Kaithal News: कलायत के 5 सुपरवाइजर और 40 लिपिकों को नहीं मिला नियुक्ति पत्र, पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा ने ल‍ि‍खा मुख्यमंत्री को पत्र

Jobs In Haryana

नरेन्‍द्र सहारण, कलायत, कैथल: Kaithal News: हरियाणा के कैथल जिले के कलायत में बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी पाने वाले पांच सुपरवाइजर व 40 लिपिकों को एक माह से नियुक्ति पत्र नहीं मिले हैं। यह सभी करीब 24 हजार युवाओं को मिली नौकरी पाने वालों में शामिल थे। इन्हें मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद भी नियुक्ति पत्र नहीं मिल पाए हैं। इसके लिए चयनित कर्मी सीधे तौर चयनित सत्कार संगठन विभाग को जिम्मेवार ठहरा रहे हैं। इनका कहना है कि वे अपने शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज कार्यालय में जमा करवा चुके हैं। बावजूद इसके चयनितों को नियुक्ति नहीं दी जा रही। चयनित युवाओं से जुड़ी समस्या के संज्ञान में आने के बाद पूर्व राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने भी 12 नवंबर 2024 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने चयनित युवाओं से जुड़ी समस्या का निवारण करने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया है।

जांच पूरी होने के बाद भी नहीं मिल नहीं नियुक्ति

सुरेंद्र कुमार, सोनू, अजय, सुनीता, रमेश और दूसरे प्रभावितों का कहना है कि 17 अक्टूबर 2024 को सुपरवाइजर व लिपिकों का परिणाम पारदर्शिता से जांच पड़ताल के बाद घोषित किया गया। इस संबंध में मुख्य सचिव हरियाणा द्वारा जारी निर्देशों अनुसार 24 घंटे के अंदर प्रोविजन नियुक्ति पत्र जारी करने थे। इसके मद्देनजर समस्त चयनित युवा लगातार हर रोज नौ बजे से शाम पांच बजे तक लगातार कार्यालय सेक्टर 18 में जा रहे हैं। इनकी नियुक्ति नहीं हो पा रही है। आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी इस मामले में मुख्य सचिव हरियाणा की हिदायत को दरकिनार कर रहे हैं। यह साफ तौर से हरियाणा में बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरी पाने वाले युवाओं के साथ खिलवाड़ है।

मानव संसाधन उप सचिव के पत्र मेंं है बिन देरी नियुक्ति का उल्लेख

चयनित युवाओं द्वारा नेताओं के माध्यम से मुख्यमंत्री से लगाई जा रही नियुक्ति की गुहार में उप सचिव मानव संसाधन-1, मुख्य सचिव सरकार एस सिंह द्वारा 18 अक्टूबर 2024 को जारी पत्र की प्रति भी उपलब्ध करवाई गई है। इसमें सरकार के अधीन किसी भी विभाग, बोर्ड, निगम में सिविल पदों पर नियुक्ति के लिए चयनित नवनियुक्त अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र के साथ चरित्र के सत्यापन से पूर्व नियुक्ति के आदेश हैं। इस संबंध में राज्य के सभी प्रशासनिक सचिव हरियाणा सरकार, विभागाध्यक्ष, बोर्ड, निगमों के प्रबंध निदेशकों, मंडल आयुक्तों, जिला एवं सत्र न्यायाधीशों, उपायुक्तों और हरियाणा राज्य के सभी विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रारों को पत्र जारी किया गया है।

विषय पर राज्य सरकार की अधिसूचना संख्या और दिनांक का उल्लेख किया गया है। निर्देश हैं कि राज्य सरकार ने मामले पर पुनर्विचार किया है और निर्णय लिया है कि अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने वाले मामलों में हरियाणा सिविल सेवा (अनुकंपा वित्तीय सहायता या नियुक्ति) नियम, 2019, हरिहर पर्सन पालिसी 2021 के तहत या शहीद नीति के तहत कार्यभार ग्रहण करने में अनुचित देरी से बचने के उद्देश्य से नियुक्ति पत्र भी जारी किया जा सकता है।

सत्यापित दस्तावेज जमा करवा चुके हैं युवा

पूर्व राज्य मंत्री कमलेश ढांडा ने बताया कि उन्होंने युवाओं द्वारा उनके समक्ष उठाई गई समस्या पर तुरंत संज्ञान लिया है। इसके आधार पर सीएम नायब सिंह सैनी को पत्र लिखा गया है। इसमें संबंधित विभाग सत्कार संगठन सेक्टर-18 चंडीगढ़ को निर्देशित करते हुए कार्यालय स्तर पर मेल डालकर चयनित युवाओं का रिकार्ड चयन आयोग से मंगवाकर प्रोविजन नियुक्ति पत्र जारी करने का आग्रह सीएम से किया गया है। उम्मीदवारों ने समस्त दस्तावेज सत्यापित करवा कर विभाग में जमा करवा दिए हैं।

You may have missed