असम में राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे ने अमित शाह को लिखा खत, जानें- क्या कहा

असम में राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर खरगे ने शाह को लिखा पत्र

नई दिल्ली, BNM News: Rahul Gandhi Nyay Yatra कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वह असम में पार्टी नेता राहुल गांधी और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हस्तक्षेप करें। खरगे ने 23 जनवरी की तिथि वाले इस पत्र में दावा किया कि कई मौकों पर असम पुलिस सुनियोजित ढंग से खड़ी रही या फिर उसने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को सुरक्षा घेरे में सेंध लगाते हुए राहुल गांधी के निकट पहुंचने दिया। खरगे के मुताबिक, सार्वजनिक तौर पर साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद अब तक किसी भी शरारती तत्व की गिरफ्तारी नहीं हुई और कई मामलों में जांच भी शुरू नहीं हुई।

उन्होंने गृह मंत्री से आग्रह किया कि वह असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दें कि आगे ऐसी कोई घटना नहीं हो जिससे राहुल गांधी या ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ में शामिल अन्य किसी सदस्य को गंभीर चोट पहुंचे। खरगे ने पत्र में असम में पिछले कुछ दिनों के दौरान हुई घटनाओं का उल्लेख किया।

कांग्रेस अध्यक्ष ने मंगलवार (23 जनवरी) को लिखे दो पन्ने के पत्र के जरिए बताया कि असम में भारत जोड़ो न्याय यात्रा को जरूरी सुरक्षा नहीं दी जा रही। भाजपा के कार्यकर्ता यात्रा पर हमले कर रहे हैं और असम पुलिस ऐसा करने वालों को संरक्षण दे रही है। उनके मुताबिक, “21 जनवरी को यात्रा पर सोनितपुर जिले में हमला किया गया। जो स्थानीय एसपी हैं वे राज्य के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा के भाई हैं। उन्होंने हमला करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं पर कोई कार्रवाई नहीं की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम पर हमला किया और इन लोगों ने हमारे महासचिव जयराम रमेश पर भी हमला किया। उनकी कार पर हमला हुआ।

 

Image

Image

असम पुलिस देती रही हमलावरों को संरक्षण’

कांग्रेस अध्यक्ष के पत्र के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं ने असम कांग्रेस कमेटी केअध्यक्ष भूपेन बोरा पर हमला किया और इस हमले में उन्हें चोट आई। अगले दिन 22 जनवरी को नगांव ज़िले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को रोका और उनके काफ़ी करीब आ गए। उन्होंने यह भी कहा कि इन सभी परेशान करने वाली घटनाओं के समय असम पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं को संरक्षण देती रही।

गृह मंत्री से हस्तक्षेप की मांग

मल्लिकार्जुन खरगे ने गृह मंत्री से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है। खरगे की ओर से बताया गया कि न्याय यात्रा में हमला और हंगामे का वीडियो सार्वजनिक फोरम में है पर किसी भी हमलावर के खिलाफ न तो कोई मामला दर्ज हुआ और न ही कोई कार्रवाई हुई। हम यात्रा के साथ आगे बढ़ रहे हैं। आप (शाह) इस मामले में हस्तक्षेप करें ताकि असम के मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक यह सुनिश्चित करने का निर्देश दें कि आगे से ऐसे हमले न हों, ताकि राहुल गांधी या कांग्रेस के किसी अन्य सदस्य को चोट न लगे।

दरअसल, मंगलवार (23 जनवरी) को कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को गुवाहटी जाने से रोका गया था। आरोप है कि कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग को तोड़ दिया था जिसके बाद सीएम के आदेश पर असम पुलिस ने राहुल गांधी पर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और लोगों को भड़काने के आरोप में केस दर्ज किया।

राहुल गांधी के खिलाफ असम में एफआइआर

असम पुलिस ने हिंसा में शामिल होने के आरोप में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ स्वत: संज्ञान लेते हुए मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने यह जानकारी दी। राहुल गांधी के नेतृत्व वाली ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ इस समय असम में है। हिंसा की कथित घटनाएं उस समय हुईं, जब पार्टी समर्थकों और नेताओं ने गुवाहाटी में प्रवेश करने की कोशिश में अवरोधक तोड़ दिए और पुलिसकर्मियों के साथ झड़प की। गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दिगंत बोरा ने बताया कि इस झड़प में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।

यह भी पढ़ेंः कांग्रेस ने 539 लोकसभा सीट पर प्रभारी बनाए, जानें- आपके क्षेत्र में किसे मिला दायित्व

यह भी पढ़ेंः टूट गया ‘INDIA’ गठबंधन? ममता बनर्जी ने बंगाल में अकेले चुनाव लड़ने का किया ऐलान, जानें- यूपी-बिहार में क्या होगा

You may have missed