विरोध के चलते कल्पना का नाम वापस ले लिया गया। हालांकि चम्पाई का नाम भी शुरू से विकल्प के तौर पर चर्चा में था। वह झामुमो के वरिष्ठ नेता हैं और वह सरायकेला विधानसभा सीट से विधायक हैं। परिवहन मंत्रालय के साथ उनके पास आदिवासी कल्याण मंत्री का प्रभार भी है।

यह है जमीन घोटाला

 

मुख्यमंत्री हेमंत पर ईडी ने जिस मामले में शिकंजा कसा है, वह रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में स्थित कुछ महंगे भूखंडों से संबंधित है, जिनकी डीड में हेराफेरी कर अवैध तरीके से खरीद-बिक्री की गई है। ईडी ने अपनी जांच में पाया कि रांची समेत झारखंड में कई जगह भू माफिया का एक बड़ा रैकेट काम कर रहा है जो सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और प्रभावशाली लोगों की मिलीभगत से दस्तावेज में हेराफेरी कर ऐसे भूखंडों को भी अवैध तरीके से बेच रहा है, जिनकी खरीद-बिक्री वैध तरीके से नहीं हो सकती। इस मामले में जांच आगे बढ़ी तो ईडी ने रांची के उपायुक्त रहे छवि रंजन समेत कई अधिकारियों, कर्मचारियों, दलालों और व्यवसायियों को गिरफ्तार किया।

रांची के बड़गाई अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद के आवास से बड़े पैमाने पर बरामद सरकारी दस्तावेज के आधार पर हेमंत के करीबी पावर ब्रोकर प्रेम प्रकाश की भूमिका सामने आई और बाद में पूर्व सीएम के इस मामले से तार जुड़े। ईडी ने पूर्व में इस मामले में 41 ठिकानों पर छापेमारी और पांच जगहों पर सर्वे किया था। छापेमारी में भूमि राजस्व विभाग की जाली मुहरें, जाली भूमि दस्तावेज, जालसाजों के बीच अपराध की कमाई के बंटवारे के प्रमाण, जालसाजी करने से संबंधित तस्वीरें तथा सरकारी अधिकारियों को रिश्वत देने के प्रमाण से जुड़ी जानकारियां सामने आईं। रांची में सेना के उपयोग वाली 4.55 एकड़ जमीन की अवैध तरीके से खरीद-बिक्री के मामले में दर्ज प्राथमिकी से यह जांच शुरू हुई थी। इस मामले को टेकओवर कर ईडी ने जांच आगे बढ़ाई।

पूछताछ के लिए 10 बार समन

 

रांची जमीन घोटाला मामले में अगस्त 2023 से लेकर अबतक ईडी हेमंत को पूछताछ के लिए 10 समन भेज चुकी थी। आठवें समन के बाद हेमंत ने पूछताछ के लिए समय दिया था। इसके बाद 20 जनवरी को ईडी ने उनसे सात घंटे तक पूछताछ की थी। इसके बाद बुधवार को उनसे इसी मामले में ईडी ने दोबारा पूछताछ की। इस पूछताछ के पहले ईडी ने सोमवार को हेमंत के दिल्ली दौरे के बीच उनके दिल्ली स्थित आवास तथा झारखंड भवन में छापेमारी की थी। उस वक्त हेमंत अपने आवास पर नहीं थे।

सोमवार पूरे दिन वह कहां रहे, इस संबंध में कोई जानकारी सामने नहीं आई। सोमवार को भी यह चर्चा तेज रही कि ईडी हेमंत को दिल्ली में ही गिरफ्तार कर लेगी। हालांकि इन चर्चाओं के बीच वह अचानक रांची पहुंच गए और मंगलवार अपराह्न एक बजे से लेकर देर रात तक सत्ता पक्ष के विधायकों, मंत्रियों तथा सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं के साथ बैठक करते रहे। इस बैठक में उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं। ईडी के सख्त रुख को देख झामुमो और कांग्रेस ने पहले ही अपना प्लान बी तैयार कर रखा था। साहिबगंज में 1250 करोड़ के अवैध पत्थर खनन मामले में भी ईडी ने मुख्यमंत्री हेमंत से 17 नवंबर 2022 को नौ घंटे की पूछताछ की थी। पूछताछ के दौरान ईडी ने उनसे उनकी चल-अचल संपत्ति का ब्योरा भी मांगा था। सीएम ने अपनी संपत्ति का ब्योरा भी सौंपा था।

 

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed