गुरुग्राम के होटल में प्रेमी जोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, दोनों के शव होटल के कमरे में बेड पर पाए गए, सीने पर गोलियों के निशान मिले

मानेसर में हवेली होटल के कमरे से युवक और युवती के शव बेड पर मिले थे।
नरेन्द्र सहारण, गुरुग्राम: Gurugram News: गुरुग्राम के मानेसर के होटल हवेली में प्रेमी जोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव सोमवार रात 11 बजे होटल के कमरे में एक ही बेड पर अगल-बगल पाए गए। दोनों के सीने में गोली मारने के निशान मिले हैं। एक देसी पिस्टल और दो खोल कमरे से बरामद किए गए। मानेसर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें जांच कर रही हैं। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया है। हालांकि, युवक और युवती दोनों के परिवारवालों ने इसे हत्या बताया है। युवक के परिवारवालों ने हत्या की शिकायत भी थाने में दी है।
परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी कोमल
मृत युवक की पहचान पटौदी के लोकरी गांव निवासी 23 वर्षीय निखिल खाती और युवती की पहचान शिकोहपुर गांव निवासी 21 वर्षीय कोमल यादव के रूप में की गई। पुलिस टीमों ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। हालांकि, मंगलवार को कागजी कार्रवाई पूरी न होने से पोस्टमार्टम नहीं किया जा सका। युवती के परिवारवालों ने बताया कि कोमल 24 फरवरी को गांव से गुरुग्राम के कालेज में बीए प्रथम वर्ष की परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। लेकिन रात तक घर नहीं पहुंची। इस पर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। दूसरी ओर परिवार भी कोमल की तलाश कर रहा था। परिवार के ही एक युवक ने युवती की खोज की तो पता चला कि वह मानेसर स्थित होटल हवेली में है।
रात साढ़े 10 बजे परिवार का एक सदस्य होटल पहुंचा और उस रूम का दरवाजा खटखटाया जहां कोमल ठहरी हुई थी। कमरे का दरवाजा न खुलने पर व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और होटल मालिक से दूसरी चाबी लेकर कमरे का दरवाजा खोला। अंदर बेड पर कोमल और युवक निखिल बेसुध पड़े हुए थे। दोनों के सीने पर गोली मारने के निशान थे। इस पर थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, डाग स्क्वायड, एफएसएल और फिंगर प्रिंट टीमें मौके पर पहुंची। रात तीन बजे तक कमरे में जांच चली। साक्ष्य एकत्रित करने के बाद दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
कमरे से देसी पिस्टल, दो खोल मिले
फारेंसिक टीमों ने कमरे से एक देसी पिस्टल और दो खोल बरामद किए। सूत्रों के अनुसार, बाथरूम में युवक-युवती ने वोमेटिंग भी की थी। यहां से भी सैंपल लिए गए हैं। बताया जाता है कि इसमें विषाक्त पदार्थ भी मिला है। इसलिए दोनों के विषाक्त पदार्थ खाने की भी आशंका जताई गई। कमरे से फ्रूट जूस की बोतल, खाने के रैपर भी बरामद किए गए।
दोनों अलग-अलग जाति से
निखिल और कोमल दोनों अलग-अलग जातियों से हैं। निखिल के परिवारवालों ने बताया कि निखिल मानेसर की एक कंपनी में अप्रेंटिस पर काम कर रहे थे। उन्होंने आइटीआइ कर रखी थी। परिवार में निखिल के अलावा एक बड़ा भाई, एक बहन और माता-पिता है। बड़ी बहन की शादी 2021 में शिकोहपुर गांव से हुई थी। इसी वजह से निखिल का कोमल के गांव आना-जाना था। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इसी दौरान दोनों में दोस्ती हुई और प्रेम हुआ। निखिल के पिता प्रेम कुमार ने बताया कि वह कोमल के परिवारवालों को नहीं जानते हैं। इससे पहले कभी नाम भी नहीं सुना था। बताया जाता है कि कोमल की शादी तय हो गई थी और अप्रैल में होने वाली थी।
दोनों परिवारवालों ने हत्या का आरोप लगाया
युवती और युवक दोनों के परिवारवालों ने इस मामले में हत्या का आरोप लगाया है। युवक के भाई चंचल ने मानेसर थाने में लिखित शिकायत दी है। इसमें कहा गया कि उनके छोटे भाई निखिल 24 जनवरी को सुबह ड्यूटी पर गए थे। लेकिन वापस नहीं लौटे। कई बार कंपनी में नाइट शिफ्ट होती है, इसलिए उन्हें अंदाजा नहीं था। मंगलवार सुबह चार बजे पुलिस की तरफ से उन्हें भाई की मौत की जानकारी दी गई। उन्होंने घटनास्थल भी देखा। उन्होंने युवती के परिवारवालों पर ही गोली मारकर हत्या का आरोप लगाया। साथ ही पुलिस अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की।
सुबह होटल आए दोनों, फिर बाहर नहीं निकले
होटल संचालक उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी देवेंद्र सिंह ने बताया कि वह पांच साल से होटल चला रहे हैं। सोमवार को होटल में 10 से ज्यादा कमरों की बुकिंग थी। सात कमरों में 28 बाराती रुके हुए थे। निखिल सुबह साढ़े नौ बजे अकेले आए थे। एंट्री की और चले गए। दोबारा साढ़े 11 बजे कोमल के साथ आए। होटल में दोनों की एंट्री की गई। आइडी ली गई। इन्हें द्वितीय तल पर कमरा नंबर 303 दिया गया था। निखिल पल्सर बाइक से आए थे। अपने साथ फ्रूट जूस और खाना भी लेकर आए थे। इसके बाद ये दोनों बाहर नहीं गए। रात 11 बजे पुलिस के आने पर दोनों मृत अवस्था में बेड पर मिले। होटल में कई स्टाफ काम करते हैं, लेकिन गोली चलने की आवाज किसी को सुनाई नहीं दी। आसपास रूम में बाराती ठहरे हुए थे। शोर शराबा भी था, शायद इसलिए आवाज सुनाई नहीं दी। यहां से बारात कहीं और जानी थी। सिर्फ बाराती ही यहां ठहराए गए थे। होटल संचालक ने बताया कि निखिल और कोमल इस होटल में पहले भी तीन बार आ चुके थे। जनवरी में दो बार और अभी तीन दिन पहले भी आए थे।
दोपहर एक से रात आठ बजे तक सीसीटीवी बंद
इस होटल में 11 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। यह हर समय आन रहते हैं, लेकिन साेमवार दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक ये सभी सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए। इस बारे में जब होटल मालिक से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि किसी कर्मचारी ने गलती से सीसीटीवी कैमरों का बटन बंद कर दिया। रात आठ बजे जब दूसरे कर्मचारी ने देखा तो फिर से आन किया गया। हालांकि, यह बेहद संदेहजनक है कि सीसीटीवी कैमरे उसी दौरान बंद हुए, जिसके बीच में होटल में इतनी बड़ी घटना हुई।
घटना में ये भी उठ रहे सवाल
– होटल के कमरे में दो बार गोली चली, इसकी भी आवाज किसी ने नहीं सुनी।
-दोपहर एक बजे से रात आठ बजे तक होटल के सीसीटीवी कैमरे भी बंद मिले
-दोनों के शव बेड पर इस तरह से पड़े थे, जैसे लेटे हुए दाेनों लोगों को गोली मारी गई
-जिस तरफ युवती का शव मिला, बेड के उसी साइड में दो फीट दूर नीचे पिस्टल पड़ी हुई मिली
-गोली पहले किसको लगी और किसने चलाई, इसकी भी जानकारी नहीं मिल पाइ
-कमरे से विषाक्त पदार्थ भी बरामद किया गया, अगर दोनों ने विषाक्त पदार्थ निगला तो गोली से आत्महत्या क्यों की
-युवती के स्वजन होटल तो पहुंचे, लेकिन मंगलवार की शाम तक पोस्टमार्टम हाउस नहीं गए
-पुलिस आत्महत्या मान रही है, लेकिन क्यों, इसका जवाब अधिकारी नहीं दे पा रहे हैं
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कागजी कार्रवाई पूरी होने के बाद बुधवार को पोस्टमार्टम होगा। होटल से डीवीआर, आइडी व अन्य साक्ष्य लिए गए हैं। मामले की जांच की जा रही है।
-सत्येंद्र सिंह, थाना प्रभारी, मानेसर