Noida Update News: नोएडा में शादी समारोह में दो समधियों के बीच हुआ विवाद, एक ने दूसरे को मार दी गोली

नोएडा, BNM News: ग्रेटर नोएडा में समधी ने ही समधी की हत्या कर दी। दोनों यहां एक शादी में शामिल होने के लिए आए थे। इस बीच दोनों में विवाद हो गया। इसके बाद मेहमानों के बीच ही पिस्टल निकालकर शेखर यादव ने गोली मार कर अपने समधी अशोक यादव की हत्या कर दी। शादी में गोली चलने से भगदड़ मच गई। रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी। लेकिन, पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग गया।

पुलिस घायल को नजदीकी अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना बिसरख थाना क्षेत्र के एक फॉर्म हाउस की है। आरोपी शेखर यादव ने 3 साल पहले अपनी बेटी की शादी अशोक यादव के बेटे से की थी। हालांकि, शादी के बाद से दोनों में अलगाव हो गया था।

सोमवार को विनोद यादव की बेटी की शादी थी। विनोद का दोस्त होशियारपुर का रहना वाला अशोक यादव शादी में पहुंचा। वह गांव का पूर्व प्रधान था। दूसरा पक्ष यानी अशोक के समधी शेखर यादव भी इस शादी में पहुंचे थे। शेखर यादव हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र के रजवाड़ा गांव का रहने वाला था। फिलहाल, गाजियाबाद में परिवार के साथ रहता था।

बेटा-बेटी के अलग होने पर 1 करोड़ देने पर हुआ समझौता

रिश्तेदारों और पुलिस ने बताया कि शेखर यादव ने बेटी की शादी अशोक के बेटे से की थी। शादी में करोड़ों रुपए खर्च हुए थे। लेकिन, शादी के तुरंत बाद पति-पत्नी में विवाद होने लगा। मामला पुलिस तक पहुंच गया। पति-पत्नी अलग हो गए। इसके बाद पंचायत हुई। इसमें एक करोड़ रुपए देने पर समझौते की बात हुई। तय हुआ कि लड़का पक्ष यानी अशोक, लड़की पक्ष यानी शेखर को एक करोड़ रुपए देगा। हालांकि, अशोक ने पूरी रकम नहीं दी।

पैसों को लेकर शुरू हुआ था विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात को दोनों एक शादी में पहुंचे। यहां पहले तो दोनों ने एक-दूसरे से बात नहीं की। लेकिन, थोड़ी देर बाद शेखर यादव ने अशोक पर समझौते के एक करोड़ पूरे नहीं देने का आरोप लगाया। इसी बात पर दोनों में बहस शुरू हो गई। दोनों रिश्तेदारों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद शादी के कार्यक्रम स्थल पर ही रात करीब 9:30 बजे शेखर और उसके 2 अन्य साथियों ने अशोक यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। शादी में गोली चलते ही अफरा-तफरी मच गई। गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed