जौनपुर से लोकसभा की तैयारी, IAS रहे एक्टर अभिषेक सिंह ने चलाई अयोध्या के लिए स्पेशल बस

जौनपुर, BNM News: Ayodhya Ram Mandir: आईएएस से वीआरएस लेकर अभिनेता बने अभिषेक सिंह अब अयोध्या के लिए स्पेशल फ्री बस सेवा लेकर आए हैं। चर्चाओं का बाजार गर्म है कि क्या अभिषेक सिंह जौनपुर से लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं? लंबे समय से उनके राजनीति में आने की अटकलें लग रही हैं। माना जा रहा है कि जौनपुर के रहने वाले अभिषेक सिंह यहीं से लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं। अभिषेक सिंह ने पिछले साल आईएएस से इस्तीफा दे दिया और एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। हालांकि, तभी से उनके राजनीति में भी उतरने की चर्चा भी थी।
फोटो- अभिषेक सिंह अपनी पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल के साथ।
सोशल मीडिया पर काफी चर्चित रहे हैं अभिषेक
ज्ञात हो कि गुजरात विधानसभा चुनाव में प्रेक्षक ड्यूटी के दौरान कार के आगे फोटो खिंचवा कर इंटरनेट मीडिया पर डालने के कारण आइएएस अधिकारी अभिषेक सिंह चर्चा में आए थे। 2011 बैच के आइएएस अधिकारी रहे अभिषेक सिंह मूलत: जौनपुर के निवासी हैं। उनकी पत्नी दुर्गा शक्ति नागपाल आइएएस अधिकारी हैं। वह यूपी में कई जिलों में डीएम रह चुकी हैं। उनके पिता भी रिटायर्ड आइएएस रह चुके हैं। अभिषेक सिंह ने सिंगर बी प्राक के गाने ‘दिल तोड़ के’ में अभिनय किया, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था। उन्होंने कई शॉर्ट फिल्मों में भी एक्टिंग की है। इंस्टाग्राम पर उन्हें 50 लाख से ज्यादा लोग उन्हें फालो करते हैं। उनके इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर शाहरुख खान, सलमान खान, जैकलीन फर्नांडिस, बी प्राक, बादशाह और जुबिन नौटियाल जैसे जाने-माने सेलिब्रिटीज के साथ उनकी तस्वीरें देखी जा सकती हैं।
अयोध्या के लिए फ्री बस
सोशल मीडिया पर शेयर हुई जानकारी के अनुसार अभिषेक सिंह ने एक बस सेवा शुरू की है। इसके जरिए मुफ्त में भक्तों को अयोध्या रामलला के दर्शन के लिए ले जाया जाएगा। ये बस सेवा चौकिया धाम से अयोध्या के लिए होगी। इसकी बुकिंग शुरू की गई है। सोशल मीडिया पर इसकी बुकिंग के लिए व्हाट्सएप नंबर भी दिया गया है। 7800011101 पर व्हाट्सएप कर भक्त इस बस में पंजीकरण करवा सकते हैं। इन बसों का नाम जौनपुर निषाद रथ रखा गया है। हर दिन जौनपुर से 5 बसें चलाई जाएंगी।
ये होगा कार्यक्रम
जौनपुर से अयोध्या के लिए चलने वाली बसें एक दिन में ही रामलला के दर्शन करवाकर भक्तों को वापस लाएंगी। इसमें भक्तों को मुफ्त में रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। बसें सुबह 7 बजे जौनपुर से निकलेंगी और 10 बजे अयोध्या पहुंचेंगी। 10 से 4 बजे अयोध्या में राम लला के दर्शन और भ्रमण का समय दिया जाएगा। इसके बाद 4 बजे बस वापसी जौनपुर के लिए निकलकर रात 10 बजे पहुंचेगीं।
फोटो- अभिषेक सिंह महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का स्वागत करते हुए।
आखिर किस दल से चुनाव में उतरेंगे अभिषेक
अभिषेक सिंह के चुनाव में आने की चर्चा उनके आईएएस पद से इस्तीफे के बाद से बढ़ गई है। हालांकि, उन्होंने इस पर कोई हामी नहीं भरी है। मीडिया के पूछने पर उन्होंने इससे इनकार भी नहीं किया। अभिषेक सिंह किस दल से चुनाव में उतर सकते हैं ये तय नहीं है लेकिन अभिषेक जौनपुर से लड़ेंगे, इस पर चर्चा जोरों पर है। आपको बता दें कि जौनपुर में पिछले साल अभिषेक सिंह ने भव्य गणेशोत्सव का भी आयोजन किया था जिसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी शामिल हुए थे। जिसमें मुंबई से आए कुछ फिल्म कलाकार भी शामिल हुए थे। इस कार्यक्रम को उनके अगले लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा था।
भारत न्यू मीडिया पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज, Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट , धर्म-अध्यात्म और स्पेशल स्टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें इंडिया सेक्शन