Weather Update: प्रचंड गर्मी की चपेट में उत्तर भारत, दिल्ली में पारा 47 डिग्री के पार, अगले पांच दिन इन राज्यों में भीषण लू का अलर्ट

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूजः उत्तर पश्चिम भारत प्रचंड गर्मी की चपेट में है। अधिकांश क्षेत्रों में आसमान से झुलसा देने वाली आग बरस रही है। शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सर्वाधिक रहा। यही नहीं, 14 साल बाद दिल्ली में 17 मई यानी शुक्रवार को इतनी भीषण गर्मी पड़ी है। हरियाणा के सिरसा में भी पारा 47.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। अभी कम से कम पांच दिन भीषण गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।

मौसम विभाग ने उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाके और पूर्वी व मध्य भारत में अगले पांच दिन भीषण लू का अलर्ट जारी किया है। इसके उलट, दक्षिण भारत के अधिकांश इलाकों में 23 मई तक आंधी-तूफान के साथ तेज बारिश की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में 19 जगह, हरियाणा में 18, दिल्ली में आठ और पंजाब में दो जगह पारा 45 डिग्री को पार कर गया है।

रेड-ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने पश्चिम राजस्थान में अत्यधिक गंभीर लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात में गंभीर लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। साथ ही, नवजात बच्चों, बुजुर्गों व पुराने रोगों के मरीजों समेत कमजोर लोगों की देखभाल की जरूरत बताई है।

उत्तर प्रदेश में आगरा रहा सबसे गर्म 

  • उत्तर प्रदेश में आगरा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
  • जम्मू में पारा 41.3 डिग्री रहा। कश्मीर के कई जिलों में दिन का पारा 30 डिग्री पहुंच गया है।
  • हिमाचल प्रदेश के ऊना, धर्मशाला, शिमला और मनाली में शुक्रवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।
  • ऊना व हमीरपुर के नेरी में  तापमान 43 और बिलासपुर व धौलाकुआं में 41 डिग्री रहा।

यूपी में लू का प्रकोप

राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश भर में भीषण गर्मी का सितम जारी है। शुक्रवार को राज्य में सबसे गर्म शहर आगरा रहा, जहां दिन का तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लू और तपिश से दिनभर लोग परेशान रहे। फिलहाल दो-तीन दिन राहत के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, आगरा में पिछले 50 वर्षों में यह तीसरी बार है जब मई माह में दिन का पारा 46 के पार पहुंचा है। इसके पहले 17 मई 1974 में 46.9 और 31 मई 1994 में 48.5 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं दूसरे नंबर पर झांसी रहा, जहां दिन का तापमान 45.6 डिग्री रहा।

मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लू का असर लखनऊ समेत 50 से अधिक जिलों में रहा। लखनऊ में अधिकतम तापमान 42.4 दर्ज किया गया। रविवार तक राजधानी में दिन के तापमान में दो-तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। मथुरा-वृंदावन, झांसी, गोरखपुर, बागपत और बहराइच में भी चिलचिलाती धूप और गर्म हवा से लोग बेहाल रहे।

शनिवार और रविवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकतर जिलों में लू को लेकर चेतावनी जारी की गई है। दिन के साथ रातें भी गर्म होंगी। 21 मई तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। शुष्क हवाएं अभी परेशान करती रहेंगी। इस दौरान हवा की रफ्तार 25 से 30 किलोमीटर रहेगी। 22 मई से मौसम में बदलाव के आसार हैं। कई इलाकों में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

भट्टी की तरह तप रहा राजस्थान

राजस्थान के अधिकांश जिलों में शुक्रवार को तेज गर्मी का दौर जारी रहा। प्रदेश के एक दर्जन जिले भट्टी की तरह तपते रहे । प्रदेश के बाड़मेर एवं जैसलमेर जिलों में शुक्रवार को 47 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर व चूरू जिलों में 46 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया है। बीकानेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर सहित एक दर्जन जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। श्रीगंगानगर में गु्रुवार को 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। बाड़मेर,जैसलमेर सहित कई स्थानीय निकायों ने लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए टैंकरों से सड़कों पर पानी का छिड़काव करवाया गया ।

लू से झुलसा पंजाब

पंजाब में भी लू के बीच भीषण गर्मी पड़ी। लुधियाना सबसे गर्म रहा। यहां समराला में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राजधानी चंडीगढ़ सहित पांच शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग ने 23 मई तक लू चलने को लेकर आरेंज अलर्ट भी जारी किया है।

हरियाणा में स्कूलों के समय में बदलाव

हरियाणा सरकार ने प्रदेश में हीट वेव का असर देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। स्कूलों की नई समय सारिणी शनिवार से ही लागू होगी और 31 मई तक जारी रहेगी। एक जून से स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। विद्यालय शिक्षा निदेशालय की तरफ से जारी निर्देशों के अनुसार राज्य में सिंगल शिफ्ट वाले स्कूल सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे। दोहरी शिफ्ट वाले स्कूल सुबह सात बजे से सुबह 11.30 बजे तक और दूसरी शिफ्ट 11.45 से शाम 4.15 तक लगेगी।

दक्षिण के राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

इसी तरह, दक्षिण के राज्यों के लिए मौसम विभाग ने कहा कि अगले पांच दिनों में तमिलनाडु, केरल और दक्षिण कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आगे कहा कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 23 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

बाहर निकलने से बचें

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लोग बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर जाएं। अधिक समय तक सीधे सूरज के प्रकाश में रहने पर लू का खतरा है।

यह भी पढ़ेंः हरियाणा में चलती बस में 10 श्रद्धालु जिंदा जले, मथुरा-वृंदावन से लौटते समय एक्सप्रेस-वे पर हादसा

भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi  के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्‍शन

What’s your Reaction?
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0
+1
0

You may have missed