हरियाणा और UP के 5600 निर्माण श्रमिक देंगे इजरायल में सेवाएं, पांच और राज्यों ने भर्ती अभियान चलाने की इच्छ जताई

नरेन्द्र सहारण, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा राज्य के निर्माण श्रमिकों को कुशल और सुरक्षित तरीके से काम करने के लिए इजरायल भेजने के प्रयास रंग लाने लगे हैं। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम इंटरनेशनल (NSDCI ) द्वारा संचालित किए जा रहे भर्ती अभियान में हरियाणा और उत्तर प्रदेश के करीब 5600 कुशल निर्माण श्रमिकों का इजरायल में काम करने के लिए चयन हो गया है। सुखद बात यह है कि यह निर्माण श्रमिक बिना किसी अवैध तरीके से सरकार के संरक्षण में साफ-सुथरे ढंग से इजरायल जाएंगे और भविष्य में उनके जीवन को किसी तरह का खतरा होने की बिल्कुल भी आशंका नहीं रहेगी। इजरायल सरकार की योजना भारत से हर सप्ताह 700 से 1000 कुशल श्रमिकों को अपने देश ले जाने की है।

युवाओं को नौकरी के लिए इजरायल भेज रही हरियाणा सरकार

 

पंजाब और हरियाणा दो राज्य ऐसे हैं जहां के युवा अवैध ट्रैवल एजेंटों के माध्यम से मोटा पैसा देकर अवैध ढंग से विदेश जाने को हमेशा तत्पर रहते हैं। फिर भी इस बात की गारंटी नहीं होती कि वह सुरक्षित पहुंच गए हैं या नहीं। ऐसे युवाओं के मां-बाप अपने प्रदेश में बच्चों के लिए हमेशा चिंतित रहते हैं। कई बार तो डोंकी तरीके से विदेश गए युवाओं के दस्तावेज व फोन छीन लिए जाते हैं और उनके परिवार वालों के साथ बातचीत तक नहीं कराई जाती। हरियाणा सरकार ने हालांकि ट्रैवल एजेंटों की इस मनमानी को रोकने के लिए अपने यहां बड़ा कानून बना दिया है, लेकिन इस कानून से अलग प्रदेश सरकार अपने संरक्षण, देखरेख और सानिध्य में राज्य के युवाओं को नौकरी के लिए इजरायल भेज रही है। वहां फिलिस्तीन के साथ युद्ध के बाद निर्माण श्रमिकों की बेहद जरूरत आन पड़ी है। अकेले हरियाणा से करीब 10 हजार निर्माण श्रमिकों के इजरायल भेजे जाने की मांग की गई थी। यह सारी प्रक्रिया भारत सरकार की देखरेख में चल रही है।

उत्तर प्रदेश और हरियाणा से अब तक 5600 युवा चयनित

 

हरियाणा से अरब व मध्य एशिया देशों के लिए भी 41 श्रेणियों में नौकरियों के लिए आवेदन मांगे गए थे। विपक्ष भले ही सरकार की इस पहल पर सवाल उठा रहा है, लेकिन अवैध ढंग से विदेश जाने से बेहतर सरकारी संरक्षण में विदेश जाने की सरकार की योजना से उनके अभिभावक काफी खुश हैं। एनएसडीसीआइ की ओर से चलाए जा रहे भर्ती अभियान में उत्तर प्रदेश और हरियाणा से 5600 युवाओं का अभी तक चयन बड़ी बात है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के पास राज्य के चयनित युवाओं की सूची मंगलवार तक आने की संभावना है। अब मिजोरम, तेलंगाना, राजस्थान, बिहार और हिमाचल प्रदेश ने भी इस भर्ती अभियान में शामिल होने की इच्छा जताई है। इन 5 राज्यों ने राष्ट्रीय कौशल विकास निगम इंटरनेशनल से अपने राज्यों के युवाओं के इजरायल जाने के लिए भर्ती अभियान चलाने का अनुरोध किया है।

 

5 साल काम करने पर भारत में आएंगे पांच हजार करोड़

 

हरियाणा कौशल रोजगार निगम की कंपनी सेक्रेटरी पल्लवी संधीर के अनुसार जब तक हमारे पास पूरा डाटा नहीं आ जाता, तब तक कुछ भी दावा करना उचित नहीं रहेगा। बात यह है कि अगर भारत से पांच हजार उम्मीदवार इजरायल में पांच साल तक काम करते हैं, तो भारतीय परिवारों के पास वेतन के रूप में पांच हजार करोड़ रुपये पहुचेंगे।

देश-प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी

 

हरियाणा के मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सचिव अजय गौड़ ने कहा कि राज्य सरकार कुशल युवाओं को विदेश भेजने की दिशा में आगे बढ़ रही है। अभी तक हमारे युवा अवैध तरीके से विदेश जाते थे। उनका पैसा और भविष्य सब कुछ बर्बाद होता था। मां-बाप हमेशा चिंतित रहते थे। यह गारंटी भी नहीं थी कि मां-बाप का बेटा या बेटी विदेश पहुंचे भी हैं या नहीं। लेकिन सरकार बहुत ही पारदर्शी तरीके से जरूरतमंद व हुनरमंद लोगों को अधिक से अधिक वेतन तथा सुविधाओं पर विदेश भेज रही है। इसे माइंड एक्सचेंज भी कह सकते हैं। हमारा माइंड जब बाहर जाएगा तो वह आगे हजारों-लाखों लोगों को जोड़ेगा। भारत व हरियाणा की इकोनामी मजबूत होगी तथा परिवारों के परिवार मजबूत होंगे।

 

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed