Parliament Attack: जानें कौन हैं चार युवक- युवती, जिन्होंने संसद को किया धुआं-धुआं, धमाके का बताया कारण

नई दिल्ली, बीएनएम न्यूज। Parliament Attack: लोकसभा में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला, जब सदन की कार्यवाही के बीच दो युवक सदन में कूद आए और धुआं बम से स्प्रे करने लगे। लोकसभा के अंदर हंगामा करने वालों की पहचान डी मनोरंजन और सागर शर्मा के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस ने संसद भवन के बाहर से नीलम कौर नाम की युवती और अमोल नाम के शख्स को भी हिरासत में लिया है। दिल्ली पुलिस और इंटलिजेंस ब्यूरो (आईबी) चारों ही युवकों से पूछताछ कर रही है।

कर्नाटक के एमपी विजिटर पास से दाखिल हुए आरोपी

ये शख्स कर्नाटक के मैसूरु से भाजपा के सांसद प्रताप सिम्हा के नाम से जारी विजिटर पास से संसद भवन के अंदर दाखिल हुए थे। सागर लखनऊ का रहने वाला बताया जा रहा है और इंजीनियरिंग का छात्र है। इसके साथ ही लोकसभा में कूदने वाला दूसरा शख्स मनोरंजन पेशे से इंजीनियर बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कर्नाटक के बेंगलुरु के रहने वाले मनोरंजन और सागर की फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। इन लड़कों के साथ ही पुलिस ने महाराष्ट्र के लातूर निवासी अनमोल और हरियाणा के हिसार की रहने वाली युवती नीलम को संसद भवन के बाहर से गिरफ्तार किया है। ये दोनों संसद भवन के बाहर रंगीन धुंआ फैलाकर प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे थे।

संसद को क्यों बनाया निशाना?

संसद भवन के बाहर से पकड़ी गई नीलम ने पत्रकारों को बताया कि हम किसी भी संगठन से जुड़े हुए नहीं हैं। युवती ने कहा कि भारत सरकार हम जैसे युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। हमें अपनी बात कहने का कोई और रास्ता नहीं है। हम किसी संगठन से नहीं है। देश के बेरोजगार है। जब भी हम अपनी बात करते हैं तो हमारे ऊपर लाठी बरसाई जाती है और हमें जेल के अंदर टॉर्चर किया जाता है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने क्या कहा

घटना पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि शून्यकाल के दौरान हुई घटना की लोकसभा संपूर्ण जांच कर रही है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस को भी जरूरी निर्देश दे दिए गए हैं। प्राथमिक जांच के अनुसार यह सिर्फ साधारण धुआं था, इसलिए यह धुआं चिंता का विषय नहीं।

कैसे दिया घटना को अंजाम

2001 में संसद भवन पर हुए आतंकी हमले की बरसी के दिन एक बार फिर संसद भवन की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। लोकसभा की कार्रवाई के दौरान दो शख्स दर्शक दीर्घा से सदन के अंदर कूद गए थे। दोनों शख्स सांसदों की कुर्सी और मेज के ऊपर चढ़कर उत्पात करने लगे। उस समय भाजपा सांसद खगेन मुर्मू अपना पक्ष सदन के पटल पर रख रहे थे। इसके बाद दोनों शख्स ने जूते से धुआं बम निकाला और पूरे सदन में धुआं-धुआं कर दिया।

 

You may have missed