Kaithal News: सरकारी अस्पतालों में डॉक्टर हड़ताल पर रहे, भटके मरीज

नरेन्द्र सहारण, कैथल। Kaithal News: जिलेभर में सरकारी अस्पतालों के चिकित्सकों ने सोमवार को मांगों के समर्थन में पेन डाउन हड़ताल की। इस हड़ताल का आयोजन हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेस एसोसिएशन ने किया था, जिसमें मांगों में स्पेशलिस्ट कैडर को लागू करने, वरिष्ठ मेडिकल ऑफिसर की सीधी भर्ती पर रोक लगाने, सर्विस रूल में संशोधन करने और केंद्र स्तर पर एसीपी वेतन वृद्धि को लेकर मांग की गई।
यह हड़ताल सुबह आठ बजे शुरू हुई और सुबह 10 बजे तक जारी रही। इस दौरान अस्पताल में मरीजों को बहुत समस्याएं उठानी पड़ी, क्योंकि उन्हें उनकी चिकित्सा सेवाओं में विलंब का सामना करना पड़ा। हड़ताल के दौरान केवल आपातकालीन सेवाएं ही जारी रखी गई थी। ओपीडी में देरी होने के चलते मरीजों के लैब में भी सैंपल नहीं हो पाए क्योंकि ओपीडी आठ की बजाय 10 बजे शुरू हुई थी।
दो घंटे की हड़ताल का आह्वान
गौरतलब है कि हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेस एसोसिएशन के आह्वान पर मांगों को लेकर दो घंटे की हड़ताल का आह्वान किया था। मांगों में स्पेशलिस्ट कैडर लागू करने, वरिष्ठ मेडिकल ऑफिसर की सीधी भर्ती पर रोक लगाने, सर्विस रूल में संशोधन व केंद्र स्तर पर एसीपी वेतन वृद्धि लागू करने की मांग प्रमुख है। इनके अलावा एसीपी में देरी, चार्जशीट मामलों में की जा रही देरी से भी डॉक्टरों में रोष है।
इसके साथ ही जिला नागरिक अस्पताल में 55 स्वीकृत पदों में से मात्र 15 चिकित्सक ही कार्यरत हैं। इसके मुकाबले में 40 पद रिक्त हैं। 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में से 11 में एक भी चिकित्सक नहीं है। विशेषज्ञ चिकित्सक न होने के कारण मरीजों की कठिनाइयां और अधिक बढ़ जाती हैं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी कई समस्याएं
जिले में चिकित्सकों की कमी के चलते सामान्य अस्पतालों में भी अव्यवस्था का आलम रहता है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी कई समस्याएं हैं। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेस एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. ललित ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग में विशेषज्ञों के लिए अलग से कैडर बनाने की मांग की जा रही है। इसको लेकर सीएम नायब सिंह सैनी ने भी घोषणा की थी, लेकिन उसके बाद भी कुछ नहीं हुआ। मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री से भी कई बार मिल चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी मांगों को पूरा नहीं किया रहा है।
दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल की
कैथल के जिला नागरिक अस्पताल के जिला प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सचिन मांडले ने कहा कि हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेस एसोसिएशन के आह्वान पर मांगों को लेकर चिकित्सकों ने दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल की थी। यह हड़ताल सुबह 10 बजे तक जारी रही थी। इसके बाद सभी चिकित्सकों ने अपनी-अपनी ड्यूटी संभालते हुए मरीजों का इलाज किया था। हड़ताल के समय आपातकालीन सेवाएं बंद नहीं हुई थीं। इस दौरान आपातकालीन सेवाएं जारी रही थी। यहां पर मरीजों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आने दी गई। ।
हड़ताल की देनी चाहिए पहले जानकारी
कैथल के गांव क्योड़क निवासी रामरती देवी ने बताया कि पथरी की बीमारी का इलाज करवाने के लिए अस्पताल में पहुंची थी, लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने हड़ताल कर रखी थी। इसलिए यहां पर इलाज नहीं मिला और वह वापस चली गई। हड़ताल से पहले अस्पताल प्रबंधन को लोगों को जानकारी जरूर देनी चाहिए। एसोसिएशन की मांग है कि पुरानी पॉलिसी को लागू कर दिया जाए। पहले यह राशि 50 लाख थी, लेकिन सरकार की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। इसके अलावा एसएमओ की सीधी भर्ती नहीं होनी चाहिए। जो पद खाली पड़े है, उन पर चिकित्सकों की भर्ती की जाए।
मरीजों को करना पड़ा इंतजार
गांव सिरटा से पत्नी सोनिया की दवा लेने के लिए पहुंचे राहुल कुमार ने बताया कि वह सोमवार सुबह आठ बजे ही अस्पताल में पहुंच गया था। यहां पर आकर जानकारी मिली कि चिकित्सकों ने दो घंटे की हड़ताल की है। इसलिए उसे दो घंटे तक का इंतजार करना पड़ा। सुबह के समय ओपीडी की पर्ची नहीं काटी गई। हड़ताल के बावजूद देरी से पर्ची कटने के चलते इलाज में भी देरी हुई। इसी तरह कई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
CLICK TO VIEW WHATSAAP CHANNEL
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन