Manish Tewari: क्या भाजपा में शामिल हो रहे मनीष तिवारी, कांग्रेस सांसद के कार्यालय ने दिया ये जवाब
लुधियाना, BNM News : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ के भाजपा में जाने की खबरों के बीच पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मनीष तिवारी का नाम भी चर्चा में आ गया है। हालांकि, अभी तक भाजपा या मनीष तिवारी की ओर से कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। उनके कार्यालय ने कहा कि उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें निराधार और बेबुनियाद हैं। मनीष तिवारी अपने चुनावी क्षेत्र में हैं और वहां विकास कार्य देख रहे हैं। कल रात वह एक कांग्रेस कार्यकर्ता के घर रुके थे। इससे पहले सूत्रों ने बताया था कि तिवारी भाजपा के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस सांसद लुधियाना संसदीय क्षेत्र से भाजपा के चुनाव चिह्न पर लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं।
लोकसभा चुनाव से पहले छोड़ेंगे पार्टी
पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले उनके करीबी एक कांग्रेस नेता ने कहा था कि मनीष भाजपा में शामिल होंगे, लेकिन सही समय की प्रतीक्षा है। वह अभी पार्टी नहीं छोड़ेंगे, लेकिन लोकसभा चुनाव से पहले वह किसी भी समय पाला बदलेंगे। हालांकि, इसके पहले भी जब पार्टी छोड़ने की बात उठी थी तो मनीष तिवारी ने एक बार कहा था कि वह कांग्रेस में किरायेदार नहीं, हिस्सेदार हैं। उन्होंने 40 वर्षों से कांग्रेस की सेवा की है। परिवार ने देश की एकता व अखंडता के लिए खून और बहाया है। वह पार्टी ऐसे ही नहीं छोड़ेंगे। यदि कोई धक्के देकर निकालना चाहेगा तो दूसरी बात है। उधर, समाचार एजेंसी एएनआइ ने भी कांग्रेस के सूत्रों से मनीष तिवारी के भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई है।
लुधियाना से फिर चुनाव लड़ने की चर्चा
वर्ष 2009 में लुधियाना से पहली बार सांसद चुने गए मनीष तिवारी की एक बार फिर यहां से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, वर्ष 2014 में उन्होंने अस्वस्थ होने के कारण चुनाव नहीं लड़ा था। वर्ष 2019 में पार्टी ने उन्हें श्री आनंदपुर साहिब से उतारा था और वह दूसरी बार सांसद चुने गए।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन