INDIA Alliance: मल्लिकार्जुन खरगे होंगे INDIA गठबंधन के अध्यक्ष, नीतीश कुमार का संयोजक बनने से इंकार

नई दिल्ली, एजेंसी: लोकसभा चुनाव से पहले इंडिया गठबंधन (INDIA Alliance ) ने अपना अध्यक्ष चुन लिया है। इंडिया ग्रुप की वर्चुअल बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के नाम पर सहमति बनी है। ऐसे में अब यह तय हो गया है कि इंडिया ब्लॉक की कमान अब दलित नेता मल्लिकार्जुन खरगे के हाथ में होगी। विपक्षी धड़े की बैठक में सीटों के बंटवारे से पहले अध्यक्ष के नाम पर सहमति बन गई है। इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को संयोजक बनाए जाने की चर्चा थी।

बैठक में ममता बनर्जी, अखिलेश यादव और उद्धव ठाकरे शामिल नहीं थे। कहा जा रहा है कि उनके कुछ कार्यक्रम पहले से तय थे इसलिए वे शामिल नहीं हुए, लेकिन, नीतीश कुमार, लालू यादव, मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, शरद पवार, स्टालिन, समेत कई बड़े नेता इस मीटिंग में शामिल थे। बड़े नेताओं की इस बैठक से दूरी ने इंडिया गठबंधन की एकजुटता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

नीतीश बोले, कांग्रेस से हो अध्यक्ष

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार गहन विचार-विमर्श के बाद कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे को विपक्षी गुट इंडिया का अध्यक्ष चुना गया। हालांकि, विपक्षी गठबंधन के लोकसभा चुनावों के लिए सीट-बंटवारे की योजना अब तक सामने नहीं आई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शीर्ष पद के दूसरे दावेदार थे। हालांकि बैठक में खुद नीतीश कुमार ने कहा कि कांग्रेस से किसी को कमान संभालनी चाहिए। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चेयरपर्सन चुनना इंडिया ब्लॉक के सामने आने वाली कई चुनौतियों का केवल एक पहलू है। उन्हें सभी दलों के बीच सीट बंटवारे के अहम मुद्दे से निपटना है।

खरगे के कंधे पर अहम जिम्मेदारी

इंडिया गठबंधन का अध्यक्ष चुने जाने के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कंधे पर अहम जिम्मेदारी आ गई है। ऐसे में खरगे पर क्षेत्रीय दलों के साथ सीटों के बंटवारे की अहम चुनौती से पार पाना होगा। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार खरगे की जिम्मेदारी अब दोहरी हो गई है। एक तरह कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते पार्टी हितों के साथ ही उन्हें गठबंधन को एकजुट रखने की जिम्मेदारी को भी निभाना होगा।

नीतीश का संयोजक के पद से इनकार

 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इंडिया गठबंधन की बैठक में संयोजन के पद पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस की तरफ से संयोजक पद के लिए बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के नाम का प्रस्ताव किया गया। हालांकि, नीतीश कुमार ने संयोजक का पद लेने से इनकार कर दिया। नीतीश कुमार की तरफ से इस संबंध में स्थिति साफ कर दी गई है। नीतीश ने कहा कि मेरी किसी पद में दिलचस्पी नहीं है। नीतीश कुमार ने कहा कि गठबंधन को जमीनी स्तर पर बढ़ाना सबसे ज्यादा जरूरी है।

 

You may have missed