MP Congress: एमपी कांग्रेस में बड़ा बदलाव, जीतू पटवारी बने MP कांग्रेस के अध्यक्ष, उमंग सिंघार और हेमंत कटारे को भी मिली जिम्मेदारी

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूज: MP Congress: मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने हालिया विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद प्रदेश इकाई में बड़ा बदलाव किया है। शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के स्थान पर पूर्व मंत्री जीतू पटवारी को राज्य इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तत्काल प्रभाव से जीतू पटवारी को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व मंत्री उमंग सिंघार को मध्य प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता और हेमंत कटारे को उपनेता नियुक्त किया गया है। माना जा रहा था कि कांग्रेस नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपेगी, उसी दिशा में कांग्रेस ने यह कदम बढ़ाया है। माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश कांग्रेस में अब कमल नाथ और दिग्विजय सिंह का युग बीत चुका है, इसीलिए नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

राहुल गांधी की पसंद हैं जीतू पटवारी

2018 में जीतू पटवारी को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। अप्रैल 2020 में उन्हें कमलनाथ की ओर से कांग्रेस के राज्य मीडिया सेल का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। पार्टी के भीतर कई लोग मानते हैं कि पटवारी को राहुल गांधी पसंद करते हैं। जीतू पटवारी OBC वर्ग से आते हैं. हालांकि, इस बार पटवारी अपना गढ़ भाजपा की मधु वर्मा से हार गए, जिन्होंने काफी वोटों के अंतर से राऊ सीट पर कब्जा जमाया।

कमलनाथ ने कहा था, नहीं होने जा रहे रिटायर

हाल ही में कमलनाथ ने छिंदवाड़ा में साफ कर दिया था कि वह राजनीतिक करियर से फिलहाल रियाटर नहीं होने वाले हैं, लेकिन पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष के पद से हटा दिया। कमलनाथ का कहना था कि आखिरी सांस तक जनता के साथ रहेंगे।

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में भी बदलाव

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में भी बदलाव किया गया है। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में चरणदास महंत को विधायक दल का नियुक्त किया है। वह पिछली विधानसभा में विधानसभा अध्यक्ष थे. वेणुगोपाल के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज को पद पर बनाए रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। हाल ही में हुए इन दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।

 

You may have missed