Nafe Singh Rathi Murder Case: ट्रेन आने पर फाटक बंद हुआ, कार से 4 हमलावर उतर कर ताबड़तोड़ फायरिंग की; कुछ यूं रहा घटनाक्रम
नरेन्द्र सहारण। बहादुरगढ़। Nafe Singh Rathi Murder Case: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी और उनके सहयोगी कार्यकर्ता की रविवार शाम बहादुरगढ़ में ताबड़तोड़ गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। घटना में गोली लगने से उनके दो सहयोगी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। इस वारदात के पीछे लॉरेंस विश्नोई और उसके करीबी काला जठेड़ी पर शक जताया जा रहा है। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे करोड़ों रुपये के प्रॉपर्टी का विवाद बताया जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, लॉरेंस ने जठेड़ी के जरिए इस घटना को अंजाम दिलाया है। झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने बताया कि इस मामले में क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA ) और स्पेशल टास्क फोर्स का लगा दिया गया है। हत्या की जांच के लिए दो डीएसपी की अगुवाई में पांच टीमें बनाई गई हैं। फिलहाल हमें चार हमलावरों के बारे में पता है। अगर इसमें और भी लोग शामिल हैं तो उन्हें भी जल्द ही ग़िरफ्तार कर लिया जाएगा।

एक सामाजिक समारोह में भाग लेने गए थे
हमला रविवार की शाम सांखोल बहादुरगढ़ के साथ बराही रोड रेलवे फाटक के पास हुआ। बताया गया कि नफे सिंह अपने सहयोगियों के साथ कार में सवार होकर बराही गांव से लौट रहे थे। वह वहां एक परिवार के सामाजिक समारोह में भाग लेने गए थे।
#WATCH हरियाणा INLD प्रमुख नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या पर झज्जर के एसपी अर्पित जैन ने कहा, "…दो DSP जांच में शामिल हैं। जल्द से जल्द आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा… फिलहाल हमें चार हमलावरों के बारे में पता है। अगर इसमें और भी लोग शामिल हैं तो उन्हें भी जल्द ही ग़िरफ्तार… pic.twitter.com/WFHySkFun7
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 25, 2024
रेलवे फाटक पर बरसानी शुरू कर दी गोलियां
सांखोल के निकट रेलवे फाटक पर अज्ञात हमलावरों ने गाड़ी में बैठे नफे सिंह राठी और उनके सहयोगियों पर गोलीबारी शुरू कर दी। नफे सिंह कार में आगे चालक के साथ वाली सीट पर बैठे थे। राठी वाली साइड पर गाड़ी की बॉडी से कुल छह बुलेट्स आरपार हो गई। कुछ गोलियां खिड़की के शीशे तोड़ कर राठी को लगी हैं। इसके अलावा गाड़ी की पिछली सीट पर बैठे गनमैनों को निशाना बनाते फायरिंग की गई। कुछ बुलेट्स खिड़की की कांच को तोड़कर सुरक्षाकर्मियों को लगीं। सब कुछ इतना जल्दी हुआ कि राठी या उनके सुरक्षाकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमले से उनकी और उनके सहयोगी कार्यकर्ता गांव मांडोठी निवासी जयकिशन दलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक संजय और संजीत निवासी कबलाना गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर आई-20 कार में सवार होकर आए थे।

50 से अधिक गोलियां बरसाईं
50 से ज्यादा गोलियां बरसाई गई हैं। मौके पर गोलियों के 18 खोल मिल चुके हैं। गाड़ी पर भी 15 से ज्यादा गोलियों के निशान हैं। कार चालक संजय के हाथ और पैर में गोली लगी है। संजीत को भी शरीर के कई अंगों पर गोलियां मारी गई हैं। घायलों को शहर के ब्रह्मशक्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों को गर्दन, पेट के पीछे वाले हिस्से और पीठ पर गोली लगी थी।

दो लोगों को बचाया नहीं जा सका
ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल के डॉ. मनीष शर्मा ने कहा, “शाम को जिन चार लोगों को गोली लगी थी उन्हें ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल लाया गया। उनमें से दो काफी खून बह चुका था और वे मृत हालत में थे, इसके बावजूद हमने सीपीआर की कोशिश की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। दो अन्य को कंधे, जांघ और छाती के बाईं ओर गोली लगी है, उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पूर्व विधायक नफे सिंह और एक अन्य व्यक्ति जयकिशन को मृत अवस्था में लाया गया। उन्हें गर्दन, पीठ और कंधे में गोली मारी गई। कई घावों से पता चलता है कि कई राउंड फायरिंग हुई। ”
#WATCH झज्जर: ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल के डॉ. मनीष शर्मा ने कहा, "शाम को जिन चार लोगों को गोली लगी थी उन्हें ब्रह्म शक्ति संजीवनी अस्पताल लाया गया। उनमें से दो काफी खून बह चुका था और वे मृत हालत में थे, इसके बावजूद हमने सीपीआर की कोशिश की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। दो… pic.twitter.com/RtHkQh1mIC
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 25, 2024
यूं चला घटनाक्रम
1. बहादुरगढ़ के गांव बराही में रविवार शाम 4 बजे इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी एक रस्मक्रिया में गए थे और शाम 4:45 बजे बहादुरगढ़ लौट रहे थे।
2. करीब 5 बजे पैसेंजर गाड़ी बहादुरगढ़ से रोहतक की तरफ निकलनी थी, इसलिए फाटक बंद था। नफे सिंह की गाड़ी फाटक पर आकर रुकी।
3. गाड़ी रुकते ही पीछे से आई एक आई-20 कार से चार युवक उतरे। एक युवक गाड़ी के अंदर बैठा रहा। चारों ने कार सवार नफे सिंह राठी व उनके सहयोगियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। नफे सिंह अगली सीट पर बैठे थे उन्हें पांच से ज्यादा गोलियां लगीं।
4. कार में सवार ड्राइवर, गनमैन और राठी के एक अन्य सहयोगी को भी कई गोलियां लगीं। इनमें नफे सिंह राठी और जयकिशन दलाल मौके पर ही निढाल हो गए।
5. सभी हताहतों को उसी गाड़ी से बहादुरगढ़ के ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल पहुंचाया गया।
6. सूचना पर पुलिस की टीमों ने घटनास्थल और अस्पताल में पहुंचकर मामले की जांच शुरू की।
7. डॉक्टरों ने नफे सिंह राठी व जयकिशन दलाल को बचाने के लिए काफी देर तक सीपीआर दिया, लेकिन दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।
8. राठी पर हमले की खबर पूरे इलाके में फैल गई। अस्पताल के बाहर सैकड़ों लोग इकट्ठा हो गए।
9. झज्जर से पुलिस अधीक्षक अर्पित जैन भी अस्पताल पहुंचे। इसके बाद नफे सिंह और जयकिशन दलाल को मृत घोषित कर दिया गया।
10. करीब 8 बजे इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्थिति के बारे में पीड़ित परिजनों व पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
इसे भी पढ़ें: Haryana Crime : इनेलो प्रदेश अध्यक्ष नफे सिंह राठी की ताबड़तोड़ गोलियों से भूनकर हत्या
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन
