रेवाड़ी में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा, कहा- परिवारवाद में फंसी पार्टी को हर कोई छोड़ रहा

हरियाणा के रेवाड़ी में लोगों को संबोधित करते पीएम नरेंद्र मोदी।

नरेन्द्र सहारण, रेवाड़ी (हरियाणा)। हरियाणा से भाजपा के लोकसभा चुनाव के प्रचार को गति देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि कांग्रेस का एकमात्र एजेंडा मोदी का विरोध करना है। देश की जनता कांग्रेस के इस एजेंडे को समझ रही है। यही कारण है कि परिवारवाद में फंसी कांग्रेस को हर कोई छोड़ रहा है। रेवाड़ी में आयोजित विकसित भारत-विकसित हरियाणा रैली में पीएम मोदी ने कहा कि इस पार्टी का ट्रैक रिकार्ड सिर्फ एक परिवार के हित को देशवासियों से ऊपर रखने का है। इसका इतिहास सबसे बड़े घोटालों का है। कांग्रेस का ट्रैक रिकार्ड आतंकवाद, अलगाववाद को बढ़ावा देने का है। सेना और सैनिक दोनों को कमजोर करने का है। यह बातें याद रखनी जरूरी हैं क्योंकि कांग्रेस की टीम, नेता, नीयत और निष्ठा एक ही परिवार के लिए है। इसमें भ्रष्टाचार और बर्बादी है।

कांग्रेस ने मेरे खिलाफ सारे मोर्चे खोल दिए

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को रेवाड़ी में 1650 करोड़ रुपये की लागत से 210 एकड़ में बनने वाले अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की आधारशिला रखी। उन्होंने कुल 9750 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री मोदी ने रैली में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की हर साजिश के सामने जनता मेरी ढाल बनकर खड़ी हो जाती है। इस बार भी कांग्रेस ने मेरे खिलाफ सारे मोर्चे खोल दिए हैं लेकिन जन समर्थन का सुरक्षा कवच मेरे साथ है।

अकेले भाजपा को मिलेंगी 370 से ज्यादा सीट

 

लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को 400 से ज्यादा सीट मिलने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मविश्वास पर जनता ने भी मुहर लगा दी। मोदी ने रैली में कहा कि जन आशीर्वाद से अबकी बार राजग 400 के पार और अकेले भाजपा को 370 से ज्यादा सीट मिलेंगी। मोदी ने कहा कि जनता कह रही है कि जिस भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया, उसका टीका इस बार 370 सीटों से होगा। रैली में मोदी के इस आत्मविश्वास को उपस्थित लोगों ने जयश्रीराम और मोदी-मोदी के नारों से अपना समर्थन दिया। इससे पहले रैली मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया।

कांग्रेस के लोग भी अब जय सियाराम बोलने लगे

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता की इच्छा थी कि अयोध्या में प्रभु राम का भव्य मंदिर बने। आज पूरा देश में भव्य राम मंदिर में विराजे रामलला के दर्शन कर रहा है। कांग्रेस के जो लोग, हमारे भगवान राम को काल्पनिक बताते थे, जो कभी नहीं चाहते थे कि अयोध्या में प्रभु राम का मंदिर बने, वे भी जयश्रीराम बोलने लगे हैं। कांग्रेस ने दशकों तक जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने में रोड़े अटकाए थे। मैंने आपको गारंटी दी थी कि जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर रहूंगा। आज कांग्रेस की लाख कोशिश के बावजूद अनुच्छेद 370 इतिहास के पन्नों में खो गया है। आज जम्मू कश्मीर में महिलाओं, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों को उनके हक मिलने लगे हैं। इसलिए ही तो देश की जनता ने भाजपा को 370 और राजग को 400 से अधिक सीट जिताने का संकल्प ले लिया है।

मेरे लिए जनता जनार्दन का आशीर्वाद बड़ी पूंजी

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सीटों का महत्व तो है ही, लेकिन मेरे लिए उसके साथ-साथ जनता जनार्दन का आशीर्वाद बहुत बड़ी पूंजी है। भारत आज नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है तो यह सब जनता के आशीर्वाद के कारण। उन्होंने कहा कि वह बृहस्पतिवार को ही दो देशों की यात्रा के बाद हिंदुस्तान लौटे हैं। यूएई और कतर में जिस प्रकार आज भारत को सम्मान मिलता है, वह सम्मान सिर्फ मोदी का नहीं है, हर भारतीय का है। भारत ने जी-20 का सफल सम्मेलन किया तो यह आपके आशीर्वाद से हुआ। भारत का तिरंगा चंद्रमा पर वहां पहुंचा ,जहां कोई नहीं पहुंच सका। 10 वर्षों में भारत 11वें नंबर से ऊपर उठकर पांचवें नंबर की आर्थिक महाशक्ति बना। अब मुझे अपने तीसरे टर्म में आने वाले सालों में भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक ताकत बनाने के लिए आपसे आशीर्वाद चाहिए।

 

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

 

 

You may have missed