Loksabha Election 2024: आम आदमी पार्टी ने किया ऐलान, दिल्ली-हरियाणा में इन पर लगाया दांव

नई दिल्ली, BNM News: लोकसभा चनाव के लिए कांग्रेस से समझौता होने के तुरंत बाद मंगलवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली और हरियाणा के लोकसभा उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने अपने विधायकों पर बड़ा भरोसा जताते हुए दिल्ली में तीन विधायक कुलदीप कुमार, सही राम पहलवान और सोमनाथ भारती को टिकट दिया है। वहीं दिल्ली के ही पूर्व सांसद महाबल मिश्रा को मैदान में उतारने का भी फैसला किया है। हरियाणा में आप के हिस्से गठबंधन में एक सीट आई है। यहां की कुरुक्षेत्र सीट से पार्टी ने पूर्व राज्यसभा संसद सुशील गुप्ता को टिकट दिया है।

सोमनाथ भारती को नई दिल्ली सीट से टिकट

प्रतिष्ठित नई दिल्ली सीट से पार्टी के तीन बार के विधायक सोमनाथ भारती उम्मीदवार होंगे। आईआईटी दिल्ली से पढ़े लिखे सोमनाथ भारती पेशे से वकील भी हैं। 2013 के चुनाव में पहली बार इन्हें आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की मालवीय नगर सीट से मैदान में उतारा। भारती ने कांग्रेस की पूर्व मंत्री किरण वालिया और बीजेपी की दक्षिण दिल्ली नगर निगम से पूर्व मेयर आरती मेहरा को हराया और विधायक बने। 49 दिन की अरविंद केजरीवाल सरकार के दौरान वो 28 दिसंबर 2013 से 14 फरवरी 2014 के दौरान दिल्ली के कानून मंत्री भी रहे। कांग्रेस से गठबंधन में ये सीट AAP के हिस्से आई है। इस सीट से सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी वोटर हैं। शायद पहली बार गांधी परिवार के सदस्य अपनी पार्टी से इतर किसी को वोट देंगे।

दक्ष‍िणी दिल्ली से पहलवान ठोकेंगे ताल

 

तुगलकाबाद के विधायक सहीराम पहलवान अब लोकसभा चुनाव में दक्षिणी दिल्ली सीट से ताल ठोकेंगे। सही राम पहलवान 2015 से पहले तक बहुजन समाज पार्टी के साथ जुड़े रहे थे और बसपा की ही टिकट पर दो बार पार्षद भी बन चुके थे। 2015 में ये आम आदमी पार्टी के साथ जुड़े और ‘आप’ ने इन्हें बीजेपी सांसद रमेश बिधुड़ी के गढ़ से टिकट दिया। सही राम ने पार्टी के भरोसे को सही जताते हुए इस चुनाव में रमेश बिधुड़ी के भतीजे विक्रम बिधुड़ी को मात दे दी। 2020 के चुनाव में एक बार फिर सही राम ने विक्रम को चुनावी अखाड़े में हराया और विधायक बने। अब आप को लगता है कि दो बार के बीजेपी सांसद रमेश बिधुड़ी के खि‍लाफ वहीं उपयुक्त उम्मीदवार है। सही राम और रमेश बिधुड़ी दोनों ही गुज्जर समुदाय से आते हैं।

पूर्वी दिल्ली से कुलदीप कुमार को बनाया उम्‍मीदवार

कुलदीप कुमार को ‘आप’ ने पूर्वी दिल्ली से उम्मीदवार बनाया है। कुलदीप कुमार 2017 में पहली बार ‘आप’ के टिकट पर नगर निगम में पार्षद चुने गये और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में वो विपक्ष के नेता भी बने। 2020 के चुनाव में पार्टी ने इन्हें विधायकी का टिकट दे दिया और कुलदीप ने सीट जीतकर पार्टी की झोली में डाल दी। तेजतर्रार और पार्टी प्रवक्ता कुलदीप कुमार दलित समाज से आते हैं और सामान्य सीट से पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाकर अब लोकसभा लड़ने की जिम्मेदारी दी है।

पूर्व कांग्रेस सांसद को पश्‍च‍िमी दिल्ली से दिया टिकट

 

कांग्रेस के पूर्व कद्दावर नेता और इलाके से पहले भी सांसद रह चुके महाबल मिश्रा इस बार पश्चिमी दिल्ली से आप के उम्मीदवार होंगे। महाबल ने जमीनी स्तर से दिल्ली में राजनीति शुरू की थी. वो 1997 में डाबड़ी से पार्षद चुने गए, जिसके बाद कांग्रेस के टिकट पर 2003 और 2008 में विधायक भी बने। 2009 के चुनाव में वो कांग्रेस के टिकट पर सांसद बने, लेकिन 2014 में बीजेपी से हार गये। अब वो ‘आप’ के टिकट पर एक बार फिर लोकसभा के अखाड़े में उतरेंगे। उनके बेटे विनय मिश्रा भी इसी लोकसभा से आने वाली द्वारका सीट से विधायक हैं। महाबल मिश्रा का इलाके में बड़े पैमाने पर रहने वाले पूर्वांचली मतदाताओं पर अच्छा प्रभाव माना जाता है।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पूर्व राज्‍यसभा सासंद को दिया टिकट

हरियाणा में आप को कांग्रेस के साथ गठबंधन के तहत सिर्फ एक कुरुक्षेत्र की सीट मिली है। यहां से पार्टी ने प्रदेश इंचार्ज और हाल तक दिल्ली से राज्यसभा सांसद रहे सुशील गुप्ता को टिकट दिया है। सुशील गुप्ता को पार्टी ने लंबे समय से हरियाणा में संगठन मजबूत करने की जि‍म्मेदारी दी हुई है। हरियाणा के चुनाव को देखते हुए ही पार्टी ने इस बार उन्हें दिल्ली से राज्यसभा की टिकट नहीं दिया था। सुशील गुप्ता हरियाणा और दिल्ली NCR के कई शैक्षिक और स्वास्थ्य संगठनों से जुड़े हुए हैं।

गुजरात से इन दो को बनाया उम्‍मीदवार

इन सीटों के अलावा आप को गुजरात की दो सीटें भी कांग्रेस के साथ गठबंधन के तहत मिली है, भरूच और भावनगर। भरूच से आप पहले ही अपने विधायक चैतर बसावा और भावनगर से अपने विधायक उमेश मकवाना को लोकसभा उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। पंजाब में कांग्रेस और आप अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे। यहां पार्टी कुछ समय बाद लोकसभा उम्मीदवारों के नाम का ऐलान करेगी।

 

यह भी पढ़ेंः छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने याचिकाकर्ता का नाम रखा गोपनीय, पहली बार हुआ ऐसा

यह भी पढ़ेंः IAS टीना डाबी की बहन रिया बनीं मनीष की दुल्हन, जयपुर में शादी की चर्चा, तस्वीरें वायरल

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed