वेंकैया नायडू को पद्म विभूषण, राम नाईक व मिथुन चक्रवर्ती को पद्म भूषण; 132 हस्तियों को पद्म सम्मान

नई दिल्ली, BNM News: विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान करने वाले 132 लोगों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। इनमें पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, तेलुगु अभिनेता चिरंजीवी, प्रसिद्ध अभिनेत्री वैजन्तीमाला एवं सुलभ फाउंडेशन के संस्थापक व सामाजिक कार्यकर्ता बिंदेश्वरी पाठक (मरणोपरांत) समेत 5 लोगों को पद्म विभूषण और अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, भाजपा के वरिष्ठ नेता राम नाईक, तमिलनाडु के नेता व अभिनेता विजयकांत समेत 17 लोगों को पद्म भूषण और 110 लोगों को पद्मश्री पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।
पद्म विभूषण से सम्मानित चार हस्तियां दक्षिण भारत से
अहम बात यह है कि जिन पांच लोगों को पद्म विभूषण से सम्मानित करने का फैसला किया गया है कि उनमें से चार दक्षिण भारत से आते हैं। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और अभिनेता चिरंजीवी आंध्र प्रदेश से और फिल्म अभिनेत्री वैजन्तीमाला बाली व विजयकांत तमिलनाडु से आते हैं। इसी तरह से कला क्षेत्र से पद्म विभूषण पाने वाली पद्मा सुब्रमण्यम भी तमिलनाडु से आती हैं। बिहार से आने वाले बिंदेश्वरी पाठक को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। पद्म विभूषण में दक्षिण भारत के वर्चस्व को भाजपा के वहां पैर जमाने की कोशिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
मिथुन चक्रवर्ती के साथ उषा उथुप को भी पद्म भूषण
इसी तरह बंगाल से प्रसिद्ध अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के साथ गायिका उषा उथुप को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया गया है। पिछले दिनों दिवंगत हुए अभिनेता विजयकांत को पद्म भूषण से सम्मानित करने को भी बंगाल और तमिलनाडु में राजनीतिक समीकरण साधने की कोशिश के रूप मे देखा जा रहा है। पद्म भूषण से सम्मानित अन्य लोगों में सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला जज दिवंगत एम. फातिमा बीवी, बांबे समाचार के मालिक हार्मुसजी एन. कामा और ताइवान के फाक्सकान के चेयरमैन यंग लियू भी शामिल हैं।
बोपन्ना पर चिनप्पा को पद्मश्री
भारत के टेनिस स्टार रोहन बोपन्ना और वरिष्ठ स्क्वाश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा के अलावा खेल जगत से पांच अन्य लोगों को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है। अन्य हस्तियों में हाकी खिलाड़ी हरबिंदर सिंह, तीरंदाज पूर्णिमा महतो, पैरा ओलिंपिक कोच गौरव खन्ना, पैरा स्विमर सतेंद्र सिंह लोहिया शामिल हैं।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन