नीरज चोपड़ा ने दोहा डायमंड लीग में रचा इतिहास, पहली बार पार किया 90 मीटर का आंकड़ा

दोहा: दो बार के ओलिंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। शुक्रवार को दोहा में आयोजित डायमंड लीग मुकाबले में उन्होंने 90.23 मीटर दूर भाला फेंककर न केवल दूसरे नंबर पर रहे, जर्मनी के जूलियन वेबर 91.06 मीटर के साथ शीर्ष पर और ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 85.64 मीटर के साथ तीसरे नंबर पर रहे। नीरज ने पहली बार अपने करियर में 90 मीटर का जादुई आंकड़ा भी पार कर लिया। यह बेहतरीन प्रदर्शन न केवल उनकी निजी उपलब्धि है, बल्कि भारतीय एथलेटिक्स के लिए भी एक गौरवपूर्ण क्षण भी है।

नीरज चोपड़ा के करियर में 90 मीटर पार करने की यह उपलब्धि लंबे समय से प्रतीक्षित थी। वह कई बार इस आंकड़े के करीब पहुंचे थे, लेकिन कुछ ही सेंटीमीटर से चूक जाते थे। टोक्यो ओलिंपिक 2021 में उन्होंने 87.58 मीटर की थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन तब भी वह 90 मीटर की सीमा से पीछे रह गए थे। इसके बाद 2022 में स्टाकहोम डायमंड लीग में नीरज ने 89.94 मीटर की थ्रो फेंकी थी। उस समय वह मात्र 6 सेंटीमीटर से 90 मीटर के आंकड़े को पार करने से चूक गए थे। उसी वर्ष विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 88.13 मीटर फेंका और रजत पदक जीता, लेकिन 90 मीटर अब भी दूर था।

मेहनत और निरंतरता का प्रमाण

 

2023 में लाजेन डायमंड लीग में उन्होंने 87.66 मीटर की थ्रो के साथ जीत दर्ज की, लेकिन प्रशंसकों की निगाहें अब भी उस दिन का इंतजार कर रही थीं जब नीरज 90 मीटर को पार करेंगे। अंततः दोहा डायमंड लीग 2025 में वह दिन आ ही गया। नीरज की यह थ्रो न केवल उनकी मेहनत और निरंतरता का प्रमाण है, बल्कि यह विश्व स्तर पर भारत की एथलेटिक ताकत का भी संकेत है। 90 मीटर क्लब में शामिल होने वाले वह पहले भारतीय भाला फेंक खिलाड़ी बन गए हैं। यह आंकड़ा भाला फेंक में श्रेष्ठता का प्रतीक माना जाता है और इसे पार करना किसी भी एथलीट के लिए बड़ी उपलब्धि होती है।

मैच के बाद नीरज ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं कि अंततः मैंने 90 मीटर का आंकड़ा पार कर लिया। यह मेरे लिए एक सपना था और मैंने इसके लिए बहुत मेहनत की है। अब मेरी नजरें अगले ओलिंपिक और विश्व चैंपियनशिप पर हैं।

पीएम नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि शानदार उपलब्धि! दोहा डायमंड लीग 2025 में 90 मीटर का आंकड़ा पार करने और अपना सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत थ्रो हासिल करने के लिए नीरज चोपड़ा को बधाई। यह उनके अथक समर्पण, अनुशासन और जुनून का नतीजा है। भारत को खुशी और गर्व है।

नीरज का डायमंड लीग में प्रदर्शन

 

नीरज चोपड़ा का डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन रहा है। उन्होंने एक स्वर्ण पदक दो रजत पदक जीते हैं। नीजर ने 2023 और 2024 में रजत और 2022 में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था।

ऐसा रहा नीरज का प्रदर्शन

नीरज ने दोहा डायमंड लीग में अच्छी शुरुआत की। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 88.44 मीटर का थ्रो किया। इसके बाद दूसरा थ्रो फाल रहा। वहीं, नीरज ने तीसरे प्रायस में 90.23 मीटर, चौथे प्रयास में 80.56 मीटर थ्रो किया, जबकि पांच प्रयास फाल रहा। नीरज ने छठवें और अंतिम थ्रो में 88.20 मीटर का थ्रो किया।

दोहा डायमंड के शीर्ष तीन खिलाड़ी

बेस्ट थ्रो, खिलाड़ी

91.06 मीटर, जूलियन वेबर
90.23 मीटर, नीरज चोपड़ा
85.64 मीटर, एंडरसन पीटर्स

नीरज के पांच बेस्ट थ्रो

साल, जगह, प्रदर्शन

2025, दोहा, 90.23 मीटर
2022, स्वीडन, 89.94 मीटर
2024, स्विट्जरलैंड, 89.49 मीटर
2023, चीन, 88.88 मीटर
2021, पटियाला, 88.07 मीटर

90 मीटर क्लब में शामिल हुए नीरज

मीटर, खिलाड़ी, साल

93.90, थामस रोहलर, 2017
93.07, एंडरसन पीटर्स, 2022
91.78, थामस रोहलर, 2018
91.56, जोहांस वेटर, 2018
90.88, जैकब वडलेज, 2022
90.23, नीरज चोपड़ा, 2025

 

You may have missed