Loksabha Election 2024: पीएम मोदी ने मनोहर लाल को दिया मिशन, 10 सीटें जीतने का बड़ा टास्क

नई दिल्ली, BNM News: Haryana Loksabha Election 2024: हरियाणा में लोकसभा चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मजबूत किलेबंदी कर दी है। अपने दो दिवसीय दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने जहां हरियाणा भाजपा की छोटी टोली के साथ लंबी मंत्रणा की, वहीं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात करने के बाद उन्होंने शुक्रवार सुबह मिशन-10 पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुहर लगवाई। इससे पहले बुधवार और गुरुवार को मुख्यमंत्री ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब और प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी के साथ छोटी टोली की बैठक में माइक्रो लेवल पर हरियाणा की एक-एक लोकसभा सीट पर मंथन किया। साथ ही, जातीय समीकरणों के साथ संभावित उम्मीदवारों के नाम पर लंबी बातचीत की।

छोटी टोली से चर्चा के बाद मनोहर लाल अपना मिशन-10 का विजन दस्तावेज, जिसमें संभावित उम्मीदवारों का पैनल भी शामिल है, उसे लेकर गृहमंत्री अमित शाह के पास पहुंचे। अमित शाह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी अपने निवास पर बुला लिया और वहीं 10 लोकसभा सीटों पर संभावित उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की। गृहमंत्री अमित शाह ने इन संभावित उम्मीदवारों के नाम को लेकर अपना मार्गदर्शन मुख्यमंत्री मनोहर लाल को दिया। इस मार्गदर्शन के अनुसार मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार सुबह एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से चर्चा की।

मनोहर लाल ने की पीएम मोदी से मुलाकात

इस मुलाकात के बाद मनोहर लाल शुक्रवार सुबह ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके कार्यालय में मिलने पहुंचे। सीएम ने सबसे पहले प्रधानमंत्री को अयोध्या में श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा की शुभकामना दी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी को बताया कि हरियाणा के लोगों सहित वह स्वयं जल्द पूरे मंत्रिमंडल के साथ अयोध्या में भगवान राम के दर्शन करेंगे। राज्य सरकार ने विभिन्न जिलों से राज्य के गरीब लोगों को भी निश्शुल्क रामलला के दर्शन कराने की व्यवस्था की है। इसके लिए विभिन्न जिलों से ट्रेन और बसों की भी अयोध्या तक व्यवस्था की जा रही है।

भाजपा में संभावित एंट्रियों को लेकर पीएम को दी जानकारी

 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ अगले कुछ दिनों में भाजपा में शामिल होने वाले दूसरे दलों के प्रमुख नेताओं के नामों को लेकर भी चर्चा की। अगले कुछ दिनों में भाजपा दूसरे दलों से बड़े नेताओं को तोड़कर अपने यहां एंट्री कराने की योजना बना चुकी है। प्रधानमंत्री के साथ हरियाणा की खाली हुई राज्यसभा की एक सीट पर भी चर्चा होने की सूचना है। मोदी ने मनोहर लाल को राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने का मंत्र और टास्क दिया।

दिल्ली में शुरू हो गई टिकटार्थियों की गहमागहमी

 

मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी साफ कर चुके हैं कि लोकसभा चुनाव में टिकट किसे मिलेगा, यह निर्णय पार्टी संसदीय बोर्ड करेगा। इसके बावजूद दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए संभावित प्रत्याशियों की गहमागहमी रही। प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी ने हरियाणा भवन में अनुसूचित जाति और पिछड़ा वर्ग मोर्चा की बैठक ली तो इस दौरान आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए डाक्टर अशोक तंवर और अंबाला संसदीय क्षेत्र से दो बार सांसद रहे स्वर्गीय रतन लाल कटारिया की पत्नी बंतो देवी कटारिया भी सक्रिय रहे। भाजपा ने हाल ही में विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की भी घोषणा कर दी है।

 

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

You may have missed