पीएम मोदी ने लड़की को उपहार में दिया अपना शाल, जानें उसकी किस प्रतिभा से हुए प्रभावित
दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के नई दिल्ली स्थित आवास पर पोंगल उत्सव मनाया। इस दौरान उन्होंने मुरुगन के आवास पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आनंद लिया, जिसमें एक लड़की ने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ गाना इतने मधुर तरीके से गाया कि पीएम मोदी काफी प्रभावित हुए। गाना खत्म होने के बाद पीएम मोदी ने लड़की को अपने पास बुलाया। उन्होंने विशेष भावों से समां बांधने वाली लड़की को अपना शाल उपहार में दे दिया।
पोंगल एक भारत श्रेष्ठ भारत की राष्ट्रीय भावना को दर्शाता है
उन्होंने कहा कि देश ने कल लोहड़ी का त्योहार मनाया। कुछ लोग आज मकर संक्रांति मना रहे हैं और कुछ लोग कल मनाएंगे। माघ बिहू भी आ रहा है। मैं देशवासियों को इन त्योहारों की शुभकामनाएं देता हूं। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पोंगल एक भारत श्रेष्ठ भारत की राष्ट्रीय भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यही भावनात्मक जुड़ाव काशी-तमिल संगमम और सौराष्ट्र-तमिल संगमम में भी देखने को मिला।
सभी लोगों के जीवन में खुशी, समृद्धि और संतुष्टि की कामना की
केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन के नई दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित पोंगल समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि तमिलनाडु के हर घर में उत्सव का उत्साह देखा जा रहा और सभी लोगों के जीवन में खुशी, समृद्धि और संतुष्टि की कामना की। प्रधानमंत्री ने कोलम (रंगोली) के साथ भारत की विविधता की समानता बताते हुए कहा कि जब देश का हर कोना एक-दूसरे के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ता है, तो देश की ताकत एक नए रूप में दिखाई देती है।
मोटे अनाज और तमिल परंपराओं के बीच संबंध जोड़ा
प्रधानमंत्री ने कहा कि एकता की यही भावना 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिये सबसे बड़ी ताकत है। मैंने लाल किले से जिस पंच प्रण का आह्वान किया था, उसका मुख्य तत्व देश की एकता को ऊर्जा देना और एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि पोंगल के दौरान नई फसल को भगवान को समर्पित किया जाता है और इस उत्सव के केंद्र में अन्नदाता किसान होते हैं। मोटे अनाज और तमिल परंपराओं के बीच संबंध पर आधारित अपने एक भाषण को याद करते हुए, उन्होंने खुशी व्यक्त की कि सुपरफूड श्री अन्न (मोटे अनाज) के बारे में एक नई जागरूकता आई है और कई युवाओं ने मोटे अनाज पर स्टार्ट
अप उद्यम शुरू किया है।