Loksabha Election 2024: भाजपा की पहली सूची तैयार, कभी भी हो सकती है घोषणा

Modi Shah Nadda

नई दिल्ली, BNM News: Loksabha Election 2024: पीएम मोदी के नेतृत्व में गुरुवार तड़के 3.15 बजे तक चली केंद्रीय चुनाव समिति की मैराथन बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची पर मुहर लग गई है और इसे कभी भी जारी किया जा सकता है। पांच घंटे से अधिक चली बैठक में 16 राज्यों में सीट दर सीट संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा हुई। इनमें बिहार, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश जैसे राज्य शामिल नहीं थे, जहां भाजपा को गठबंधन सहयोगियों के साथ सीट बंटवारा करना बाकी है। लेकिन उत्तर प्रदेश में लोजपा को दो, अपना दल को दो, निषाद पार्टी और सुभासपा को एक-एक सीट देने का फैसला लिया गया है।

16 राज्यों की 250 से अधिक सीटों पर चर्चा

बैठक में प्रधानमंत्री और पार्टी अध्यक्ष नड्डा के साथ-साथ गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ-साथ अन्य वरिष्ठ नेता शामिल थे। संबंधित राज्यों के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ-साथ मुख्यमंत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों को भी बुलाया गया था। बैठक में 16 राज्यों की 250 से अधिक सीटों पर विस्तृत चर्चा हुई और लगभग 150 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लग गई। इनके नामों का एलान कभी भी हो सकता है। हाल में हुए राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने मनसुख मांडविया, भूपेंद्र यादव, राजीव चंद्रशेखर, धर्मेंद्र प्रधान, पुरुषोत्तम रुपाला समेत कई मंत्रियों और सांसदों को दोबारा नामांकित नहीं किया था। इन्हें इनके संबंधित राज्यों से ही टिकट देने का फैसला किया गया है। पहली सूची में इनमें से कई नाम शामिल हैं। पहली सूची में कुछ विधायकों के नाम पर भी मुहर लगी है, जिन्हें राज्य से राष्ट्रीय राजनीति में लाने की तैयारी है। ऐसे विधायक उत्तर प्रदेश, झारखंड व अन्य राज्यों से हो सकते हैं।

हारने वाली 160 सीटों के लिए बनाई अलग रणनीति

पहली सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह जैसे वरिष्ठ नेताओं को भी शामिल किया है, जो चुनाव प्रचार के दौरान सिर्फ अपने क्षेत्र तक सीमित नहीं रहते हैं और पूरे देश में प्रचार करते हैं। ऐसे नेताओं को उनकी मौजूदा सीट से टिकट दिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, पहली सूची में बहुत सारी ऐसी सीटें शामिल हैं, जिन्हें भाजपा मुश्किल मानती है। इनमें वे सीटें भी शामिल हैं, जो पिछली बार पार्टी नहीं जीत पाई थी। पार्टी ने ऐसी 160 सीटों के लिए अलग से रणनीति बनाई थी और वरिष्ठ नेताओं व केंद्रीय मंत्रियों को इसकी जिम्मेदारी सौंपी थी।

उत्तर प्रदेश में भाजपा ने आधी सीटों पर उम्मीदवारों का चयन

 

चुनाव की घोषणा से पहले ऐसी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा से उन्हें प्रचार का अधिक समय मिल जाएगा और चुनाव प्रचार का खर्च उनके खाते में भी शामिल नहीं होगा। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा ने आधी सीटों पर उम्मीदवारों का चयन कर लिया है और बड़ी संख्या में मौजूदा सांसदों के टिकट कटने की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। एक वरिष्ठ पार्टी अधिकारी ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में जातीय और सामाजिक समीकरणों का खास ख्याल रखा गया है।

इसे भी पढ़ें:  BJP केंद्रीय चुनाव समिति बैठक, देर रात तक हुआ उम्मीदवारों के नामों पर मंथन, आज जारी हो सकती है पहली लिस्ट

यह भी पढ़ेंः भाजपा 2019 में हारी हुई सीटों पर तय करेगी प्रत्याशी, केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक पर टिकीं नजरें

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

 

You may have missed